कोलकाता में रेप और मर्डर मामले के कितने गुनहगार? CCTV खंगाल रही CBI कर सकती है बड़ा खुलासा
कोलकाता रेप और मर्डर मामले में CBI अस्पताल के सीसीटीवी की जांच में जुट गई है। कितने दरिंदों ने मिलकर इस भयावह घटना को अंजाम दिया, इसका खुलासा हो सकता है।
- भारत
- 2 min read

Kolkata Rape and Murder Case: कोलकाता के आरजी कर हॉस्पिटल में अभया के साथ हुए रेप और मर्डर केस की जांच CBI कर रही है। RG Kar Hospital में हुए इस भयानक घटना के बाद सीबीआई सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि घटना से जुड़ी बड़ी जानकारी सामने आ सकती है। साथ ही इस बात का भी खुलासा हो सकता है कि आखिर इस घटना में कितने लोग शामिल हैं।
सीसीटीवी फुटेज में मुख्य आरोपी संजय रॉय को घटना वाली रात 11 बजे अस्पताल में पहली बार देखा गया। इसके महज 30 मिनट के भीतर ही संजय रॉय अस्पताल से बाहर चला गया। जांच में सामने आया संजय रॉय एक मरीज से मिलने आया था, जिसको मामले के मुख्य आरोपी ने ही अस्पताल में एडमिट करवाया था।
सेमिनार हॉल में सुबह करीब 3.50 बजे देखा गया आरोपी!
आरोपी संजय रॉय एक बार फिर से 3:45-3:50 बजे वापस आया और कथित तौर पर सेमिनार रूम में गया। 04.35 पर संजय रॉय सेमिनार हाल से वापस आया और 04:37 पर वह अस्पताल परिसर से बाहर निकल गया। सूत्रों के मुताबिक पीड़िता और उसके दोस्तों ने खाना रात में आर्डर किया था। यह खाना एक ऑनलाइन ऐप के जरिए मंगवाया गया था।
आरोपी की लोकेशन खंगाल रही CBI
जानकारी के अनुसार कोलकाता पुलिस ने इस डिलीवरी बॉय के बयान भी दर्ज किए थे। सीबीआई संजय राय के मोबाइल फोन की डिटेल्स को भी खंगाल रही है। साथ ही उसकी मोबाइल लोकेशन ट्रेस करके उस रात उसकी मूवमेंट को एनालाइज कर रही है।
Advertisement
देशभर में 24 घंटे के लिए डॉक्टरों का हड़ताल
महिला डॉक्टर संग रेप के बाद हत्या के विरोध में आज आईएमए ने देशव्यापी हड़ताल का ऐलान किया है। देशभर के सभी सरकारी और प्राइवेट अस्पतालों में 24 घंटे यानी कि शनिवार (17 अगस्त) की सुबह 6 बजे से रविवार (18 अगस्त) की सुबह तक सभी (गैर आपात) सेवाएं बंद रहेंगी।
लेडी डॉक्टर के साथ बलात्कार और हत्या के अलावा अस्पताल परिसर में भीड़ द्वारा की गई तोड़फोड़ के विरोध में भी इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) प्रदर्शन करेगा। IMA के अनुसार, जरूरी सेवाएं समेत आपातकालीन वार्ड में कामकाज जारी रहेगा। जबकि ओपीडी में सेवाएं बंद रहेंगी और चुनिंदा सर्जरी नहीं की जाएगी।