केरल के वायनाड में बारिश ने बरसाया कहर, लैंडस्लाइड के बीच फंसे 100 से ज्यादा लोग; रेस्क्यू जारी
Kerala News: केरल के वायनाड में भारी बारिश ने कहर बरसा रखा है। बारिश के बीच लैंडस्लाइड की खबर सामने आई है, जिसमें 100 लोगों के फंसे होने की उम्मीद है।
- भारत
- 2 min read

Kaerala News: केरल के वायनाड में भारी बारिश ने कहर बरसा रखा है। बारिश के बीच लैंडस्लाइड की खबर सामने आई है, जिसमें 100 लोगों के फंसे होने की उम्मीद जताई जा रही है। वहीं NDRF की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया है।
बता दें, भारी बारिश के बाद वायनाड में भूस्खलन हुआ है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जानकारी दी गई है कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन ने आपातकालीन सहायता के लिए एक नियंत्रण कक्ष खोला है और हेल्पलाइन नंबर 9656938689 और 8086010833 जारी किए हैं। वायुसेना के दो हेलीकॉप्टर Mi-17 और एक ALH सुबह 7.30 बजे सुलूर से रवाना होंगे। बचाव कार्यों का समन्वय किया जाएगा।
घटना में दो बच्चों समेत 5 की मौत
वायनाड जिले में मंगलवार को हुए भूस्खलन में दो बच्चों सहित पांच लोगों की मौत की पुष्टि हुई। वायनाड जिला प्राधिकारियों के अनुसार, चूरलमाला कस्बे में एक बच्चे समेत चार लोगों की मौत हुई है। वहीं थोंडरनाड गांव में एक नेपाली परिवार के एक साल के बच्चे की मौत हो गई।
प्लेन से लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने की हो रही प्लानिंग
अधिकारियों ने बताया कि मुंडक्कई, चूरलमाला, अट्टामाला और नूलपुझा गांव भूस्खलन से प्रभावित और कटे हुए इलाकों में से हैं। यूडीएफ विधायक टी सिद्दीकी ने एक वीडियो संदेश में कहा कि जिला अधिकारी मुंडक्कई क्षेत्र से लोगों को हवाई मार्ग से निकालने की योजना बना रहे हैं। विधायक टी सिद्दीकी ने कहा, "फिलहाल, भूस्खलन में लापता और मृत लोगों के बारे में हमारे पास पूरी जानकारी नहीं है। कई इलाके कट गए हैं। एनडीआरएफ के जवान उन जगहों पर पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं।" इस बीच, केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने फेसबुक पोस्ट में कहा कि खोज और बचाव अभियान में हिस्सा लेने के लिए वायुसेना के दो हेलीकॉप्टर जल्द ही सुलूर से वायनाड के लिए रवाना होंगे। जिला प्राधिकारियों के अनुसार, भूस्खलन के कारण कई परिवारों को विभिन्न शिविरों या अपने रिश्तेदारों के घरों में स्थानांतरित कर दिया गया है।