अपडेटेड 28 July 2024 at 22:56 IST

मरने के बाद 4 लोगों को नई जिंदगी दे गईं सरपंच की बेटी, ब्रेन डेड होने के बाद डोनेट किए ऑर्गन

अनीता की दो किडनी, एक हार्ट और एक लीवर अब अन्य मरीजों को लगाया जा सकेगा। इससे उनका जीवन संवर जाएगा।

Follow : Google News Icon  

Rajasthan News: अंगदान को महादान बताया जाता है। कहते हैं कि ये एक ऐसा दान है जिससे इंसान मरकर भी जिंदा रह जाता है। इससे वह अलग-अलग लोगों को जिंदगियां देता है। ऐसा ही कुछ किया है सरपंच की बेटी अनीता ने। जो खुद भले ही इस दुनिया को अलविदा कह गई हो, लेकिन मरने के बाद उन्होंने चार जिंदगियों को रोशन कर दिया।

बाड़मेर की रहने वाली 25 साल की अनीता बीते दिनों एक भयंकर सड़क हादसे का शिकार हो गई थीं। इसके बाद डॉक्टरों ने उन्हें ब्रेन डेड घोषित कर दिया। इसके बाद उनके परिजनों ने ऐसा फैसला लिया, जिससे चार लोगों का जीवन संवरेगा। अनीता की दो किडनी, एक हार्ट और एक लीवर अब अन्य मरीजों को लगाया जा सकेगा।

दर्दनाक हादसे का हुई थीं शिकार

16 जुलाई को अनीता और उसका 5 साल का बच्चा एक सड़क दुर्घटना का शिकार हुए, जिसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हुए थे। घायल अवस्था में उन्हें जोधपुर एम्स अस्पताल में भर्ती करवाया गया। अनीता की हालत इस दौरान इतनी नाजुक हो गई कि डॉक्टरों ने 18 जुलाई को ब्रेनडेड घोषित कर दिया। अनीता का 5 साल का बेटा फिलहाल ठीक बताया जा रहा है।

ऑर्गन डोनेट करने के लिए राजी हुए परिजन

डॉक्टरों ने जब अनीता के ब्रेन डेड होने की बात परिजनों को बताई तो उनका बुरा हाल हो गया। उन्होंने हार नहीं मानी और अनीता का इलाज जारी रखने को कहा। लेकिन जब डॉक्टरों को कोई फायदा नहीं हुआ, तो उन्होंने परिजनों को अनीता के अंगों को दान करने की अपील की। पहले तो परिजन इसके लिए तैयार नहीं हुए, लेकिन बाद में वह मान गए।

Advertisement

जयपुर भेजा गया हार्ट और किडनी

जांच में डॉक्टरों ने पाया कि अनीता का हार्ट, किडनी और लीवर ठीक तरह से काम कर रहे थे। इस पर जयपुर एसएमएस हॉस्पिटल में इसके लिए संपर्क किया गया। रविवार (28 जुलाई) को ग्रीन कॉरिडोर बनाकर हवाई मार्ग से अनीता की किडनी और हार्ट जयपुर के अस्पताल भेजा गया। वहीं एक किडनी और लीवर एम्स में भर्ती मरीजों को लगाया जाएगा।

ऐसे में मरने के बाद भी अनीता चार लोगों को जिंदगी दे रही हैं। एम्स जोधपुर ने एक्स पर एक पोस्ट कर लिखा, "ब्रेन डेथ  के बाद 4 अन्य लोगों को जीवन का वरदान देने वाली "अनीता" के परिवार के जज्बे को नमन। किडनी, लीवर और दिल के इस महादान से 25 वर्षीय अनीता ने 4 लोगों को नया जीवन दिया। एम्स प्रशासन अंगदान के इस नेक काम के लिए दाता के परिवार के प्रति  ह्रदय से आभार व्यक्त करता है और दुख की इस घड़ी में उनके साथ एकजुट है।"

Advertisement

अनीता के परिजनों के इस फैसले की हर कोई खूब तारीफ कर रहा है। 

यह भी पढ़ें: Delhi के राव IAS अकादमी के बेसमेंट में कैसे घुसा पानी? एक और बड़ी वजह आई सामने; देखिए VIDEO
 

Published By : Ruchi Mehra

पब्लिश्ड 28 July 2024 at 22:56 IST