पहले RTO इंस्पेक्टर मीनाक्षी गोखले के सिर पर हथौड़ा मार कर की हत्या, फिर खुद फांसी लगाकर युवक ने दी जान, भोपाल में प्रेम कहानी का खूनी अंत
पवन मीनाक्षी से शादी करना चाहता था लेकिन मीनाक्षी शादी के लिए तैयार नहीं थी। मीनाक्षी के पिता ने दोनों की अलग जाति होने के कारण उन्होंने शादी से इनकार किया था। आशंका है कि इसी बात को लेकर दोनों के बीच लगातार विवाद चल रहा था।
- भारत
- 3 min read

सत्य विजय सिंह की रिपोर्ट
भोपाल की लेकपर्ल कॉलोनी में आरटीओ इंस्पेक्टर मीनाक्षी गोखले की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। दतिया में पदस्थ 45 साल की मीनाक्षी का शव उनके प्रेमी पवन कुमार द्विवेदी के घर में मिला। सिर पर हथौड़े से हमला कर मीनाक्षी की हत्या की गई और वारदात के बाद आरोपी पवन ने घर से कुछ दूरी पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस की शुरुआती जांच में शादी को लेकर हुए विवाद के बाद हत्या की वजह सामने आई है।
सिर पर हथौड़े से वार कर हत्या
भोपाल के खजूरी थाना क्षेत्र के लेकपर्ल कॉलोनी में सोमवार सुबह एक मकान में आरटीओ इंस्पेक्टर मीनाक्षी गोखले का खून से सना शव मिला। मीनाक्षी दतिया में आरटीओ इंस्पेक्टर के पद पर पदस्थ थीं। उनके सिर पर चोट के निशान थे और शव के पास ही खून से सना हथौड़ा पड़ा था। घर के आंगन में हथौड़े से सिर पर वार कर हत्या की गई। फिर शव को घसीट कर घर के अंदर ले जाया गया।
दोस्त के साथ पहुंची थी आरोपी के घर
मीनाक्षी रविवार शाम करीब सात बजे अपनी दोस्त कृतिका के साथ पवन कुमार द्विवेदी के घर पहुंची थीं। रात में कृतिका मीनाक्षी की तीन साल की बेटी के साथ अंदर वाले कमरे में सो गई। सोमवार सुबह करीब सात बजे जब कृतिका उठी तो बाहर वाले कमरे में मीनाक्षी का शव पड़ा था। जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। जांच में सामने आया है कि पवन पिछले करीब नौ महीने से इसी कॉलोनी में रह रहा था। वह कॉलोनी के लोगों को मीनाक्षी को अपनी पत्नी और बच्ची को दोनों की बेटी बताता था।
Advertisement
पवन मीनाक्षी से शादी करना चाहता था लेकिन मीनाक्षी शादी के लिए तैयार नहीं थी। मीनाक्षी के पिता ने दोनों की अलग जाति होने के कारण उन्होंने शादी से इनकार किया था। आशंका है कि इसी बात को लेकर दोनों के बीच लगातार विवाद चल रहा था। आशंका है कि रविवार देर रात इसी विवाद के बाद पवन ने मीनाक्षी के सिर पर हथौड़े से हमला कर दिया।
युवक का फंदे से लटकी मिली लाश
वारदात के बाद पवन घर से करीब 20 मीटर दूर गया। वहां पेड़ पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस को पवन की जेब से बैंक पासबुक भी मिली है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है और FSL की टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। मीनाक्षी और पवन की मुलाकात इंदौर में हुई थी। पवन मूल रूप से सीधी का रहने वाला था और इंदौर में कोचिंग क्लासेस चलाता था। उस समय मीनाक्षी अविवाहित थीं और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थी। करीब दो साल पहले मीनाक्षी का अपने पति से तलाक हो चुका था। अब पुलिस इस पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ रही है।