गुजरात में मजदूरों पर गिरा ट्रक, एक बच्चे और तीन महिलाओं की मौत

मजदूर सड़क किनारे दीवार निर्माण के लिए मिट्टी खोद रहे थे, तभी रेत से भरे ट्रक के चालक ने नियंत्रण खो दिया और ट्रक वहां काम कर रही 3 महिलाओं और बच्चे पर गिर गया

  • Facebook Share Icon
  • Twitter Share Icon
  • WhatsApp Share Icon
 
Follow : Google News Icon
Truck falls on laborers in Gujarat
गुजरात में मजदूरों पर गिरा ट्रक | Image: PTI

पालनपुर, नौ फरवरी (भाषा) गुजरात के बनासकांठा जिले में रेत से भरा एक डंपर ट्रक पलट कर मजदूरों के एक समूह पर गिर गया, जिससे तीन महिलाओं और एक बच्चे की मौत हो गई। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक, यह घटना शनिवार शाम जिले के खेंगरपुरा गांव में उस समय हुई, जब वहां सड़क निर्माण का कार्य हो रहा था। मजदूरों का यह समूह सड़क निर्माण के कार्य में जुटा हुआ था।

पुलिस उपाधीक्षक एस.एम. वरोतरिया ने बताया कि डंपर एक संकरे रास्ते से गुजरने की कोशिश कर रहा था, उसी दौरान वह पलट गया तथा सड़क निर्माण कार्य में जुटी तीन महिला मजदूरों के एक समूह पर गिर गया। उन्होंने बताया कि इस घटना में एक बच्चे की भी मौत हो गई।

मिट्टी खोद रहते थे मजदूर

पुलिस उपाधीक्षक ने कहा, ‘‘ मजदूर सड़क के किनारे दीवार के निर्माण के लिए मिट्टी खोद रहे थे, तभी रेत से भरा एक ट्रक लापरवाही से संकरे मोड़ से गुजरने की कोशिश करने लगा। चालक ने ट्रक पर से नियंत्रण खो दिया और ट्रक वहां काम कर रही तीन महिलाओं और खेल रहे एक बच्चे पर गिर गया।’’

अधिकारियों के मुताबिक, क्रेन और बुलडोजर की मदद से ट्रक के नीचे फंसी महिलाओं और बच्चे को बाहर निकालने में करीब दो घंटे का समय लगा। अधिकारियों ने बताया कि इसके बाद चारों लोगों को सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। थराड के पुलिस निरीक्षक आर आर राठवा ने बताया कि जिस स्थान पर यह दुर्घटना हुई, वहां करीब 10 मजदूर काम कर रहे थे।

Advertisement

हिरासत में डंपर चालक 

उन्होंने बताया कि डंपर चालक को हिरासत में ले लिया गया है और उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है। थराड के सरकारी अस्पताल के चिकित्सा अधिकारी जयदीप त्रिवेदी ने बताया कि चार लोगों को जब अस्पताल लाया गया तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। उन्होंने बताया कि पुलिस को इस घटना के बारे में सूचित कर दिया गया है और शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।

अधिकारियों के अनुसार, मृतकों की पहचान रेणुकाबेन गनावा (24), सोनलबेन निनामा (22), इलाबेन भाभोर (40) और रुद्र (2) के रूप में हुई है।

Advertisement

ये भी पढ़ें: 'डूबते को तिनके का सहारा', 0 की हैट्रिक लगाने पर कांग्रेस नेता की सफाई, कहा- हमने बेहतर किया, AAP को ज्यादा नुकसान

Published By:
 Sagar Singh
पब्लिश्ड