कोलकाता नगर निगम ने स्कूल की छुट्टियों में बदलाव करने वाले अधिकारी को नोटिस जारी किया

केएमसी के अधिकारियों ने अपने शिक्षा विभाग के एक अधिकारी को हिंदी माध्यम स्कूलों की छुट्टी में बदलाव के लिए कारण बताओ नोटिस जारी किया।

  • Facebook Share Icon
  • Twitter Share Icon
  • WhatsApp Share Icon
 
Follow : Google News Icon
Kolkata Municipal Corporation withdraws order scrapping Vishwakarma Puja
कोलकाता नगर निगम | Image: X

कोलकाता नगर निगम (केएमसी) के अधिकारियों ने बुधवार को अपने शिक्षा विभाग के एक अधिकारी को हिंदी माध्यम स्कूलों में विश्वकर्मा पूजा की छुट्टी रद्द करने और इस वर्ष ईद-उल-फितर की छुट्टी एक दिन से बढ़ाकर दो दिन करने के लिए कारण बताओ नोटिस जारी किया।

केएमसी के नगर आयुक्त द्वारा जारी कारण बताओ नोटिस के बाद निगम के शिक्षा विभाग के मुख्य प्रबंधक ने एक भूल-सुधार पत्र जारी कर छुट्टियों से जुड़े पुराने आदेश को रद्द कर दिया। पत्र में कहा गया कि है आदेश में ‘‘अनजाने में मुद्रण संबंधी गलतियां’’ हुई थीं।

पच्चीस फरवरी की तारीख वाले इस नोटिस पर केएमसी के शिक्षा विभाग के मुख्य प्रबंधक के हस्ताक्षर हैं।

मीडिया को जारी बयान में नगर निगम आयुक्त ने कहा कि ‘‘हिंदी माध्यम केएमसीपी स्कूलों के लिए अवकाश सूची के बारे में आदेश केएमसी के सक्षम प्राधिकारी से कोई सहमति प्राप्त किए बिना जारी किया गया था।’’

Advertisement

इस मामले को गंभीरता से लेते हुए बयान में कहा गया है कि इस चूक के लिए जिम्मेदार अधिकारी के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

बयान में कहा गया कि चूंकि यह आदेश निगम के सक्षम प्राधिकारी की अनुमति के बिना जारी किया गया था, इसलिए इसे रद्द किया जाता है।

Advertisement

इसमें कहा गया है, ‘‘राज्य सरकार की छुट्टियों की सूची को मौजूदा मानदंडों के अनुसार बनाए रखते हुए एक संशोधित आदेश जारी किया जाएगा।’’

इस बीच, भाजपा ने दावा किया कि जब उसने यह मुद्दा उठाया, तभी केएमसी ने स्कूलों की छुट्टी से संबंधित 25 फरवरी के आदेश को रद्द किया।

भाजपा की पश्चिम बंगाल इकाई के महासचिव जगन्नाथ चट्टोपाध्याय ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘यह विश्वास करने लायक नहीं है कि विश्वकर्मा पूजा की छुट्टी रद्द करने और ईद-उल-फितर की छुट्टी बढ़ाने के ऐसे फैसले के बारे में नगर निगम अधिकारियों को जानकारी नहीं थी।’’

Published By:
 Kanak Kumari Jha
पब्लिश्ड