अपडेटेड 30 October 2024 at 11:59 IST
Maharashtra: पालघर में 8 साल की मासूम बच्ची की दुष्कर्म के बाद हत्या, पूर्व सरपंच का बेटा गिरफ्तार
Maharashtra: पालघर में आठ वर्षीय बच्ची की दुष्कर्म के बाद हत्या करने के मामले में पूर्व सरपंच का बेटा गिरफ्तार कर लिया गया है।
- भारत
- 2 min read

Maharashtra: महाराष्ट्र के पालघर जिले में अपनी मित्र की जन्मदिन की पार्टी में गयी आठ वर्षीय बच्ची से एक व्यक्ति ने कथित तौर पर दुष्कर्म किया और उसके बाद उसकी हत्या कर दी।
पुलिस के एक अधिकारी ने बुधवार को बताया कि उन्होंने इस संबंध में पूर्व सरपंच के 21 वर्षीय बेटे को गिरफ्तार किया है।
मोखाडा तालुक के एक गांव में रहने वाली बच्ची रविवार को गांव में ही अपनी एक मित्र की जन्मदिन की पार्टी में गयी थी लेकिन फिर घर नहीं लौटी। इसके बाद उसके परिवार के सदस्यों ने उसकी तलाश की।
मोखाडा पुलिस थाने के सहायक निरीक्षक प्रेमनाथ धोले ने बताया कि बच्ची का शव रविवार देर रात गांव में एक कब्रिस्तान के समीप मिला। पुलिस ने उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और उसकी जांच शुरू कर दी।
Advertisement
उन्होंने बताया कि पुलिस के एक जांच दल ने कई सूचनाओं पर कार्रवाई की और मंगलवार को आरोपी को गिरफ्तार किया।
उन्होंने बताया कि आरोपी ने रविवार को लड़की का कथित तौर पीछा किया और फिर रात को उसके साथ दुष्कर्म करने के बाद हत्या कर दी।
Advertisement
पुलिस के अनुसार, आरोपी की मां एक स्थानीय काउंसिलर रह चुकी है।
धोले ने बताया कि आरोपी पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) (हत्या), 65(2) (12 वर्ष से कम की आयु की लड़की से दुष्कर्म) और 66 (मौत के लिए सजा) तथा यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पोक्सो) अधिनियम के प्रावधानों के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
(Note: इस भाषा कॉपी में हेडलाइन के अलावा कोई बदलाव नहीं किया गया है)
Published By : Kajal .
पब्लिश्ड 30 October 2024 at 11:59 IST