पब्लिश्ड 06:57 IST, April 1st 2024
Jammu-Srinagar नेशनल हाईवे यातायात के लिए फिर से खुला, करीब 15 घंटे तक रहा बंद
जम्मू-कश्मीर के रामबन में कुछ स्थानों पर हुई बारिश के कारण हुए भूस्खलन के बाद जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात 15 घंटे से ज्यादा समय तक निलंबित रहा।

जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले में कुछ स्थानों पर शनिवार रात हुई बारिश के कारण हुए भूस्खलन के बाद रविवार को जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात 15 घंटे से अधिक समय तक निलंबित रहा। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
यातायात विभाग के अधिकारियों ने बताया कि शाम करीब चार बजे मार्ग साफ किये जाने के बाद सैकड़ों फंसे वाहनों को अपने-अपने गंतव्य की ओर जाने की अनुमति दे दी गई। जम्मू कश्मीर के रामबन जिले के कुछ इलाकों में बारिश के बाद भूस्खलन के कारण जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग को रविवार को वाहनों के आवागमन के लिए बंद कर दिया गया था।
अधिकारियों ने बताया कि आधी रात के आसपास बनिहाल क्षेत्र में नचलाना के पास किश्तवारी पाथेर में भारी भूस्खलन हुआ, जबकि मिट्टी धंसने से और पहाड़ी से पत्थर गिरने से रामबन शहर के पास मेहर-कैफेटेरिया मोड़ पर सड़क अवरुद्ध हो गई।
यातायात विभाग के अधिकारी ने बताया कि भूस्खलन के बाद आज सुबह श्रीनगर जाने वाले वाहनों को जम्मू के नगरोटा और उधमपुर के जखानी में रोक दिया गया। जम्मू की ओर जाने वाले वाहनों को दक्षिण कश्मीर में काजीगुंड से आगे जाने की अनुमति नहीं दी गई।
(Note: इस भाषा कॉपी में हेडलाइन के अलावा कोई बदलाव नहीं किया गया है)
अपडेटेड 07:42 IST, April 1st 2024