J&K: रामबन में बादल फटने के बाद भारी नुकसान, 37 घर और एक मंदिर क्षतिग्रस्त, मवेशी भी लापता... पुनर्वास किया जा रहा
गूल सब डिविजन में बादल फटने की घटना के बाद तबाही मच गई। तेज बारिश के चलते अचानक आई बाढ़ ने 37 घरों और एक मंदिर को नुकसान पहुंचाया।
- भारत
- 2 min read

Cloudburst Ramban: जम्मू-कश्मीर के रामबन में बादल फटने की घटना के बाद तबाही मच गई। तेज बारिश के चलते अचानक आई बाढ़ ने 37 घरों और एक मंदिर को नुकसान पहुंचाया। हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी की जान नहीं गई। प्रशासन ने तत्काल राहत कार्य शुरू कर दिया है और प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है।
गूल के सब डिविजनल मजिस्ट्रेट इम्तियाज अहमद ने कहा- कल सुबह यहां बादल फटने की घटना हुई, इस बाढ़ में 37 घर और एक मंदिर क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि संपत्ति का बहुत नुकसान हुआ, लेकिन किसी की जान नहीं गई। कई मवेशी भी लापता बताए जा रहे हैं। नुकसान का पूरा आकलन किया जाएगा और सभी आवश्यक सहायता दी जाएगी। पुनर्वास किया जा रहा है और हम दवा और भोजन जैसी सभी आवश्यक चीजें प्रदान कर रहे हैं।
जम्मू-श्रीनगर हाइवे अभी भी ठप
बादल फटने से रविवार सुबह जम्मू कश्मीर के रामबन जिले में अचानक बाढ़ और भूस्खलन के हालात बन गए। कुदरती कहर में तीन लोगों की मौत हो गई। 250 किलोमीटर लंबे जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात को रोक दिया गया है। ये कश्मीर को देश के बाकी हिस्सों से जोड़ने वाला इकलौता ऑल-वेदर रोड है। नाशरी और बनिहाल के बीच करीब एक दर्जन जगहों पर भूस्खलन के कारण यातायात रोकना पड़ा है।रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है, लेकिन अब भी सैकड़ों वाहन फंसे हुए हैं।
सेना ने फंसे हुए यात्रियों की मदद के लिए कई कदम उठाए हैं। रामबन सेक्टर में कई जगहों पर खाना, पानी और चिकित्सा की सुविधा दी जा रही है।एनएचएआई के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक 20 जगहों पर चल रहे सड़क सफाई अभियान में करीब छह दिन लग सकते हैं।