'बाहर पीने वाले पतियों से कहें शराब घर में पिए', नशा मुक्ति के तहत मंत्री की महिलाओं को सलाह
28 जून को भोपाल में नशा मुक्ति अभियान के तहत मंत्री जी ने जन जागरुकता रथ को हरी झंडी दिखाई। इसके बाद उन्होंने वहां उपस्थित लोगों को संबोधित किया।
- भारत
- 2 min read

मध्य प्रदेश के सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण मंत्री नारायण सिंह कुशवाह का नशा मुक्ति को लेकर एक अजीबोगरीब बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में मंत्री जी पत्नियों को पति की शराब छुड़ाने के नुस्खे बताते हुए दिखाई दे रहे हैं। इस वीडियो में वो एक सार्वजनिक मंच से लोगों को संबोधित करते हुए कह रहे हैं कि अगर वो अपने पतियों की शराब छुड़वाना चाहती हैं तो उनसे कह दें कि वो बाहर शराब पीना बंद कर दें और शराब लेकर घर आएं वहां बैठकर पिएं।
28 जून को भोपाल में नशा मुक्ति अभियान के तहत मंत्री जी ने जन जागरुकता रथ को हरी झंडी दिखाई। इसके बाद उन्होंने वहां उपस्थित लोगों को संबोधित किया। अपने संबोधन के दौरान मंत्री जी कुछ ऐसा बोल गए कि उनका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा। उन्होंने शराब पीने वालों की पत्नियों से कहा कि अगर वो अपने पति की शराब की लत छुड़ाना चाहती हैं तो वो उन्हें घर में लाकर शराब पीने को कहें। अगर वो पत्नी और बच्चों के सामने शराब पिएंगे तो उन्हें शर्म आएगी और वो शराब छोड़ देंगे।
मंत्री जी ने बताया शराब छुड़ाने का प्रैक्टिकल तरीका
मंत्री जी ने कहा कि अगर माताओं और बहनों को अपने पतियों की शराब पीने की आदत को छुड़वानी है तो फिर वो घर पर उनसे शराब पीने को कहें। जब शराबी पति घर आकर अपनी बीवी बच्चों के सामने शराब पिएंगे तो उन्हें इस बात पर शर्म आएगी घर के बच्चे उनसे पूछेंगे कि वो क्यों शराब पी रहे हैं तब उन्हें बताएं कि आपकी इस आदत को बच्चे भी भविष्य में अपनाएंगे ये एक प्रैक्टिकल तरीका है शराब छुड़वाने का।