अपडेटेड 13 January 2025 at 13:21 IST
QR Code Scam: रातों-रात बदल दिए कई दुकानों के क्यूआर कोड और फिर... MP में ऑनलाइन ठगी का अनोखा मामला, घटना CCTV में कैद
सुबह दुकानें खुलने पर जैसे ही ग्राहकों ने ऑनलाइन पेमेंट करनी शुरू की तो दुकानदारों को किए जा रहे भुगतान ठगों के खाते में जाने लगे।
- भारत
- 2 min read
Madhya Pradesh News: मध्य प्रदेश के छतरपुर से ऑनलाइन ठगी का हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। शातिर ठगों ने नया तरीका निकाला है। उन्होंने रातों-रात दर्जनों दुकानों के QR कोड ही बदल डाले। जिसके बाद कई दुकानदारों की पेमेंट ठगों के खातों में जाने लगी।
ठगों की जालसाजी की यह करतूत CCTV में कैद हो गई, जिसके बाद पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
दुकानों में घुसकर बदले QR कोड
मामला छतरपुर के खजुराहो का है, जहां पेट्रोल पंप के बाहर लगे करीब आधा दर्जन दुकानों के ऑनलाइन पेमेंट स्कैनर्स को ठगों ने रातों-रात बदल दिया। सुबह दुकानें खुलने पर जैसे ही ग्राहकों ने ऑनलाइन पेमेंट करनी शुरू की तो दुकानदारों को किए जा रहे भुगतान ठगों के खाते में जाने लगी।
महिला की सतर्कता ने बड़ा नुकसान होने से बचाया
हालांकि इस दौरान राजेश मेडिकल स्टोर्स की मालिक ओमवती गुप्ता की सतर्कता से वहां बड़ी ठगी होने से बच गई। उन्होंने बताया कि मेरी दुकान पर सुबह ग्राहक ने पेमेंट किया तो उसने बताया कि आपके QR कोड स्कैन करने पर नाम बदला हुआ आ रहा है। इसके बाद उन्होंने ग्राहक को दूसरा नंबर दिया और उस स्कैनर को निकालकर हटा दिया।
Advertisement
फिर दुकान में लगे CCTV को खंगाला गया, जिसमें शातिर ठगों की यह करतूत रिकॉर्ड हो गई। CCTV में देखने मिला कि तीन लड़के मुंह कवर करके दुकान में घुसे और उन्होंने QR स्कैनर बदल दिया। महिला की सतर्कता के बाद यह बात अन्य दुकानदारों को भी पता चली गई, जिससे काफी हद तक नुकसान होने से बचाव हो गया।
एक कर्मचारी ने बताया कि किसी ने रात में हमारे पेट्रोल पंप पर भी QR के ऊपर QR कोड चिपका दिया था। जब हम सुबह पेट्रोल पंप पर आए तो कुछ ग्राहकों ने पैसे ट्रांसफर किए। जब अकाउंट में वो नहीं आए तो हमने स्कैनर चेक किया। उसमें छोटू तिवारी करके नाम आ रहा था। हमने स्कैनर को फेंक दिया।
Advertisement
ठगों की तलाश में जुटी पुलिस
QR कोड बदलकर व्यापारियों को ठगने का यह मामला पुलिस के संज्ञान में आ चुका है। खजुराहो थाना प्रभारी अतुल दीक्षित ने बताया कि मामले में अबतक किसी व्यापारी ने शिकायती आवेदन नहीं दिया हैं। लेकिन मामले की मामले में जांच की जाएगी और ठग जल्द पुलिस की गिरफ्त में होंगे।
Published By : Ruchi Mehra
पब्लिश्ड 13 January 2025 at 13:21 IST