MP: हाईटेंशन तार की चपेट में आया ताजिया, 3 की मौत, कई घायल; रतलाम में मुहर्रम जुलूस में बड़ा हादसा
रतलाम जिले के पिपलोदा क्षेत्र में मुहर्रम पर निकाले गए जुलूस में बड़ा हादसा हो गया। एक ताजिया हाईटेंशन तार की चपेट में आ गया। हादसे में 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं।
- भारत
- 2 min read
मध्य प्रदेश के रतलाम में मुहर्रम पर निकाले गए जुलूस में बड़ा हादसा हो गया। पिपलोदा इलाके में एक ताजिया हाईटेंशन तार की चपेट में आ गया। हादसे में 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे है। गंभीर रूप झुलसे कुछ लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। ताजिया लगभग 10 फीट ऊंचा था। हाईटेंशन तार से टच होते ही पूरे ताजिया में करंट फैल गया।
रतलाम जिले के जावरा-पिपलोदा क्षेत्र के ग्राम हतनारा में यह घटना हुई है। मुहर्रम के ताजिया जुलूस के दौरान यह दर्दनाक हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार ताजिया निकालते समय उसकी ऊपरी छत हाईटेंशन बिजली लाइन से टकरा गई, जिससे पूरे ताजिए में करंट फैल गया।हादसे में कुल 12 लोग करंट की चपेट में आ गए। हादसे में तीन लोगों की मौत की पुष्टि हो गई है। वहीं, बड़ी संख्या में लोग घायल भी बताए जा रहे हैं।
हाईटेंशन तार की चपेट में आया ताजिया
पुलिस ने बताया कि लगभग 10 फीट ऊंचा ताजिया पंचमुखी महादेव मंदिर के समीप से गुजर रहा था, तभी वह 11 केवी हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आ गया। घायलों को पुलिस और ग्रामीणों की मदद से तत्काल रतलाम मेडिकल कॉलेज भेजा गया। रास्ते में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि घायलों का उपचार जारी है। जिसमें कुछ की हालत गंभीर है।
मुहर्रम के जुलूस में पसरा मातम
बताया जा रहा है कि जुलूस में लगभग 200 लोग शामिल थे। लोग पूरे उत्साह और अकीदत के साथ ताजिया लेकर आगे बढ़ रहे थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक और सदमे का माहौल है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। प्रशासन द्वारा घायलों की स्थिति और हादसे के कारणों की विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।