कोलकाता स्टेडियम में Lionel Messi के 10 मिनट रहने पर बवाल... अर्जेंटीना मीडिया ने बयां किया दर्शकों का दर्द, देश में सियासत; किसने क्या कहा?
Lionel Messi: अर्जेंटीना के विश्व विख्यात स्टार फुटबॉलर लियोनेल मेस्सी अपने G.O.A.T इंडिया टूर 2025 के लिए भारत में हैं। शनिवार को कोलकाता से उन्होंने अपने इस दौरे की शुरुआत की। कोलकाता के बाद मेस्सी शनिवार को ही हैदराबाद पहुंचे। उनका यह टूर 13 दिसंबर से 15 दिसंबर तक का है।वे 14 दिसंबर को मुंबई जाएंगे। इस दौरे के आखिरी चरण में 15 दिसंबर को मेस्सी देश की राजधानी दिल्ली पहुंचेंगे।
- भारत
- 8 min read

Lionel Messi: अर्जेंटीना के विश्व विख्यात स्टार फुटबॉलर लियोनेल मेस्सी (Lionel Messi) अपने G.O.A.T इंडिया टूर 2025 के लिए भारत में हैं। इन्होंने अपने इस यात्रा की शुरुआत पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता से की। शनिवार को कोलकाता के Salt Lake Stadium में स्टार फुटबॉलर लियोनेल मेस्सी का इवेंट था। इन्हें देखने के लिए इनके फैंस हजारों की संख्या में स्टेडियम में पहुंचे थे।
GOAT टूर के तहत मेस्सी की एक झलक पाने के लिए इन फैंस का हुजूम घंटों से इंतजार कर रहा था। लेकिन कार्यक्रम के अंत में फैंस की नाराजगी बढ़ती ही चली गई। बताया जा रहा है कि लैप ऑफ ऑनर के बाद मेस्सी स्टेडियम से जल्दी (करीब 10 मिनट) निकल गए। इसके बाद सॉल्ट लेक स्टेडियम में मौजूद फैंस ने जमकर बवाल काटा और तोड़फोड़ की। फैंस का गुस्सा इवेंट को कराने वालों पर ज्यादा था। इस घटना पर एक ओर जहां अर्जेंटीना मीडिया ने दर्शकों का दर्द बयां किया है, वहीं देश में सियासत शुरू हो गई है। आइए जानते हैं किसने क्या कहा...
Messi की झलक पाने से वंचित हो गए फैंस
न्यूज एजेंसी एएनआई के अनुसार, फुटबॉल के दिग्गज लियोनेल मेस्सी के 'जीओटी टूर 2025' के पहले पड़ाव के दौरान कोलकाता के सॉल्ट लेक स्टेडियम में मची अफरा-तफरी ने अंतरराष्ट्रीय सुर्खियां बटोर ली हैं। अर्जेंटीना के प्रेस ने भी इस घटना पर ध्यान दिया है, जो भारत के खेल इतिहास में एक ऐतिहासिक क्षण होने की उम्मीद थी, लेकिन पूरी तरह से गड़बड़ी में बदल गई।
शनिवार को मेस्सी का कोलकाता दौरा बड़े हंगामे के साथ समाप्त हुआ। यह पल विश्व कप विजेता सुपरस्टार और फुटबॉल के दीवाने राज्य के बीच एकता का प्रतीक होना चाहिए था, लेकिन मैदान पर मेस्सी के साथ वीआईपी और राजनेताओं की मौजूदगी ने प्रशंसकों को बेकाबू कर दिया, क्योंकि वे उस फुटबॉलर की एक झलक भी मुश्किल से देख पाए, जिसके लिए उन्होंने अपनी मेहनत की कमाई खर्च की थी। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी मौजूदगी ने उन्हें 38 वर्षीय दिग्गज खिलाड़ी की एक झलक पाने से वंचित कर दिया।
Advertisement
अर्जेंटीना के प्रेस ने क्या लिखा?
न्यूज एजेंसी एएनआई के अनुसार, अर्जेंटीना के एक दैनिक समाचार पत्र ने एक समाचार लेख में हेडिंग लिखा, "उन्होंने स्टेडियम को तहस-नहस कर दिया। मेस्सी भारत में हैं: अराजकता और प्रशंसकों द्वारा की जा रही घटनाओं के कारण वे जल्दी चले गए।"
अखबार की आधिकारिक वेबसाइट की एक अन्य हेडलाइन में एक आम प्रशंसक के दर्द को बयां किया गया था, जिसने मेस्सी को लाइव देखने के लिए अपनी मेहनत की कमाई खर्च की थी, और लिखा था, "वह सिर्फ 10 मिनट के लिए आए थे।" भारत में उन प्रशंसकों का गुस्सा भी झलक रहा था जिन्होंने मेस्सी को देखने के लिए 100 अमेरिकी डॉलर से अधिक का भुगतान किया और उन्हें देखने का मौका नहीं मिला।
Advertisement
यह एक निजी कार्यक्रम था - AIFF
अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (AIFF) इस घटना से बेहद चिंतित है, जहां हजारों प्रशंसक विश्व फुटबॉल सितारों लियोनेल मेस्सी, लुइस सुआरेज़ और रोड्रिगो डी पॉल को देखने के लिए एकत्र हुए थे। एआईएफएफ ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट साझा किया। इस पोस्ट में लिखा, "यह एक निजी कार्यक्रम था जिसे एक पीआर एजेंसी द्वारा आयोजित किया गया था। एआईएफएफ इस कार्यक्रम के आयोजन, योजना या क्रियान्वयन में किसी भी रूप में शामिल नहीं था। इसके अलावा, कार्यक्रम की डिटेल्स न तो एआईएफएफ को दी गई थी और न ही महासंघ से कोई अनुमति मांगी गई थी।"
आयोजक फैंस को पैसे वापस कर देंगे - एडीजी
इस घटना के बाद, कानून और व्यवस्था के अतिरिक्त महानिदेशक (ADG) जावेद शमीम ने कहा, "अब हालात सामान्य हैं। दूसरा चरण जांच का है; एफआईआर दर्ज हो चुकी है और मुख्य आयोजक को गिरफ्तार कर लिया गया है... मैं आपको बता रहा हूं, आयोजक वादा कर रहे हैं कि वे (टिकट शुल्क फैंस को) वापस कर देंगे। देखते हैं यह कैसे संभव होता है।"
सीएम ममता ने मांगी माफी
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी प्रशंसकों और दिग्गज फुटबॉलर से माफी मांगी है। उन्होंने एक्स पर लिखा, "आज साल्ट लेक स्टेडियम में हुई कुप्रबंधन की घटना से मैं बेहद दुखी और स्तब्ध हूं। मैं हजारों खेल प्रेमियों और प्रशंसकों के साथ स्टेडियम जा रही थी, जो अपने पसंदीदा फुटबॉलर लियोनेल मेस्सी की एक झलक पाने के लिए वहां जमा हुए थे। मैं लियोनेल मेस्सी के साथ-साथ सभी खेल प्रेमियों और उनके प्रशंसकों से इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना के लिए तहे दिल से माफी मांगती हूं।"
स्वतंत्र समिति से जांच की मांग- सुवेंदु अधिकारी
वहीं, कोलकाता में लियोनेल मेस्सी के इवेंट में अफरा-तफरी पर पश्चिम बंगाल के विपक्ष के नेता और भाजपा विधायक सुवेंदु अधिकारी ने राज्य के राज्यपाल सी.वी. आनंद बोस को पत्र लिखा है। इसमें उन्होंने राज्यपाल से एक पूरी तरह से स्वतंत्र जांच समिति बनाने का आदेश देने का अनुरोध किया है, जिसका नेतृत्व कलकत्ता हाई कोर्ट के एक मौजूदा जज करेंगे और जिसमें ऐसे लोग शामिल होंगे जिनकी ईमानदारी पर कोई शक न हो और जिनका राज्य सरकार के साथ कोई संस्थागत, प्रशासनिक या राजनीतिक संबंध न हो।
ममता को आत्मनिरीक्षण करना चाहिए- असम के सीएम
न्यूज एजेंसी एएनआई से बात करते हुए असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने कहा, "वहां(पश्चिम बंगाल) VIP लोगों के लिए सब कुछ किया जाता है... मेस्सी सारी दुनिया के आदर्श हैं... ममता बनर्जी को आत्मनिरीक्षण करना चाहिए...बंगाल में रोजाना मासूम लोगों पर अत्याचार होते हैं। यह चिंता का विषय है।"
शर्मसार करने वाली घटना- सुधांशु त्रिवेदी
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता और राज्यसभा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने दिल्ली में एक प्रेस वार्ता की। उन्होंने इस दौरान कहा- कोलकाता में जो घटना हुई, वो भारत के लिए बहुत दुखद और पूरे देश के लिए शर्मसार करने वाली घटना हुई है। जब अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त फुटबॉल खिलाड़ी लियोनल मेस्सी के कार्यक्रम सॉल्ट लेक स्टेडियम में जिस प्रकार की अव्यवस्था, भगदड़ और वितंडावाद हुआ... उससे सिर्फ कोलकाता नहीं, पश्चिम बंगाल नहीं, बल्कि हर भारतीय का सिर शर्म से झुक गया। ममता बनर्जी के शासनकाल में पश्चिम बंगाल दुखद और दर्दनाक स्थिति में पहुंच गया है और ये घटना उसका प्रमाण है।
Lionel Messi का GOAT India Tour 2025
अर्जेंटीना के विश्व विख्यात स्टार फुटबॉलर लियोनेल मेस्सी (Lionel Messi) अपने G.O.A.T इंडिया टूर 2025 (GOAT India Tour 2025) के लिए भारत में हैं। शनिवार को कोलकाता से उन्होंने अपने इस दौरे की शुरुआत की। कोलकाता के बाद मेस्सी शनिवार को ही हैदराबाद पहुंचे। उनका यह टूर 13 दिसंबर से 15 दिसंबर तक का है।
हैदराबाद के बाद मेस्सी के इस टूर का अगला पड़ाव मुंबई है। वे 14 दिसंबर को मुंबई जाएंगे। इस दौरे के आखिरी चरण में मेस्सी देश की राजधानी दिल्ली पहुंचेंगे। वे दिल्ली 15 दिसंबर को आएंगे। खबर है कि इस दौरान उनकी मुलाकात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी हो सकती है। दिल्ली में मेस्सी का कार्यक्रम अरुण जेटली स्टेडियम में होना है।