पंजाब के मोगा में शिवसेना समूह के जिला अध्यक्ष की गोली मारकर हत्या

Punjab: पंजाब के मोगा में शिवसेना समूह के जिला अध्यक्ष की गोली मारकर हत्या कर दी गई है।

  • Facebook Share Icon
  • Twitter Share Icon
  • WhatsApp Share Icon
 
Follow : Google News Icon
Farmer sustains bullet injury during CISF practice session in UP
प्रतीकात्मक तस्वीर | Image: istock

Punjab: पंजाब के मोगा में शिवसेना समूह के एक जिला अध्यक्ष की गोली मारकर हत्या कर दी गई, जबकि हमले में एक नाबालिग घायल हो गया। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

‘पीटीआई-वीडियो’ के अनुसार, यह घटना बृहस्पतिवार रात को उस समय हुई जब संगठन की जिला इकाई के अध्यक्ष मंगत राय मंगा दूध खरीद रहे थे।

पुलिस ने बताया कि तीन अज्ञात लोगों ने रात करीब 10 बजे उन पर गोली चलाई, लेकिन गोली मंगा की जगह 12 वर्षीय एक लड़के को जा लगी।

उसने बताया कि मंगा तुरंत ही दोपहिया वाहन पर सवार होकर वहां से भाग गये लेकिन हमलावरों ने उनका पीछा किया।

Advertisement

पुलिस ने बताया कि पीछा करते समय हमलावरों ने मंगा पर दोबारा गोली चलाई और इस बार गोली मंगा को जा लगी जिसके बाद हमलावर मौके से भाग गए।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि मंगा को पुलिस अस्पताल ले गई जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि घायल किशोर को पहले मोगा के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया और बाद में दूसरे अस्पताल में रेफर कर दिया।

Advertisement

पुलिस ने बताया कि वे इस बात की पुष्टि कर रहे हैं कि मंगा किस शिवसेना संगठन से जुड़े थे।

दक्षिणपंथी समूह विश्व हिंदू शक्ति के राष्ट्रीय अध्यक्ष जोगिंदर शर्मा ने कहा, ‘‘हमें पता चला कि कुछ बदमाशों ने मंगा की गोली मारकर हत्या कर दी है। सूचना मिलते ही हम अस्पताल पहुंचे।’’

मंगा की बेटी ने ‘पीटीआई-वीडियो’ को बताया कि उनके पिता बृहस्पतिवार रात लगभग आठ बजे दूध लेने के लिए घर से निकले थे। उन्होंने कहा, ‘‘रात 11 बजे किसी ने हमें बताया कि मेरे पिता की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। हम न्याय चाहते हैं और इसके लिए हमें जो भी करना पड़े करेंगे।’’

यहां एक अन्य घटना में, तीन मोटरसाइकिल सवार रात लगभग नौ बजे बगियाना बस्ती में एक सैलून में बाल कटवाने के लिए घुसे और मालिक देवेंद्र कुमार पर दो गोलियां चला दीं।

पुलिस ने बताया कि एक गोली कुमार के पैर में जा लगी और उसे इलाज के लिए मोगा के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां से बाद में उसे दूसरे अस्पताल में रेफर कर दिया।

पुलिस उपाधीक्षक (सिटी) रविंदर सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार रात दो जगहों पर गोलीबारी हुई।

उन्होंने ‘पीटीआई-वीडियो’ से कहा, ‘‘बगियाना बस्ती में एक सैलून मालिक घायल हो गया। दूसरी घटना में स्टेडियम रोड पर मंगत राय मंगा की गोली मारकर हत्या कर दी गई और बदमाशों की गोलीबारी में एक नाबालिग घायल हो गया। मंगा के शव को सरकारी अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।’’

ये भी पढ़ें: Holi 2025: होली पर बज गई है डाइटिंग की बैंड! तो जरूर पिएं ये ड्रिंक्स, सेहत को होंगे फायदे; शरीर हो जाएगा डिटॉक्सिफाई

(Note: इस भाषा कॉपी में हेडलाइन के अलावा कोई बदलाव नहीं किया गया है)

Published By:
 Kajal .
पब्लिश्ड