MP: आउटर सिग्नल पर खड़ी मंगला एक्सप्रेस की छत पर चढ़ा शख्स, हाईटेंशन तार की चपेट में आकर बना आग का गोला; बुरी तरह झुलसा; कंपा देगा हादसे का VIDEO
इटारसी के पास मंगला एक्सप्रेस ट्रेन में उस वक्त चीख-पुकार मच गई, जब एक युवक ने अचानक ट्रेन की छत पर चढ़कर हाई-वोल्टेज ड्रामा शुरू कर दिया। बताया जा रहा है कि युवक का मानसिक संतुलन ठीक नहीं था। वह किसी तरह दौड़कर ट्रेन के ऊपर पहुंच गया, जिससे यात्रियों में हड़कंप मच गया।
- भारत
- 2 min read

मध्य प्रदेश के इटारसी में एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाला हादसा सामने आया है। यहां ग्वाल बाबा इलाके के पास खड़ी मंगला एक्सप्रेस की छत पर अचानक एक युवक चढ़ गया। छत पर चढ़ते ही वह ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गया। जोरदार करंट लगते ही युवक बुरी तरह झुलस गया और झटके के कारण ट्रेन की छत से सीधे नीचे जा गिरा। नीचे गिरते ही घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
मानसिक संतुलन बिगड़ने से हुआ हादसा
हादसे का शिकार हुए युवक की पहचान नेपाल के रहने वाले धन बहादुर के रूप में हुई है। वह अपनी पत्नी नेहा और दो मासूम बच्चों के साथ दिल्ली से गोवा की यात्रा कर रहा था। परिजनों के मुताबिक, दोपहर के वक्त अचानक धन बहादुर का मानसिक संतुलन बिगड़ गया। वह अपने होश खो बैठा और बिना सोचे-समझे ट्रेन की बोगी के ऊपर चढ़ गया, जिसके बाद यह भयानक हादसा हो गया।
गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर
करंट की चपेट में आने और ऊंचाई से नीचे गिरने के कारण युवक को गंभीर चोटें आई हैं। डॉक्टरों के अनुसार, हाईटेंशन लाइन के तेज करंट से उसका शरीर बुरी तरह झुलस गया है। वहीं, छत से नीचे पटकने की वजह से उसके पैर की हड्डी भी टूट गई है। स्थानीय अस्पताल में उसे तुरंत प्राथमिक इलाज दिया गया, लेकिन उसकी नाजुक और गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
सदमे में परिवार, जांच में जुटी पुलिस
इस अचानक आई मुसीबत से पीड़ित परिवार गहरे सदमे में है। अस्पताल में पत्नी नेहा और रोते-बिलखते छोटे बच्चों को देखकर वहां मौजूद हर शख्स की आंखें नम हो गईं। इस दिल दहला देने वाली घटना के बाद रेलवे पुलिस और स्थानीय प्रशासन अलर्ट हो गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और इस बात की बारीकी से जांच कर रही है कि युवक ट्रेन की छत तक कैसे पहुंचा और घटना के वक्त सुरक्षा व्यवस्था की क्या स्थिति थी।