'स्पेशल सेशन बुलाया जाता है तो इसका मतलब है कोई खास काम या जरूरी बिल, मैं MP से गुजारिश करता हूं...', परिसीमन बिल पर बवाल के बीच बोले किरेन रिजिजू

केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि सरकार के पास जब भी कोई महत्वपूर्ण विधायी कार्य निपटाना हो, तो सत्र बुलाने का पूरा अधिकार है। उन्होंने विपक्ष से कहा कि बेतुकी टिप्पणियों से उन्हें बचना चाहिए।

  • Facebook Share Icon
  • Twitter Share Icon
  • WhatsApp Share Icon
 
Follow : Google News Icon
Kiren Rijiju
Kiren Rijiju | Image: File photo

Kiren Rijiju: देश की राजनीति में महिला आरक्षण और परिसीमन बिल को लेकर चर्चा तेज है। संसद का विशेष सत्र बुलाए जाने के बाद केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि सत्र में सरकार बहुत महत्वपूर्ण बिल ला रही है।

किरेन रिजिजू ने समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में कहा, 'सरकार ने चार दिवसीय संसदीय सत्र बुलाने का फैसला किया है। हमने लोकसभा अध्यक्ष और राज्यसभा सभापति को इस बारे में सूचित कर दिया है। हमारी योजना 30 नवंबर और 1 दिसंबर को लोकसभा में और उसके बाद 2 और 3 दिसंबर को राज्यसभा में महत्वपूर्ण विधायी कामकाज पेश करने की है। मैंने सभी राजनीतिक दलों से संपर्क किया है और प्रमुख दलों के नेताओं के साथ बातचीत की है। कुछ सांसदों ने सोशल मीडिया और अन्य मीडिया माध्यमों में ऐसे बयान दिए हैं, जिनमें यह सुझाव दिया गया है कि सरकार स्थापित नियमों का पालन नहीं करती है। इस तरह की बेतुकी टिप्पणियों से बचना चाहिए।'

सरकार के पास सत्र बुलाने का पूरा अधिकार- रिजिजू

उन्होंने आगे कहा, 'सरकार के पास जब भी कोई महत्वपूर्ण विधायी कार्य निपटाना हो, तो सत्र बुलाने का पूरा अधिकार है। यह एक पुरानी और स्थापित परंपरा रही है। मैं पुरानी बातों में नहीं पड़ना चाहता, लेकिन इतिहास में ऐसे उदाहरण मौजूद हैं जब पिछले सत्र को औपचारिक रूप से समाप्त किए बिना ही नया सत्र बुला लिया गया था। यह एक संसदीय लोकतंत्र है; जब देश के लिए कोई अत्यंत महत्वपूर्ण काम हो, तो सरकार द्वारा संसद का सत्र बुलाना पूरी तरह से सामान्य बात है। जब कोई 'विशेष सत्र' बुलाया जाता है, तो इसका मतलब यही होता है कि कोई बहुत जरूरी काम है। जैसे कि कोई महत्वपूर्ण विधेयक या राष्ट्रीय महत्व का कोई अन्य कार्य। ऐसे सत्र को असंवैधानिक बताना या यह दावा करना कि शीतकालीन सत्र को समय से पहले ही खत्म कर दिया गया, पूरी तरह से गैर-जिम्मेदाराना है। खासकर तब, जब ऐसी बातें संसद सदस्यों की ओर से कही जा रही हों।'

रिजिजू ने विपक्षी सांसदों पर साधा निशाना 

रिजिजू ने विपक्षी सांसदों पर निशाना साधते हुए कहा कि केवल एक सत्र बुलाने को 'असंवैधानिक' कैसे कहा जा सकता है? मैं इन सांसदों से आग्रह करता हूं कि वे ऐसे मामूली या बेबुनियाद दावे करने से बचें। आप संसद सदस्य हैं; यह मंच विचार-विमर्श के लिए ही तो है। संसद का अस्तित्व ही इसलिए है ताकि इसके सदस्य राष्ट्रीय महत्व के विषयों पर चर्चा कर सकें और अपना नजरिया सामने रख सकें। इसलिए इस विशेष सत्र के आयोजन के अवसर पर मैं सभी राजनीतिक दलों के नेताओं और संसद के सभी सदस्यों से आग्रह करता हूं कि वे पूरी निष्ठा और लगन के साथ इसमें भाग लें। सरकार जो भी विधेयक या कार्य सदन के समक्ष लाए उस पर सदन के भीतर गहन और सार्थक चर्चा होनी चाहिए।

Advertisement

किरेन रिजिजू की विपक्ष से अपील

उन्होंने विपक्ष से अपील की कि आप इन प्रस्तावों से सहमत हैं या नहीं- यह एक अलग विषय है। लोकतंत्र में आपको सरकार से सहमत होने या उसके कार्यों का विरोध करने की पूरी स्वतंत्रता है। लेकिन संसदीय सत्र का सुचारू रूप से चलना आवश्यक है। पूरा देश हमें सुन रहा है। देश भर के लोग देखेंगे और याद रखेंगे कि हम संसद में अपने विचार किस तरह रखते हैं। इसलिए यह सभी सांसदों की जिम्मेदारी है कि वे सुनिश्चित करें कि सदन की कार्यवाही सुचारू रूप से चले।

यह भी पढ़ें: '26 सीटें देकर कहोगे कांग्रेस की हैसियत नहीं है, अपनी जमानत जब्त सीटों की टिकट पकड़ा रहे...', सपा को इमरान मसूद की दो टूक

 

Advertisement
Published By:
 Priyanka Yadav
पब्लिश्ड