JPSC Protest: रांची में छात्रों का आर-पार! आज झारखंड विधानसभा का करेंगे घेराव, जानिए किस एक डिमांड पर फंसा है पूरा पेंच
झारखंड में JPSC और JSCC में धांधली के खिलाफ छात्रों का प्रदर्शन जारी है। छात्र रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में डटे हुए हैं। इस बीच सरकार के साथ तीन दौर की बातचीत फेल होने के बाद आज छात्र झारखंड विधानसभा का घेराव करेंगे।
- भारत
- 3 min read

झारखंड में JPSC और JSCC में धांधली के खिलाफ छात्रों का प्रदर्शन जारी है। छात्र रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में डटे हुए हैं। इस बीच सरकार के साथ तीन दौर की बातचीत फेल होने के बाद आज छात्र झारखंड विधानसभा का घेराव करेंगे। सुबह 10 बजे छात्रों का मार्च शुरू होगा। छात्रों के विधानसभा मार्च को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। विधानसभा के आसपास कई लेयर की सिक्योरिटी की गई है। कंटीले तारों से बेरिकेडिंग की गई है। छात्रों ने ऐलान किया है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा।
आपको बता दें कि JPSC और झारखंड सिविल सर्विस कमीशन (JSSC) की भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर छात्र 25 जुलाई से रांची के जयपाल सिंह स्टेडियम में आंदोलन कर रहे हैं। छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो 2 अगस्त से भूख हड़ताल कर रहे हैं। छात्रों का आंदोलन खत्म करने और देवेंद्र नाथ महतो का अनशन तुड़वाने की कोशिश सरकार कर रही है। रविवार को सरकार ने छात्रों से बातचीत भी की, लेकिन ये भी बेनतीजा निकली।
रांची में उमड़ा छात्रों का हुजूम
वहीं रविवार सुबह से ही राज्य के अलग-अलग जिलों से छात्र रांची पहुंच रहे हैं। पुरानी विधानसभा परिसर और मोरहाबादी मैदान के पास अभ्यर्थियों की भीड़ इतनी बढ़ गई कि वहां बना पंडाल छोटा पड़ गया है। वहीं पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि छात्रों के विधानसभा मार्च को देखते हुए सभी जरूरी सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं।
Advertisement
छात्रों ने अपने साथियों के लिए एक एडवाइजरी जारी की है। इस एडवाइजरी में छात्रों को पुलिस या किसी भी सुरक्षा बल के साथ किसी भी झड़प से बचने की सलाह दी गई। छात्रों से शांतिपूर्ण तरीके से एकजुट होने की अपील की गई है। विधानसभा की ओर बढ़ते समय यातायात बाधित न करने और राहगीरों व आम लोगों को परेशानी न होने देने को कहा गया है।
छात्रों को पुलिस या किसी भी सुरक्षा बल के साथ झड़प से बचने की सलाह दी गई है। अगर कोई व्यक्ति झड़प या हंगामा करता है तो उसका साथ न देने को कहा गया है। साथ ही किसी भी तरह की अराजकता से दूर रहने और ऐसी स्थिति में पुलिस को सूचना देने की अपील की गई है। छात्रों से सरकार के सामने अपनी मांगें शांतिपूर्ण तरीके से रखने और प्रदर्शन के दौरान समझदारी व संयम बनाए रखने को कहा गया है। साथ ही छात्रों को किसी भी तरह की अफवाह पर भरोसा न करने की सलाह दी गई है।
Advertisement
इस एक डिमांड पर फंसा है पूरा पेंच
सरकार का दावा है कि आंदोलनकारी छात्रों की 98 फीसदी मांगें मान ली गई हैं। छात्रों के प्रदर्शन के बीच रविवार को झारखड पब्लिक सर्विस कमीशन (JPSC) के तीन सदस्यों का इस्तीफा भी हो गया है। कथित अनियमितताओं की CBI जांच की मांग को छोड़कर बाकी सभी मांगों को मान लिया गया है। वहीं, छात्रों का कहना है कि जब तक सारी मांगें पूरी नहीं हो जातीं, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
रांची जिला प्रशासन ने छात्रों से की ये अपील
उधर, रविवार आधी रात से जमशेदपुर में भी निषेधाज्ञा (धारा 163) लागू कर दी गई है। रांची जिला प्रशासन ने आंदोलनकारी छात्रों से किसी भी तरह के उग्र प्रदर्शन में शामिल नहीं होने की अपील की है। प्रशासन ने विधानसभा मार्च के दौरान हिंसा और गैरकानूनी गतिविधियों को लेकर भी चेतावनी दी है। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि झारखंड के विभिन्न हिस्सों से राजधानी रांची आ रहे सैकड़ों छात्रों को पुलिस बलपूर्वक रोक रही है।