Jharkhand Band: छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में आज BJP का राज्यव्यापी बंद, हाई अलर्ट पर रांची पुलिस; 3000 जवान तैनात
छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में BJP ने आज, मंगलवार को राज्यव्यापी बंद का ऐलान किया है। बंद के मद्देनजर राजधानी रांची में पुलिस हाई अलर्ट पर है। 3000 अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।
- भारत
- 3 min read

झारखंड में JPSC और JSSC परीक्षाओं में अनियमितताओं को लेकर छात्रों का आंदोलन जारी है। राजधानी रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में पिछले 18 दिनो से छात्र अपनी मांगों को लेकर धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। सोमवार को विधानसभा घेराव के दौरान पुलिस द्वारा लाठीचार्ज और आंसू गैस का इस्तेमाल किए जाने के बाद विवाद और गहरा गया है। इस कार्रवाई के विरोध में भाजपा ने आज, 11 अगस्त को झारखंड बंद का आह्वान किया है। बंद के मद्देनजर पुलिस हाई अलर्ट पर है।
छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में BJP ने आज, मंगलवार को राज्यव्यापी बंद का ऐलान किया है। बंद के ऐलान के बाद राजधानी रांची में पुलिस हाई अलर्ट पर है। किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखी जा रही है। पुलिस की खास नजर जयपाल सिंह स्टेडियम में डेरा डाले छात्रों पर भी है। स्टेडियम से लेकर विधानसभा तक सुरक्षा बलों की विशेष तैनाती की गई है।
कंट्रोल रूम से पूरे शहर की निगरानी करेगी पुलिस
शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, संवेदनशील स्थानों और संभावित प्रदर्शन स्थलों पर अतिरिक्त बल तैनात किए गए हैं। पुलिसकर्मियों को अलर्ट मोड में रहने का निर्देश दिया गया है। बंद के दौरान यातायात व्यवस्था सामान्य रखने और सरकारी-निजी प्रतिष्ठानों के सुचारू संचालन को सुनिश्चित करने की कोशिश रहेगी। सिटी कंट्रोल रूम से पूरे शहर की निगरानी की जा रही है। ड्रोन के जरिए भी संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों की निगरानी की जाएगी।
3000 अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती
रांची में बंद को लेकर करीब 3000 पुलिसकर्मियों को ड्यूटी पर लगाया गया है। इनमें जिला पुलिस के साथ जरूरत के मुताबिक अतिरिक्त बल भी शामिल है। पूरी सुरक्षा व्यवस्था की मॉनिटरिंग रांची के एसएसपी राकेश रंजन कर रहे हैं। पुलिस ने चेतावनी दी है कि शांतिभंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उपद्रव करने वालों पर सीसीटीवी से भी नजर रखी जाएगी।
Advertisement
JPSC के पूर्व अध्यक्ष गिरफ्तार
दूसरी ओर, इस पूरे मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने मनी लॉन्ड्रिंग की जांच शुरू कर दी है। झारखंड CID ने जेपीएससी के पूर्व अध्यक्ष एल.ख्यांगते को गिरफ्तार किया है। सीआईडी द्वारा अब तक कुल 20 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। ईडी ने मुख्य रूप से जेएसएससी-सीजीएल परीक्षा में हुई वित्तीय अनियमितताओं को लेकर मनी लॉन्ड्रिंग का मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।
क्या है छात्रों की मांग?
राज्य सरकार ने 14वीं जेपीएससी नागरिक सेवा परीक्षा तथा 2023 और 2025 की बैकलाग परीक्षाओं को रद्द करने पर सहमति जताई है। हालांकि जेएसएससी-सीजीएल परीक्षा रद्द करने के मामले में सरकार का कहना है कि यह मामला कोर्ट की निगरानी में है, इसलिए इसे सीधे रद्द नहीं किया जा सकता।छात्रों की मुख्य मांगें हैं कि जेएसएससी-सीजीएल परीक्षा में हुई अनियमितताओं की सीबीआई जांच कराई जाए या राज्य से बाहर के सेवानिवृत्त उच्च न्यायालय के न्यायाधीशों की समिति से स्वतंत्र जांच कराई जाए।