अपडेटेड 30 July 2024 at 11:46 IST

तबाही का सैलाब: वायनाड में एक नहीं 2-3 बार लैंडस्लाइड हुई, अबतक 24 मरे...रेस्क्यू के लिए सेना उतरी

Wayanad landslide: केरल के वायनाड में लैंडस्लाइड की सिर्फ एक घटना नहीं हुई थी। अलग-अलग समय 2 से 3 बार भूस्खलन हुआ। अभी तक 24 लोगों की मौत जा चुकी है।

Follow : Google News Icon  
wayanad landslide
वायनाड में लैंडस्लाइड के बाद तबाही मची। | Image: @INCKerala/X

Wayanad landslide: केरल के वायनाड में जो कुदरती तबाही का सैलाब आया, वो अपने पीछे खौफनाक मंजर छोड़ गया। मंगलवार को सुबह तकरीबन 3.49 बजे, जब लगभग अंधेरा रहता है और इसी बीच में भारी बारिश के बाद हुए लैंडस्लाइड ने तबाही मचाई। मंगलवार का सूरज उगा तो वहां का डरावना माहौल था। मंगलवार सुबह की तस्वीरों में दिखा तेज बहाव के साथ बहता पानी ये बताने के लिए काफी है कि पूरे इलाके को तबाही ने कितनी जल्दी अपने आगोश में लिया होगा। पहले मूसलाधार बारिश और उसके बाद हुई लैंडस्लाइड ने पूरे इलाके का नक्श बदल दिया था। लोग कुछ समझ पाते और खुद को संभाल पाते वो मलबे में दबते गए। अभी तक 24 लोगों की मौत जा चुकी है और ये आंकड़ा बढ़ने की संभावना भी है। वो इसलिए कि मलबे में लगभग 100 लोग अभी भी दबे हुए बताए जा रहे हैं। हालांकि इन लोगों की जान बचाने के लिए युद्धस्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू हो चुका है और यहां भारतीय सेना को भी उतार दिया गया है।

केरल के वायनाड में लैंडस्लाइड की सिर्फ एक घटना नहीं हुई थी। अलग-अलग समय 2 से 3 बार भूस्खलन हुआ। पहला भूस्खलन रात करीब 1 बजे हुआ और उसके बाद दूसरा भूस्खलन अलसुबह करीब 4 बजे हुआ। हाल ये था कि आसपास के मकान और स्कूल टूट गए। लोगों के घरों में पानी और कीचड़ घुस गया। केरल की मंत्री वीना जॉर्ज के मुताबिक, भूस्खलन ने मेप्पाडी, मुंडक्कल टाउन और चूरलमाला इलाकों को प्रभावित किया है। इलाके में एक पुल भी बह गया।

बड़े पैमाने पर रेस्क्यू ऑपरेशन, सेना तैनात

हालात को देखते हुए बड़े पैमाने पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया है। वैसे तो रात में ही फंसे लोगों को निकालने का काम शुरू हो चुका था। अग्निशमन और राहत बचाव की टीमों को रेस्क्यू ऑपरेशन में लगाया गया था। हालांकि ज्यादा परेशानी वाली जगहों पर NDRF की टीम ने मोर्चा संभाला। लोगों को एयरलिफ्ट करने के लिए एयरफोर्स के दो हेलीकॉप्टर की भी मदद ली गई है। स्थिति को देखते हुए आर्मी को भी लगा दिया गया है।

अधिकारियों ने एक बयान में कहा कि सेना ने चार टुकड़ियां जुटाई हैं, जिनमें 122 इन्फैंट्री बटालियनकी दो टुकड़ियां और कन्नूर के डीएससी केंद्र की दो टुकड़ियां शामिल हैं। सेकेंड-इन-कमांड के तहत एक टीम, एक चिकित्सा अधिकारी, दो जेसीओ और 40 सैनिकों को बचाव कार्य में सहायता के लिए तैनात किया गया है। इधर, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सेना प्रमुख से बात की और उन्हें भूस्खलन प्रभावित केरल के वायनाड में सहायता और बचाव के लिए सेना को तैनात करने को कहा। सेना की टीमें मौके पर पहुंच गई हैं।

Advertisement

यह भी पढे़ं: ट्रैक पर थे डिरेल हुए मालगाड़ी के डिब्बे, उसी से टकराई हावड़ा-मुंबई एक्सप्रेस

स्पेशल कंट्रोल रूम बनाए गए

वायनाड में स्थिति के मद्देनजर जिला प्रशासन ने तिरुवनंतपुरम पुलिस मुख्यालय में एक स्पेशल कंट्रोल रूम स्थापित किया है, जो 24 घंटे घुला रहे और जनता यहां सूचना दे सकती है। स्पेशल कंट्रोल रूम राज्य पुलिस प्रमुख के सीधे नियंत्रण में कार्य करता है। इसके साथ हेल्पलाइन नंबर (9497900402, 0471 2721566) जारी किए गए हैं।  फोन नंबर -

Advertisement

PM मोदी ने केरल के CM से बात की

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन से भी बात की और वहां मौजूदा स्थिति के मद्देनजर केंद्र से हर संभव मदद का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि प्रभावित सभी लोगों की सहायता के लिए बचाव अभियान अभी चल रहा है। इसके साथ प्रधानमंत्री मोदी ने भूस्खलन में मारे गए लोगों के परिजनों को 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की। प्रधानमंत्री कार्यालय ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, 'प्रधानमंत्री ने वायनाड के कुछ हिस्सों में भूस्खलन में मारे गए प्रत्येक व्यक्ति के परिजनों के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि की घोषणा की है।' पोस्ट में आगे कहा गया है कि घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।

यह भी पढे़ं: झारखंड में हावड़ा-मुंबई मेल डिरेल, 2 यात्रियों की मौत, 50 घायल

Published By : Dalchand Kumar

पब्लिश्ड 30 July 2024 at 11:46 IST