भोपाल में 'रक्तचरित्र'! गला रेत पत्नी, दो बच्चों और मां की हत्या फिर युवक ने पटरी पर लेटकर खुदकुशी...धड़ से अलग हुआ सिर; वारदात से हर कोई सन्न
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से एक सन्न कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक शख्स ने अपने ही परिवार के चार सदस्यों की हत्या की और फिर ट्रेन की पटरी पर लेटकर खुदकुशी कर ली।
- भारत
- 2 min read

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से एक सन्न कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक शख्स ने अपने ही परिवार के चार सदस्यों की हत्या की और फिर ट्रेन की पटरी पर लेटकर खुदकुशी कर ली। उसका सिर धड़ से अलग हो गया। जानकारी के मुताबिक परिवार के मुखिया यानी नरेंद्र साहू नाम के शख्स ने मां, पत्नी और दो मासूम बच्चों का बेरहमी से गला रेता, जिससे उनकी मौत हो गई।
इसके बाद, नरेंद्र साहू की लाश थाना सूखी सेवनिया क्षेत्र के चोपड़ा कलां स्थित रेलवे ट्रैक पर मिली है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई है। सूत्रों की मानें तो पुलिस की शुरुआती जांच से यह संकेत मिल रहे हैं कि नरेंद्र साहू (35) ने अपने दो बच्चों बेटी कृति साहू (10) और बेटे खुश साहू (6), पत्नी सोमलता साहू (29) और बुजुर्ग मां सरस्वती साहू (50) की हत्या करने के बाद ट्रेन के सामने आकर खुदकुशी की है।
रिश्तेदार की वजह से हुआ खुलासा
बताया जा रहा कि सोमवार सुबह परिवार के एक रिश्तेदार को नरेंद्र की मौत की सूचना मिली। वह परिजनों को सूचना देने मालीखेड़ी स्थित घर पहुंचे तो काफी देर तक आवाज लगाने पर दरवाजा नहीं खुला। फोन पर भी किसी से बात नहीं हो सकी। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा खोला और घर में शव देखे।
Advertisement
मकान मालिक रामसिंह (अस्टिटेंट लोको पायलट) ने पिछले साल सोमलता साहू को पांच हजार रुपये महीने पर किराए पर घर दिया था। उन्होंने बताया कि सोमलता का आधार कार्ड भी लिया था, सोमलता ने बताया था कि उनके पति बाहर नौकरी करते हैं और वह अपने सास और बच्चों के साथ रहती हैं। वह हर माह ऑनलाइन किराया भेज देती थीं।
पुलिस जांच के बाद स्पष्ट होगी घटना की वजह
Advertisement
एक ही परिवार के चार सदस्यों की हत्या और नरेंद्र की मौत की सूचना से इलाके में हड़कंप मच गया। भोपाल पुलिस घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाकर जांच कर रही है। फिलहाल सामूहिक हत्याकांड की आशंका शुरुआती जांच पर आधारित है। घटना का कारण, मौतों का क्रम और नरेंद्र की भूमिका जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।