अपडेटेड 24 February 2025 at 13:19 IST
'मध्य प्रदेश में निवेश का यह सही समय', MP ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में बोले PM मोदी
PM मोदी ने कहा कि पिछले दो दशकों में मध्यप्रदेश में काफी बदलाव हुए हैं। मोदी ने कहा कि यहां बिजली-पानी से जुड़ी समस्याएं थीं और कानून-व्यवस्था और भी बदतर थी।
- भारत
- 3 min read

PM Modi in Madhya Pradesh: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को कहा कि मजबूत प्रतिभाओं तथा फलते-फूलते उद्योगों के साथ मध्यप्रदेश एक पसंदीदा व्यापार स्थल बन रहा है और राज्य में निवेश करने का यह सही समय है। निवेशकों और उद्योगपतियों के लिए राज्य की असीम संभावनाओं को प्रदर्शित करने के लिए भोपाल में आयोजित ‘निवेश मध्य प्रदेश - वैश्विक निवेशक शिखर सम्मेलन 2025’ का उद्घाटन करने के बाद मोदी ने यह बात कही।
विश्व बैंक ने हाल ही में अपनी ‘वैश्विक आर्थिक संभावना’ रिपोर्ट में कहा है कि भारत अगले दो वर्षों तक सबसे तेजी से बढ़ने वाली प्रमुख अर्थव्यवस्था बना रहेगा। प्रधानमंत्री मोदी ने साथ ही कहा कि विनियमन आयोग राज्यों में निवेश के अनुकूल नियामक परिवेश बनाने में मदद करेगा। उन्होंने कहा कि भारत वैश्विक ‘एयरोस्पेस’ कंपनियों के लिए शीर्ष आपूर्ति श्रृंखला के रूप में उभर रहा है। मोदी ने कहा कि कपड़ा, पर्यटन और प्रौद्योगिकी क्षेत्र में आने वाले वर्षों में करोड़ों नौकरियां सृजित होंगी।
PM मोदी ने लॉन्च की 18 नई नीतियां
प्रधानमंत्री ने मध्य प्रदेश सरकार की 18 नई नीतियों का भी अनावरण किया, जिनका उद्देश्य भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) शासित राज्य में बड़े पैमाने पर निवेश आकर्षित करना है। मोदी ने कहा, ‘‘ बेहतरीन प्रतिभाओं और संपन्न उद्योगों के साथ, मध्य प्रदेश एक पसंदीदा व्यवसाय स्थल बन रहा है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘ मध्य प्रदेश में ‘डबल इंजन’ सरकार बनने के बाद विकास की गति दोगुनी हो गई है।’’
मोदी ने कहा कि मध्य प्रदेश भारत में इलेक्ट्रिक वाहन क्षेत्र में क्रांति लाने वाले अग्रणी राज्यों में से एक है। उन्होंने साथ ही कहा कि देश में स्वास्थ्य और कल्याण के क्षेत्र में अनेक अवसर हैं।
Advertisement
PM मोदी ने बताया MP में कैसे बदले हालात?
प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले दो दशकों में मध्यप्रदेश में काफी बदलाव हुए हैं। मोदी ने कहा कि यहां बिजली-पानी से जुड़ी समस्याएं थीं और कानून-व्यवस्था और भी बदतर थी। ऐसे में औद्योगिक विकास मुश्किल था। लेकिन पिछले 20 वर्ष में लोगों के सहयोग से भाजपा की प्रदेश सरकार ने शासन पर ध्यान केंद्रित किया।
मोदी ने कहा कि दो दशक पहले लोग यहां (मध्यप्रदेश में) निवेश करने से दूर रहते थे और अब यह निवेश के लिए देश के शीर्ष राज्यों में से एक है। उन्होंने कहा कि कुछ दिन पहले जलवायु परिवर्तन पर संयुक्त राष्ट्र के एक संगठन ने भारत को ‘‘ सौर ऊर्जा महाशक्ति ’’ कहा था। मोदी ने कहा, ‘‘ इस संगठन ने यह भी कहा कि जहां कई देश सिर्फ बातें करते हैं, वहीं भारत परिणाम देता है।’’
Advertisement
5 वर्ष में राज्य की अर्थव्यवस्था को दोगुना करने के लिए प्रतिबद्ध- CM
इस अवसर पर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि यह आयोजन मध्यप्रदेश एक प्रमुख वैश्विक निवेश गंतव्य के रूप में पहचान दिलाएगा। यादव ने कहा कि उनकी सरकार अगले पांच वर्ष में राज्य की अर्थव्यवस्था को दोगुना करने के लिए प्रतिबद्ध है। यह 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने के लिए देश की प्रतिबद्धता का हिस्सा है।
उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश ने भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने की अपनी प्रतिबद्धता के तहत 2025 को उद्योगों तथा रोजगार के वर्ष के रूप में मनाने का फैसला किया है।
(Note: इस भाषा कॉपी में हेडलाइन के अलावा कोई बदलाव नहीं किया गया है)
Published By : Ruchi Mehra
पब्लिश्ड 24 February 2025 at 13:19 IST