अपडेटेड 23 February 2026 at 16:16 IST
सुरक्षाबलों पर पथराव, गाड़ियों को पलटा, तोड़फोड़ की... पानीपत में लाठी-डंडों से लैस होकर कर्मचारियों ने किया बवाल, क्या है मांग?
पानीपत रिफाइनरी में हड़ताली कर्मचारियों ने सुरक्षा बलों पर पथराव कर दिया, देखते ही देखती प्रदर्शन हिंसक हो गया, वहां खड़ी गाड़ियों को पलटा दिया गया। जानें हरियाणा के पानीपत में स्थित इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन की रिफाइनरी में ये हंगामा क्यों हो रहा है? कर्मचारियों की क्या कुछ मांगें हैं जानें
- भारत
- 3 min read
IOCL Panipat Refinery Workers Strike: हरियाणा में पानीपत की रिफाइनरी में सुरक्षा बलों पर पथराव किया गया। हजारों की संख्या में हड़ताल कर रहे कर्मचारियों से उस वक्त तनातनी का माहौल बन गया, जब वहां मौजूद सुरक्षा बलों ने कर्मचारियों को एक दायरे में रहकर शांति पूर्वक अपना धरना प्रदर्शन करने की बात कही।
इसके बाद अलग-अलग कर्मचारी लाठी-डंडों से लैस होकर आगे की ओर बढ़े। साथ ही उनको बैकअप करते हुए कई कर्मचारी पथराव करते हुए आगे बढ़ते रहे थे। देखते ही देखते हिंसक माहौल बन गया, इस बीच कुछ श्रमिकों ने निर्माणाधीन प्रोजेक्ट के पास कई गाड़ियों को भी पलटा दिया और तोड़फोड़ शुरू हो गई। किसी तरह CISF और जिला स्थानीय पुलिस ने मोर्चा संभाला और कर्मचारियों को शांत करवाया। इसके बाद कर्मचारियों के प्रदर्शन को लीड कर रहे उनके लीडर्स से पुलिस ने बातचीत की। इस दौरान लीडर्स ने कर्मचारियों की सभी मांगों को सामने रखा।
हड़ताल कर रहे कर्मचारियों पर हल्का बल प्रयोग
हजारों कर्मचारी हड़ताल पर थे। वे अपनी मांगों को लेकर धरना दे रहे थे। लेकिन जब सुरक्षा बलों ने उन्हें एक तय दायरे में रहकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने को कहा, तो माहौल तनावपूर्ण हो गया। पुलिस रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह घटना दोपहर के वक्त हुई, जब प्रदर्शन चरम पर था। स्थानीय प्रशासन ने बताया कि बड़ा हादसा टल गया, क्योंकि रिफाइनरी जैसे संवेदनशील इलाके में आग लगने या विस्फोट का खतरा रहता है। सेंट्रल इंडस्ट्रियल सिक्योरिटी फोर्स (CISF) और जिला पुलिस ने मिलकर मोर्चा संभाला। उन्होंने कर्मचारियों को शांत करने के लिए हल्का बल प्रयोग किया।
क्या है कर्मचारियों की मांगें?
प्रदर्शनकारी कर्मचारियों के लीडर्स ने पुलिस से बातचीत में अपनी मांगें रखीं। मुख्य मांगों में शामिल हैं- 1. वेतन वृद्धि और बेहतर कार्य स्थितियां, 2. कॉन्ट्रैक्ट कर्मचारियों को स्थायी नौकरी. 3. सुरक्षा उपकरणों की बेहतर व्यवस्था, 4. ओवरटाइम भत्ते में बढ़ोतरी और 5. स्वास्थ्य बीमा की सुविधा की मांग की जा रही है।
Advertisement
ये मांगें लंबे समय से लंबित हैं। यूनियन लीडर्स का कहना है कि प्रबंधन उनकी बात नहीं सुन रहा, जिससे हड़ताल जरूरी हो गई। हालांकि, कंपनी की ओर से अभी कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। हरियाणा के श्रम विभाग ने दोनों पक्षों को बातचीत की मेज पर बुलाया है। उम्मीद है कि जल्द ही समाधान निकलेगा, ताकि उत्पादन प्रभावित न हो।
हड़ताल की वजह से कई रास्ते ब्लॉक
यह घटना हरियाणा के औद्योगिक क्षेत्र में चल रही अशांति को दिखाती है। पानीपत रिफाइनरी देश की प्रमुख ईंधन उत्पादन इकाइयों में से एक है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, स्थानीय लोगों को हड़ताल की वजह से काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, क्योंकि रोड ब्लॉक से यातायात प्रभावित है। फिलहाल प्रशासन ने रिफाइनरी के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी है। वहीं, कर्मचारी अभी भी धरने पर हैं। यूनियन ने कहा है कि मांगें नहीं माने जाने तक हड़ताल जारी रहेगी।
Advertisement
Published By : Nidhi Mudgill
पब्लिश्ड 23 February 2026 at 16:16 IST