अपडेटेड 5 November 2024 at 15:19 IST

खरगे का आरोप, कहा- BJP झारखंड के खनिज संसाधनों को लूटना चाहती है, लोगों के कल्याण की...

खरगे ने आरोप लगाया कि भाजपा का झारखंड में लोगों के कल्याण का कोई इरादा नहीं है और वह राज्य के कोयला और अन्य खनिज संसाधनों को ‘‘लूटने’’ के लिए सत्ता हासिल करने की कोशिश कर रही है।

Follow : Google News Icon  
Mallikarjun Kharge
Congress President Mallikarjun Kharge | Image: ANI

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने मंगलवार को आरोप लगाया कि भाजपा का झारखंड में लोगों के कल्याण का कोई इरादा नहीं है और वह राज्य के कोयला और अन्य खनिज संसाधनों को ‘‘लूटने’’ के लिए सत्ता हासिल करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनावी राज्य झारखंड में एकत्रित हो रहे भाजपा नेताओं की संख्या ‘‘कुल उम्मीदवारों की संख्या से अधिक’’ है, जो दर्शाता है कि भाजपा ‘‘एक आदिवासी मुख्यमंत्री से सत्ता छीनना चाहती है।’’ खरगे ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को ‘‘झूठों के सरदार’’ भी करार दिया।

कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया…

कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया, ‘‘भाजपा झारखंड के ‘काले सोने’ (कोयला) पर नजर गड़ाए हुए है और इसके खनिज संसाधनों को लूटना चाहती है। उनका इरादा लोगों का कल्याण नहीं है। भाजपा घुसपैठ की बात करती है, लेकिन केंद्र और असम में उसकी सरकारें अवैध प्रवासियों के खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं करती?’’

झारखंड के मांडू में एक रैली को संबोधित करते हुए खरगे ने आरोप लगाया, ‘‘प्रधानमंत्री झूठों के सरदार हैं। उन्होंने युवाओं को दो करोड़ नौकरियां देने का वादा किया था, लेकिन रोजगार कहां है? उनसे सावधान रहें जो सिर्फ लूट में लिप्त रहेंगे।’’ खरगे ने आरोप लगाया कि भाजपा राज्य में सत्ता छीनना चाहती है लेकिन ‘‘कोई भी हेमंत सोरेन को हटाने की हिम्मत नहीं कर सकता।’’

उन्होंने दावा किया कि सोरेन झारखंड के अगले मुख्यमंत्री होंगे। खरगे ने आरोप लगाया कि केंद्र की भाजपा सरकार ‘‘अमीर लोगों के कल्याण’’ के लिए काम करती है।

Advertisement

कांग्रेस अध्यक्ष ने दावा किया, ‘‘पांच प्रतिशत अमीर लोगों के पास देश की 60 प्रतिशत संपत्ति है, जबकि 50 प्रतिशत गरीब नागरिकों के पास केवल तीन प्रतिशत संपत्ति है...प्रधानमंत्री मोदी ने अमीरों के 16 लाख करोड़ रुपये माफ कर दिए, लेकिन गरीबों, किसानों और दलितों को कोई राहत नहीं दे सके।’’

उन्होंने राज्य के लोगों के कल्याण के लिए झारखंड को कोयले के 1.36 लाख करोड़ रुपये के बकाए का तत्काल भुगतान करने की भी मांग की। झारखंड की 81 विधानसभा सीटों के लिए 13 और 20 नवंबर को चुनाव होंगे, जबकि मतों की गिनती 23 नवंबर को होगी।

Advertisement

ये भी पढ़ें - छठ पूजा पर गिरिराज ने की अपील, 'थूक जिहाद' वाले मुस्लिम दुकानदार...'

(Note: इस भाषा कॉपी में हेडलाइन के अलावा कोई बदलाव नहीं किया गया है)

Published By : Garima Garg

पब्लिश्ड 5 November 2024 at 15:19 IST