अपडेटेड 5 December 2024 at 11:08 IST
कोटा : नदी में 4 मगरमच्छों के मृत पाए जाने के बाद बढ़ी चिंता
राजस्थान के कोटा जिले से गुजरती चंद्रलोई नदी में गत दो दिनों में चार मगरमच्छों की मौत से वन्यजीव कार्यकर्ताओं की चिंता बढ़ गई है।
- भारत
- 1 min read

राजस्थान के कोटा जिले से गुजरती चंद्रलोई नदी में गत दो दिनों में चार मगरमच्छों की मौत से वन्यजीव कार्यकर्ताओं की चिंता बढ़ गई है। उन्होंने इन मौतों के लिए नदी में ‘‘उच्च स्तर के प्रदूषण’’ को कारण बताया है। अधिकारियों ने बताया कि मगरमच्छों को वन्यजीव संरक्षण अधिनियम की अनुसूची-1-सी में सूचीबद्ध किया गया है।
पशु चिकित्सकों ने 15 वर्षीय एक मादा मगरमच्छ की मौत के पीछे संदिग्ध जहर को जिम्मेदार ठहराया है। बुधवार को यहां उसका पोस्टमार्टम किया गया। उन्होंने बताया कि मादा मगरमच्छ के शरीर पर किसी भी आंतरिक या शारीरिक चोट या बीमारी का कोई संकेत नहीं मिला।
Advertisement
अधिकारियों ने बताया कि मंगलवार को चंद्रशेल मठ के पास रामखेड़ी गांव में चंबल नदी की सहायक नदी से लगभग सात फुट लंबी मादा मगरमच्छ के अवशेष को बरामद किया गया था। अधिकारियों ने बताया कि शनिवार और रविवार को इसी स्थान पर तीन अन्य मगरमच्छों के अवशेष पाए गए थे, जिनमें से दो की उम्र 10 और एक की उम्र नौ साल थी।
(Note: इस भाषा कॉपी में हेडलाइन के अलावा कोई बदलाव नहीं किया गया है)
Published By : Nidhi Mudgill
पब्लिश्ड 5 December 2024 at 11:08 IST