अपडेटेड 15 July 2024 at 17:35 IST

24 घंटे में लगे 11 लाख पौधे, गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड बनने पर अमित शाह ने इंदौर को दी बधाई

मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर पहले ही भारत का सबसे स्वच्छ शहर है और अब उसने एक दिन में 11 लाख पौधे लगाकर विश्व कीर्तिमान बना दिया है।

Follow : Google News Icon  
Indore world record of tree plantation
इंदौर में 24 घंटे में लगे 11 लाख पौधे | Image: PTI

भोपाल, 15 जुलाई (भाषा) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ‘‘एक टीम द्वारा 24 घंटे के भीतर सबसे अधिक पौधे लगाकर’’ गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में नाम दर्ज कराने पर इंदौर शहर को बधाई दी और कहा कि शहर में मां धरती मुस्कुरा रही हैं।

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने रविवार को कहा कि राज्य की आर्थिक राजधानी इंदौर पहले ही भारत का सबसे स्वच्छ शहर है और अब उसने एक दिन में 11 लाख पौधे लगाकर विश्व कीर्तिमान बना दिया है। यादव ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड का प्रमाण पत्र और उसे ग्रहण करने की तस्वीर भी साझा की।

अमित शाह ने दी बधाई

इससे पहले केंद्रीय मंत्री शाह ने रविवार को ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान में हिस्सा लिया था और इंदौर में एक पौधा रोपा था। शाह ने रविवार देर रात सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जारी पोस्ट में कहा, ‘‘बधाई इंदौर! इंदौर शहर ने एक दिन में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के अभियान ‘एक पेड़ मां के नाम’ के तहत 11 लाख पौधे रोप कर विश्व रिकॉर्ड बना दिया है। उन्होंने नजीर की पेश की है जिसका आने वाले सालों में लाखों लोगों द्वारा अनुकरण किया जाएगा। मां धरती इंदौर में मुस्कुरा रही हैं।’’

प्रधानमंत्री मोदी ने पांच जून को विश्व पर्यावरण दिवस के दिन ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान की शुरुआत की थी। शाह ने कहा कि इस अभियान के तहत देश भर में 140 करोड़ पौधे रोपे जाएंगे जिनमें से पांच करोड़ पौधे ‘भारत के फेफड़े’ मध्य प्रदेश में रोपे जाएंगे। गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड की वेबसाइट के अनुसार, 24 घंटे में सबसे अधिक पौधे लगाने का पिछला रिकॉर्ड 9,21,730 पौधों का था। उक्त रिकॉर्ड असम सरकार के वन विभाग ने उदलगुड़ी में 13 और 14 सितंबर, 2023 को बनाया था।

Advertisement

ये भी पढ़ें: 'नखरेबाज' IAS पूजा खेडकर मामले में बड़ा अपडेट, तीसरा मेडिकल सर्टिफिकेट बनवाने की थी कोशिश, लेकिन फिर...
 

Advertisement

Published By : Sagar Singh

पब्लिश्ड 15 July 2024 at 17:35 IST