तिरुपति मंदिर को जैन दंपती का 208 करोड़ का महादान, CM के सामने भेंट किया 121 किलो सोना

चेन्नई के एक जैन दंपति, वर्धमान और राधिका जैन ने आंध्र प्रदेश स्थित विश्व प्रसिद्ध तिरुपति बालाजी मंदिर में अपनी अटूट आस्था प्रकट करते हुए एक ऐतिहासिक दान किया है। उन्होंने भगवान वेंकटेश्वर के चरणों में 121 किलोग्राम वजनी बेशकीमती सोने के आभूषण और बेशुमार हीरे अर्पित किए हैं। इस भव्य और अभूतपूर्व दान की कुल अनुमानित कीमत लगभग 208 करोड़ रुपये आंकी गई है।

  • Facebook Share Icon
  • Twitter Share Icon
  • WhatsApp Share Icon
 
Follow : Google News Icon
तिरुपति मंदिर को जैन दंपती का 208 करोड़ का महादान, CM के सामने भेंट किया 121 किलो सोना
तिरुपति मंदिर को जैन दंपती का 208 करोड़ का महादान, CM के सामने भेंट किया 121 किलो सोना | Image: X

आंध्र प्रदेश के विश्वप्रसिद्ध तिरुमाला स्थित भगवान वेंकटेश्वर मंदिर में आस्था और समर्पण की एक अनूठी मिसाल देखने को मिली है। चेन्नई के एक जैन दंपति ने भगवान को करीब 208 करोड़ रुपये मूल्य के बेशकीमती सोने और हीरे के आभूषण अर्पित किए हैं। वर्धमान जैन और उनकी पत्नी राधिका जैन ने मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू की गरिमामयी उपस्थिति में तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम (TTD) को यह भव्य भेंट सौंपी। मंदिर के इतिहास में किसी एक भक्त द्वारा दिया गया यह अब तक का सबसे बड़ा व्यक्तिगत दान माना जा रहा है।

नौ सेटों में तैयार 46 दिव्य आभूषण

आधिकारिक जानकारी के अनुसार, इस महादान में कुल 121 किलोग्राम सोना और 238.2 कैरेट के दुर्लभ हीरे शामिल हैं, जिनसे नौ सेटों में कुल 46 आभूषण तैयार किए गए हैं। इन गहनों में भगवान का स्वर्ण मुकुट, पैरों के आभूषण 'पद्म पादालु', सोने के बाघ के नाखून और आकर्षक डिजाइन वाली चेन शामिल हैं। कुल 121 किलोग्राम सोने में से 106 किलोग्राम के आभूषण भगवान श्रीवरु (वेंकटेश्वर) को समर्पित किए गए हैं, जबकि शेष 15 किलोग्राम के आभूषण और विशेष पोशाक देवी श्री पद्मावती अम्मावरु को भेंट की गई है।

मुख्यमंत्री नायडू ने बताया अभूतपूर्व अवसर

इस ऐतिहासिक अवसर पर मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने जैन दंपति की उदारता के प्रति गहरा आभार व्यक्त किया। उन्होंने इसे तिरुमाला के इतिहास की एक अभूतपूर्व घटना बताते हुए कहा कि भगवान श्रीवरु की महिमा का वर्णन शब्दों में संभव नहीं है और वे स्वयं को इस पल का साक्षी बनकर सौभाग्यशाली महसूस कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि भगवान वेंकटेश्वर का प्रतिदिन लगभग 120 किलोग्राम स्वर्ण आभूषणों से श्रृंगार किया जाता है, जिसमें यह भेंट अब चार चांद लगाएगी।

शाही राजवंशों की परंपरा का निर्वहन

मंदिर की गौरवशाली परंपरा को याद करते हुए नायडू ने कहा कि मध्यकालीन सम्राटों से लेकर आधुनिक युग के भक्तों तक, भगवान के प्रति अटूट श्रद्धा निरंतर बनी हुई है। उन्होंने विजयनगर साम्राज्य के राजा श्री कृष्णदेवराय का विशेष उल्लेख किया, जिन्होंने 'रत्न कीरीटम' और 'पीतांबरम' जैसे अमूल्य आभूषण भेंट किए थे। इसके अतिरिक्त, पल्लव, चोल, चेर, पांड्य, मैसूर और मराठा राजवंशों ने भी मंदिर के वैभव और विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

Advertisement

5,000 नए मंदिरों के निर्माण और गो-रक्षा का संकल्प

मुख्यमंत्री ने TTD की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए इसे एक पारदर्शी संस्था बताया जो संसाधनों का उपयोग जनकल्याण में करती है। उन्होंने मंदिर की पवित्रता बनाए रखने और गोवंश की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर जोर दिया। नायडू ने घोषणा की कि TTD के सहयोग से देशभर में 5,000 नए मंदिरों का निर्माण किया जाएगा और विदेशों में भी हिंदू आबादी वाले क्षेत्रों में मंदिर स्थापित किए जाएंगे। साथ ही, उन्होंने प्रत्येक मंदिर में श्रद्धालुओं के लिए 'अन्न प्रसादम' (निःशुल्क भोजन) की व्यवस्था करने का सुझाव दिया और भक्तों से अपनी क्षमतानुसार धर्म कार्य में सहयोग करने की अपील की।

ये भी पढ़ें - WhatsApp New Feature: किसी को मैसेज करना भूलने का झंझट खत्म, 10 मिनट से 14 दिन पहले तक आप कर सकेंगे मैसेज शेड्यूल

Advertisement
Published By:
 Aarya Pandey
पब्लिश्ड