अपडेटेड 24 May 2024 at 14:54 IST
एक्ट्रेस लैला खान और पूरे परिवार के हत्यारे सौतेले पिता को सजा-ए-मौत, फार्म हाउस में मिले थे कंकाल
एक्ट्रेस लैला खान और उनके परिवार की हत्या के मामले में मुंबई सेशन कोर्ट ने दोषी सौतेले पिता परवेज टाक को सजा ए मौत सुनाई है।
- भारत
- 2 min read

Actress Laila Khan and Family Murder Case: एक्ट्रेस लैला खान और उनके परिवार की हत्या के मामले में मुंबई सेशन कोर्ट ने दोषी सौतेले पिता परवेज टाक को सजा ए मौत सुनाई है। अदालत ने इसी माह की शुरुआत में परवेज टाक को हत्या और सबूत को नष्ट करने के लिए दोषी ठहराया था। पिछले हफ्ते सरकारी वकील पंकज चव्हाण ने इस मामले को दुर्लभतम बताया था और दोषी परवेज को मौत की सजा दिए जाने की मांग की थी।
अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश सचिन पवार ने नौ मई को टाक को हत्या और सबूतों को नष्ट करने के अलावा भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) के तहत अन्य अपराधों का दोषी पाया था। इस पर फैसला शुक्रवार को सुनाया गया कि दोषी को क्या सजा दी जानी है। टाक लैला की मां सेलिना का तीसरा पति था। लैला, उनकी मां और उनके चार भाई-बहनों की फरवरी 2011 में महाराष्ट्र के नासिक जिले के इगतपुरी स्थित उनके बंगले में हत्या कर दी गई थी।
Advertisement
हत्याओं का मामला कुछ महीने बाद उस समय सामने आया जब टाक को जम्मू-कश्मीर पुलिस ने गिरफ्तार किया। सड़े गले शव बाद में बंगले से बरामद किए गए। अभियोजन पक्ष ने कहा था कि संपत्तियों पर बहस के बाद टाक ने पहले सेलिना की और फिर लैला एवं उनके चार भाई-बहनों की हत्या कर दी। अभियोजन पक्ष ने टाक के खिलाफ 40 गवाहों से पूछताछ की थी। (PTI इनपुट)
Published By : Ankur Shrivastava
पब्लिश्ड 24 May 2024 at 14:21 IST