कोलकाता में इंसाफ के लिए जोरदार प्रदर्शन, पुलिस और प्रदर्शनकारियों में झड़प; आंसू गैस का इस्तेमाल
कोलकाता के आरजी कर अस्पताल में आधी रात बेकाबू भीड़ ने अस्पताल में जमकर तोड़फोड़ की। काबू पाने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज और आंसू गैस का इस्तेमाल करना पड़ा।
- भारत
- 2 min read

RG Kar Medical College protest: पश्चिम बंगाल के कोलकाता में आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में रेप और हत्या की घटना के खिलाफ हो रहा प्रदर्शन अचानक उग्र हो गया। देखते ही देखते गुस्साई भीड़ अस्पताल परिसर के अंदर घुस गई और तोड़फोड़ शुरू करदी। उग्र भीड़ ने परिसर के अंदर वाहनों और सार्वजनिक संपत्ति में जमकर तोड़फोड़ कर नुकसान पहुंचाया। अस्पताल के बाहर लगे बैरिकेड्स को लात मार कर हटा दिया गया। इसके बाद अस्पताल के अंदर और बाहर भीषण हंगामा हुआ।
विरोध प्रर्दशन में शामिल लोगों की संख्या अधिक थी जिनके आगे अस्पताल में तैनात पुलिस बल कम पड़ गया। गुस्साई भीड़ पर काबू पाने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज और आंसू गैस का इस्तेमाल करना पड़ा। प्रदर्शनकारियों को खदेड़ने के लिए पुलिस ने पहले पत्थर फेंके और फिर आंसू गैस का इस्तेमाल किया। पुलिस की तरफ से फेंके गए पत्थरों के जवाब में प्रदर्शकारियों ने भी पुलिस बल पर पत्थर फेंके।
'पुलिस रोक नहीं पाई, हम जान बचाकर भागे'
आरजी कर अस्पताल के रेजिडेंट डॉक्टरों ने बताया कि 'हम लोग घटना के लिए विरोध में प्रदर्शन कर रहे थे। रात में हम लोगों का एक मार्च प्लान था और अचानक से मॉब जमा हो गई। पुलिस उनको रोक नहीं पाई और हम लोगों को जान बचाकर भागना पड़ा।' एक वीडियो में रेजिडेंट डॉक्टर ने बताया कि हजारों की संख्या में भीड़ आई और हमपर भी अटैक किया है। डॉक्टर ने आरोप लगाया कि सबूतों को टैंपर करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने पुलिस पर सुरक्षा नहीं करने का आरोप लगाते हुए सेंट्रल फोर्स लगाने की मांग की है।
एक महिला प्रदर्शनकारी ने बताया कि हम लोग शांति से विरोध कर रहे थे। अचानक से आकर पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। रिपब्लिक से बात करते हुए एक पुलिसकर्मी और महिला की बहस भी हो गई। कई लडकियों ने बातचीत करते हुए कहा कि आज पुलिस ने हमें लाठी मारी है, कल हो सकता है गोली मारेंगे।