अपडेटेड 19 May 2024 at 21:52 IST

भारत के कई हिस्सों में भीषण गर्मी, 47 डिग्री के पार पहुंचा तापमान, इन प्रदेशों में रेड अलर्ट जारी

IMD ने दिल्ली, चंडीगढ़, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान के लिए रेड अलर्ट जारी कर "संवेदनशील लोगों की अत्यधिक देखभाल" की आवश्यकता पर जोर दिया है।

Follow : Google News Icon  
extreme heat
भारत के कई हिस्सों में भीषण गर्मी | Image: PTI

भारत के बड़े हिस्से में रविवार को भीषण गर्मी के कारण दैनिक जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया और दक्षिण पश्चिम दिल्ली के नजफगढ़ में तापमान 47.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो इस मौसम में अब तक देश में सबसे अधिक है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, गुजरात और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में भीषण गर्मी की जानकारी दी है। यहां तक कि हिमाचल प्रदेश के पहाड़ी इलाके भी भीषण गर्मी से जूझ रहे हैं। धर्मशाला में अधिकतम तापमान 36 डिग्री, ऊना में 44.4 डिग्री, बिलासपुर में 42.4 डिग्री, सोलन में 36.6 डिग्री और कांगड़ा में 40 डिग्री तक पहुंच गया।

मौसम कार्यालय ने दिल्ली, चंडीगढ़, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान के लिए रेड अलर्ट जारी कर "संवेदनशील लोगों की अत्यधिक देखभाल" की आवश्यकता पर जोर दिया है। उत्तर प्रदेश, बिहार और गुजरात के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जिसमें शिशुओं, बुजुर्गों और पुरानी बीमारियों से ग्रस्त लोगों समेत संवेदनशील व्यक्तियों की "उच्च स्वास्थ्य देखभाल" पर जोर दिया गया है।

पारा 47 डिग्री के पार 

भारत में कम से कम आठ स्थानों पर पारा 47 डिग्री सेल्सियस या उससे ज्यादा दर्ज किया गया, नजफगढ़ में तापमान 47.8 डिग्री तक पहुंच गया, जिससे यह पिछले तीन दिन में दूसरी बार देश का सबसे गर्म स्थान बन गया। हवाईअड्डा स्थल मौसम डेटा के एक नए विश्लेषण के अनुसार, दिल्ली में पिछले 10 वर्षों में 1,557 दिन (लगभग 43 प्रतिशत) तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक दर्ज किया गया है।

इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट फॉर एनवायरमेंट एंड डेवलपमेंट (आईआईईडी) के अनुसार, घनी आबादी वाले शहर दिल्ली में 2004 से 2013 के बीच 1,254 दिन (लगभग 34 प्रतिशत) और 1994 से 2003 के बीच 1,180 दिन (लगभग 32 प्रतिशत) तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया था। राजस्थान के गंगानगर में पारा 46.7 डिग्री, मध्य प्रदेश के दतिया में 47.5 डिग्री, हरियाणा के सिरसा में 47 डिग्री और नूंह में 47.2 डिग्री, पंजाब के बठिंडा में 46.4 डिग्री, आगरा में 47.7 डिग्री और उत्तर प्रदेश के झांसी में 47.2 डिग्री तक पहुंच गया। गुजरात के तटीय इलाकों में भी तेज़ गर्मी और उमस ने निवासियों को परेशान किया।

Advertisement

ये भी पढ़ें: 'हर कोई डर गया और जोर-जोर से रोने लगा', Air India विमान के यात्रियों ने बताया आग लगने के बाद का मंजर

Advertisement

(Note: इस भाषा कॉपी में हेडलाइन के अलावा कोई बदलाव नहीं किया गया है)

Published By : Sagar Singh

पब्लिश्ड 19 May 2024 at 21:52 IST