अपडेटेड 3 February 2024 at 17:30 IST
लाल कृष्ण आडवाणी को भारत रत्न, दिग्गजों ने सराहा; अमित शाह बोले- अथक संघर्ष को सम्मान
आडवाणी को भारत रत्न से सम्मानित किए जाने की घोषणा से उनसे किसी न किसी जरिए से जुड़े रहे नेता मंत्री बेहद खुश हैं। बधाइयों का तांता लग गया है।

LK Advani: पद्म विभूषण से सम्मानित हो चुके लाल कृष्ण आडवाणी को भारत रत्न मिलेगा। प्रधानमंत्री ने 3 फरवरी की सुबह ये सुखद खबर वाया एक्स पोस्ट की। इसके बाद उनके राजनीतिक जीवन में साथ चलने वाले या फिर उनके दिशा निर्देश में काम करने वाले सियासतदांओं ने शुभकामनाएं देना शुरू कर दिया। किसी ने उन्हें प्रेरणास्रोत बताया तो किसी ने उन्हें मार्गदर्शक बताया।
केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, असम के सीएम हिमंता बिस्वा सरमा सहित तमाम बड़े नेताओं की ओर से बधाइयों का सिलसिला शुरू हो गया।
जनता से जुड़े मुद्दों के लिए अथक संघर्ष किया- अमित शाह
अमित शाह ने उनके लंबे राजनीतिक संघर्ष को याद किया। लिखा-
हमारे वरिष्ठ नेता और देश के पूर्व उप-प्रधानमंत्री आदरणीय श्री लालकृष्ण आडवाणी जी को ‘भारत रत्न’ दिए जाने की घोषणा से अत्यंत प्रसन्नता हुई। आडवाणी जी आजीवन निःस्वार्थ भाव से देश और देशवासियों की सेवा में समर्पित रहे हैं। देश के उप-प्रधानमंत्री जैसे विभिन्न संवैधानिक दायित्वों पर रहते हुए उन्होंने अपने दृढ़ नेतृत्व से देश की सुरक्षा, एकता और अखंडता के लिए अभूतपूर्व कार्य किये। आडवाणी जी को भारतीय राजनीति में प्रामाणिकता के मानक तय करने वाले राजनेता के रूप में जाना जाता है। अपने लम्बे सार्वजनिक जीवन में उन्होंने देश, संस्कृति और जनता से जुड़े मुद्दों के लिए अथक संघर्ष किया। पार्टी और विचारधारा के प्रति उनके विराट योगदान को शब्दों में समाहित नहीं किया जा सकता। प्रधानमंत्री श्री
@narendramodi जी द्वारा उन्हें ‘भारत रत्न’ से सम्मानित करने का निर्णय करोड़ों देशवासियों का भी सम्मान है।
मजबूत किया लोकतंत्र: राजनाथ सिंह
रक्षा मंत्री ने अपने एक्स हैंडल पर लिखा, 'हम सबके प्रेरणास्रोत एवं देश के वरिष्ठ नेता लाल कृष्ण आडवाणी को भारत रत्न दिए जाने के फैसले से बड़े हर्ष और आनंद की अनुभूति हुई है। वे राजनीति में शुचिता, समर्पण और दृढ़ संकल्प के प्रतीक हैं। आडवाणीजी ने अपने लंबे सार्वजनिक जीवन में अनेक भूमिकाओं में, देश के विकास और राष्ट्रनिर्माण में जो महत्वपूर्ण योगदान किया है, वह अविस्मरणीय और प्रेरणास्पद है।'
Advertisement
उन्होंने आगे कहा, भारत की एकता और अखंडता को अक्षुण्ण रखने में भी उनकी महती भूमिका रही है। एक राष्ट्रीय नेता के रूप में उन्होंने अपनी विद्वता, संसदीय एवं प्रशासनिक क्षमता से देश और लोकतंत्र को मजबूत किया है। उन्हें भारत रत्न का सम्मान मिलना हर भारतवासी के लिए हर्ष का विषय है। मैं इस निर्णय के लिए प्रधानमंत्री मोदी को धन्यवाद देता हूं और आडवाणी का अभिनंदन करता हूं।
शुचिता के जीवंत उदाहरण: नितिन गडकरी
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा, 'देश के वरिष्ठतम नेता और हमारे मार्गदर्शक लालकृष्ण आडवाणी को भारत रत्न की घोषणा अत्यंत सुखद और आनंददाई है। आजादी के बाद देश के पुनर्निर्माण में आडवाणी की अहम भूमिका रही है। आडवाणी राजनीति में शुचिता के जीवंत उदाहरण हैं। आडवाणी को 'भारत रत्न' घोषित करने के लिए मैं प्रधानमंत्री मोदी को धन्यवाद देता हूं तथा आडवाणी के स्वास्थ्य और दीर्घायु की प्रार्थना करता हूं।'
Advertisement
भारत के भविष्य की नींव रखी: शिवराज सिंह चौहान
मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता शिवराज सिंह चौहान ने लिखा- आज हृदय अत्यंत प्रसन्न है। भारत सरकार ने हम सभी के मार्गदर्शक लालकृष्ण आडवाणी को भारत रत्न से सम्मानित करने का निर्णय लिया है। लालकृष्ण आडवाणी का संपूर्ण जीवन राष्ट्र तथा समाज के उत्थान के लिए समर्पित रहा है।
अपने राजनीतिक कौशल, प्रशासकीय अनुभव और विकासोन्मुखी दृष्टिकोण से आडवाणी ने भारत के भविष्य की नींव रखी और राष्ट्र निर्माण में जुटे रहे। हम सभी के लिए उनकी तपस्या, त्याग, संघर्ष और समर्पण प्रेरणा का अमृत पुंज है। लालकृष्ण आडवाणी को देश के सर्वोच्च सम्मान से सम्मानित कर प्रधानमंत्री मोदी ने करोड़ों देशवासियों को मान दिया है। इसके लिए प्रधानमंत्री जी तथा भारत सरकार का अभिनंदन!
Published By : Kiran Rai
पब्लिश्ड 3 February 2024 at 15:06 IST