दाऊद-ISI गठजोड़ का खुलासा: दिल्ली से 9 आतंकी गिरफ्तार, राजधानी और मुंबई के कई धार्मिक स्थल और जगहों को दहलाने की थी साजिश
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने दाऊद इब्राहिम और पाक ISI से जुड़े आतंकी मॉड्यूल को ध्वस्त कर दिया। 9 लोगों को गिरफ्तार किया गया, जिन्हें दिल्ली के महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों, सुरक्षा बलों और धार्मिक स्थलों पर हमले की साजिश रचने का आरोप है।
- भारत
- 2 min read

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए दाऊद इब्राहिम के नेटवर्क और पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI से जुड़े एक बड़े आतंकी मॉड्यूल को ध्वस्त कर दिया है। दिल्ली पुलिस की इस कार्रवाई में 9 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जो राजधानी दिल्ली में महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों, सुरक्षा कर्मियों और धार्मिक स्थलों पर हमले की साजिश रच रहे थे।
दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से भारी मात्रा में हथियार, हथगोले और विस्फोटक सामग्री भी बरामद की है। सूत्रों के अनुसार, इस मॉड्यूल को पाकिस्तान की खुफिया एजेंसियों द्वारा दिल्ली में आतंकी हमलों को अंजाम देने के लंबे समय से तैयार किया जा रहा था।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में कथित तौर पर नेपाल मूल के कुछ नागरिक भी शामिल हैं। शुरुआती जांच से पता चला है कि इन आतंकियों का पाकिस्तान स्थित हैंडलर्स के साथ सीधा संपर्क था और वे मुंबई अंडरवर्ल्ड नेटवर्क से भी जुड़े हुए थे। इस कार्रवाई से दिल्ली में संभावित बड़े हमले को रोका जा सका है।
फंडिंग की जांच
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल अब इस मॉड्यूल की फंडिंग, भर्ती प्रक्रिया और लॉजिस्टिक सपोर्ट की गहन जांच कर रही है। हैंडलर्स और स्थानीय सहयोगियों की भूमिका की भी छानबीन की जा रही है।
Advertisement
डोला को भारत लाने के बाद एक्शन
यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है जब एक महीने पहले ही दाऊद इब्राहिम के करीबी सहयोगी मोहम्मद सलीम डोला को तुर्की से भारत लाया गया था। डोला डी-कंपनी का महत्वपूर्ण सदस्य माना जाता है और उसकी गिरफ्तारी से आतंक-ड्रग्स के गठजोड़ की जांच को नई दिशा मिली है। डोला 2020 से फरार था, उसे इस्तांबुल पुलिस विभाग के नारकोटिक्स क्राइम डिवीजन द्वारा चलाए गए एक अभियान के बाद इस्तांबुल के बेयलिकडुजू जिले से गिरफ्तार किया गया।
सुरक्षा बलों की सतर्कता
यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि पाकिस्तान की आईएसआई भारत में अस्थिरता फैलाने के लिए आतंकवाद और संगठित अपराध के नेटवर्क का इस्तेमाल कर रही है। दिल्ली पुलिस की यह सफलता राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए एक बड़ी उपलब्धि है।