अपडेटेड 21 October 2024 at 23:02 IST
MP Assembly Bypoll: सपा ने बुधनी सीट से कांग्रेस के खिलाफ अर्जुन आर्य को उम्मीदवार बनाया
कांग्रेस ने पूर्व मंत्री राजकुमार पटेल को सीहोर जिले के बुधनी निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा के पूर्व सांसद रमाकांत भार्गव के खिलाफ मैदान में उतारा है।
- भारत
- 2 min read

समाजवादी पार्टी (सपा) ने सोमवार को मध्यप्रदेश में बुधनी उपचुनाव के लिए कांग्रेस उम्मीदवार के खिलाफ अर्जुन आर्य को अपना प्रत्याशी बनाया। सपा ने दावा किया कि कांग्रेस ने गठबंधन करने के उसके प्रयासों को नजरअंदाज कर दिया। आर्य ने 2018 के विधानसभा चुनाव से पहले सपा से नाता तोड़ लिया था और कांग्रेस में शामिल हो गए थे। समाजवादी पार्टी ने कहा कि उन्होंने 14 अक्टूबर को पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात की थी और फिर कांग्रेस से इस्तीफा देकर सपा में शामिल हो गए।
कांग्रेस ने पूर्व मंत्री राजकुमार पटेल को सीहोर जिले के बुधनी निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा के पूर्व सांसद रमाकांत भार्गव के खिलाफ मैदान में उतारा है। पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा विदिशा से लोकसभा चुनाव लड़ने के लिए बुधनी के विधायक के रूप में इस्तीफा देने के बाद उपचुनाव की आवश्यकता उत्पन्न हुई। वैसे एक सपा नेता ने कहा कि सपा विजयपुर निर्वाचन क्षेत्र से उपचुनाव नहीं लड़ेगी।
सोमवार शाम सपा की ओर से जारी विज्ञप्ति में बताया गया कि अखिलेश यादव ने 13 नवंबर को बुधनी विधानसभा क्षेत्र में होने वाले उपचुनाव के लिए अर्जुन आर्य को उम्मीदवार बनाया है। कांग्रेस ने रविवार रात को विजयपुर विधानसभा क्षेत्र से आदिवासी नेता मुकेश मल्होत्रा को उम्मीदवार बनाने की घोषणा की, जिनका मुकाबला वन मंत्री रामनिवास रावत से होगा। रावत कांग्रेस से भाजपा में शामिल हुए थे। रावत के पार्टी छोड़ने के कारण विजयपुर सीट पर उपचुनाव हो रहा है।
फोन पर संपर्क किए जाने पर सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता यश भारतीय ने स्वीकार किया कि प्रदेश अध्यक्ष मनोज यादव ने चार दिन पहले कांग्रेस नेता जीतू पटवारी से उनके आवास पर मुलाकात की थी, लेकिन चार दिनों तक गठबंधन पर संतोषजनक जवाब नहीं मिल पाया। उन्होंने कहा, "हम उपचुनाव के लिए दो सीट में से एक पर चुनावी गठबंधन चाहते थे।" गौरतलब है कि सपा उम्मीदवार मिर्ची बाबा पिछले विधानसभा चुनाव में बुधनी विधानसभा क्षेत्र से करीब 150 वोट हासिल करने के बाद अपनी जमानत जब्त करा बैठे थे। यह तीसरी बार है जब सपा और कांग्रेस के बीच चुनावी गठबंधन नहीं हो सका।
Advertisement
Published By : Ravindra Singh
पब्लिश्ड 21 October 2024 at 23:01 IST