MP Crime: नशे में पति रोज करता था मारपीट और झगड़ा, पत्नी ने भी मारी लाठी फिर पहुंची थाने, बोली- ‘वो कुछ बोल नहीं रहा…' पुलिस पहुंची तो मिली लाश
छतरपुर में 30 साल के युवक ही अचानक मौत हो गई, जिसके बाद परिवार वालों ने पत्नी और उसके भाई पर हत्या के गंभीर आरोप लगाए, जब पुलिस ने पूछताछ की तो पत्नी ने खुलासा किया कि, मृतक दीनदयाल अक्सर मारपीट करता था, उस दिन भी दोनों में विवाद हुआ। पत्नी ने खुद थाने पहुंचकर बताया था कि 'वो बोल नहीं रहा', पढ़ें पूरी खबर।
- भारत
- 2 min read

Chhatarpur Murder Case: छतरपुर की शिवनगर कॉलोनी में 30 साल के युवक की संदिग्ध मौत हो गई है। जिसके बाद मृतक के परिवार ने पत्नी और साले पर पीट-पीटकर हत्या के गंभीर आरोपी लगाए हैं। फिर पुलिस ने मामले की जांच करने के लिए पत्नी से पूछताछ करने शुरू की। पूछताछ में पत्नी ने बताया कि मृतक दीनदयाल मारपीट और झगड़ा करता था। मृतक दीनदयाल कुशवाहा अनगौर थाना गुलगंज का रहने वाला था, उसकी शादी नीलम कुशवाहा से करीब 12 साल पहले हुई थी और दोनों की दो संतानें हैं।
4 साल से मायके में रह रही थी पत्नी- परिवार
दीनदयाल के भाई ने पुलिस को बताया कि नीलम पिछले 4 साल से अपने मायके में रह रही थी। पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था और कोर्ट में केस विचाराधीन था। 13 जून को कोर्ट में पेशी तय थी। भाई का कहना है कि पहले भी धमकियां मिली थीं और नीलम के काम करने वाले लोगों ने दीनदयाल को फोन पर धमकी दी थी। परिवार न्याय की मांग कर रहा है।
'पत्नी नीलम ने गुस्से में लाठी-डंडे से किया वार'
दूसरी ओर मृतक की सास ने आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि दीनदयाल अक्सर शराब पीकर नीलम के साथ मारपीट करता था और मोहल्ले में भी विवाद करता था। घटना के दिन भी वह नशे में था और पत्नी के साथ मारपीट की। विवाद बढ़ने पर नीलम ने गुस्से में लाठी-डंडे से वार कर दिया, जिससे दीनदयाल गिर पड़ा।
पत्नी खुद पहुंची थाने, बोली- ‘वो बोल नहीं रहा’
पुलिस के मुताबिक, नीलम थाने पहुंची और बताया कि उसने पति के साथ मारपीट की है और अब वह बोल नहीं रहा है। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो युवक की मौत हो चुकी थी। पुलिस दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है, जिससे मौत का सही कारण पता चलेगा। फिलहाल यह साफ नहीं है कि मौत मारपीट, किसी अन्य कारण या आत्महत्या से हुई। पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है।