बच्चों के आगे जोड़े हाथ, फिर... अमायरा के चौथी मंजिल से गिरने के बाद ऐसा था क्लास टीचर का बर्ताव, नए CCTV ने खड़े किए कई सवाल

जयपुर के अमायरा केस में घटना वाले दिन का एक नया CCTV फुटेज सामने आया है। इसमें बच्ची के चौथी मंजिल से गिरने की सूचना मिलने के बाद भी क्लास टीचर पुनीता शर्मा सामान्य रूप से कॉपियां चेक करती दिख रही हैं। वीडियो के एक हिस्से में वे क्लास के बच्चों के सामने हाथ जोड़ती और उन्हें निर्देश देती नजर आ रही हैं।

  • Facebook Share Icon
  • Twitter Share Icon
  • WhatsApp Share Icon
 
Follow : Google News Icon
Jaipur Amyra Case
जयपुर का अमायरा सुसाइड केस | Image: Republic

Jaipur Amyra Case: जयपुर के नामी नीरजा मोदी स्कूल में 9 साल की छात्रा अमायरा की मौत के मामले में न्याय की गुहार लगाते हुए माता-पिता पिछले 8 महीने से इंसाफ की लड़ाई लड़ रहे हैं। घटना वाले दिन का एक और CCTV फुटेज सामने आया है, जिसने स्कूल प्रशासन और क्लास टीचर की भूमिका पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

यह पूरा मामला 1 नवंबर 2025 का है, जब अमायरा ने स्कूल की चौथी मंजिल से छलांग लगाकर अपनी जान दे दी थी। नया सामने आया वीडियो अमायरा के चौथी मंजिल से कूदने के ठीक बाद का बताया जा रहा है।

कॉपियां चेक करती दिखीं क्लास टीचर

वीडियो में दिख रहा है कि अमायरा के कूदने के बाद एक बच्ची क्लासरूम में आती है। पहले वह अपनी एक दोस्त को कुछ बताती है और फिर सीधा क्लास टीचर पुनीता शर्मा के पास जाकर अमायरा के नीचे गिरने की जानकारी देती है। हैरान करने वाली बात यह है कि इतनी बड़ी और संवेदनशील सूचना मिलने के बाद भी क्लास टीचर पुनीता शर्मा के चेहरे पर कोई शिकन या तत्परता नहीं दिखती। वे सामान्य रूप से बच्चों की कॉपियां चेक करने में ही व्यस्त रहती हैं।

सूचना दिए जाने के बाद भी क्लासरूम का माहौल कई मिनटों तक बिल्कुल सामान्य बना रहा। जब कुछ और बच्चे टीचर के पास जाते दिखाई देते हैं, तो पुनीता शर्मा उन्हें क्लासरूम से बाहर जाने का निर्देश देती हैं। हालांकि, थोड़ी ही देर बाद वे बच्चों को क्लास में वापस बुला लेती हैं। वीडियो में वे बच्चों को कुछ समझाती और निर्देश देती दिख रही हैं, जो कई बड़े सवाल खड़े करता है।

Advertisement

बच्चों के सामने क्यों जोड़े हाथ?

सीसीटीवी फुटेज के एक हिस्से में क्लास टीचर पुनीता शर्मा छोटे बच्चों के सामने हाथ जोड़ती हुई भी नजर आ रही हैं। इस दृश्य ने यह गंभीर सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर टीचर बच्चों के सामने हाथ क्यों जोड़ रही थीं? क्या वे अपनी लापरवाही को छिपाने के लिए बच्चों पर किसी तरह का दबाव बना रही थीं या फिर किसी सच को दबाने की कोशिश कर रही थीं? वीडियो में आगे दिख रहा है कि थोड़ी देर बाद एक मैथ्स टीचर भी वहां आती हैं, दोनों क्लास में मौजूद बच्चों से बात करती हैं और फिर अपनी सीट की तरफ वापस लौट जाती हैं।

पूरे मामले में सबसे गंभीर सवाल टाइमिंग को लेकर उठ रहा है। फुटेज के अनुसार, क्लास टीचर पुनीता शर्मा को अमायरा के गिरने की जानकारी दोपहर 12 बजकर 32 मिनट पर मिल गई थी। ऐसे में सवाल उठता है कि बच्ची के माता-पिता को इसकी जानकारी देने में इतनी देरी क्यों की गई और उन्हें दोपहर 1 बजकर 8 मिनट पर क्यों सूचित किया गया?

Advertisement

परिवार वालों के गंभीर आरोप

अमायरा के परिवार वालों का आरोप है कि उनकी बेटी लंबे समय तक स्कूल में बुलिंग का शिकार हो रही थी और वो इस दौरान टीचर्स से शिकायत की लेकिन कोई एक्शन नहीं लिया गया। इससे पहले भी स्कूल से घटना वाले दिन का एक CCTV फुटेज सामने आया था। अमायरा के माता-पिता का दावा है कि CCTV फुटेज में कुछ बच्चे डिजिटल स्लेट पर कुछ लिखकर अमायरा को दिखाते हैं। इस दौरान वीडियो में वह कई बार अपनी सीट छोड़कर क्लास टीचर के पास जाती है, उनसे बात करती है, लेकिन कुछ ही देर बाद अचानक क्लास से बाहर निकल जाती है और कुछ ही पलों बाद चौथी मंजिल तक पहुंच जाती है।

अमायरा के पिता विजय मीणा और मां शिवानी ने पुलिस की जांच और चार्जशीट पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि बच्ची लगातार मानसिक प्रताड़ना झेल रही थी और कई बार स्कूल प्रशासन को शिकायत भी दी गई थी, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।

यह भी पढ़ें: सुप्रीम कोर्ट में हंगामा करने वाला आरोपी प्रबल प्रताप गिरफ्तार, साथी को भी पकड़ा; जजों को कहा था ‘ज्यूडिश्यिल सर्वेंट’
 

Published By:
 Ruchi Mehra
पब्लिश्ड