अपडेटेड 1 February 2024 at 11:04 IST
डिजिटल तरीके से पेश होगा बजट, हिंदी और अंग्रेजी में होंगे दस्तावेज; आम जनता यहां देख सकती है Budget
Interim Budget 2024: बजट के दस्तावेजों को आम लोग भी देख सकते हैं। ये बजट दस्तावेज हिंदी और अंग्रेजी दोनों में होंगे।
- भारत
- 2 min read

Interim Budget 2024 News : संसद में अंतरिम बजट पेश करने के लिए केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण (Finance Minister Nirmala Sitharaman) पूरी तरह तैयार हैं। निर्मला सीतारमण अपने सहयोगियों राज्य मंत्रियों भागवत कराड और पंकज चौधरी के साथ राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू (President Droupadi Murmu) से मुलाकात कर चुकी हैं। केंद्रीय कैबिनेट ने भी बजट को मंजूरी दी है। अभी संसद की कार्यवाही शुरू होने के साथ ही केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण अंतरिम बजट पेश करेंगी।
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आज संसद में अपने बड़े भाषण से पहले वित्त मंत्रालय पहुंचीं। उन्हें लाल रंग का 'बही खाता' ले जाते हुए देखा गया, जिसमें कागज रहित रूप में बजट दस्तावेज होता है। पिछले 3 साल में एक नई परंपरा स्थापित की गई है, जहां वित्त मंत्री बजट दस्तावेजों को बही खाते में इलेक्ट्रॉनिक रूप में रखते हैं।
आम लोग भी देख सकते हैं बजट दस्तावेज
बजट के दस्तावेजों को आम लोग भी देख सकते हैं। ये बजट दस्तावेज हिंदी और अंग्रेजी दोनों में होंगे। वित्त मंत्रालय के मुताबिक, संविधान द्वारा निर्धारित वार्षिक वित्तीय विवरण (आमतौर पर बजट के रूप में जाना जाता है), अनुदान मांगें (डीजी), वित्त विधेयक समेत केंद्रीय बजट के सभी दस्तावेज 'केंद्रीय बजट मोबाइल ऐप' पर उपलब्ध होंगे।
Advertisement
मोबाइल ऐप पर हिंदी-अंग्रेजी में मिलेंगे दस्तावेज
वित्त मंत्रालय के अनुसार, डिजिटल सुविधा के सरलतम रूप का उपयोग करके संसद सदस्यों (सांसदों) और आम जनता को बिना किसी परेशानी के बजट दस्तावेज मिल सकते हैं। ये दो भाषाओं (अंग्रेजी और हिंदी) में हैं और एंड्रॉइड और IOS दोनों प्लेटफार्मों पर उपलब्ध होंगे। ऐप को केंद्रीय बजट वेब पोर्टल (www.indiabudget.gov.in) से भी डाउनलोड किया जा सकता है।
बजट दस्तावेज 1 फरवरी 2024 को संसद में केंद्रीय वित्त मंत्री का बजट भाषण पूरा होने के बाद मोबाइल ऐप पर उपलब्ध होंगे।
Advertisement
अपना छठा बजट पेश करेंगी निर्मला सीतारमण
केंद्रीय वित्त मंत्री सीतारमण अंतरिम बजट पेश करेंगी, क्योंकि इस साल लोकसभा चुनाव होने हैं। वित्त मंत्री के रूप में यह उनका छठा और मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल का आखिरी बजट होगा। अंतरिम बजट लोकसभा चुनाव के बाद सरकार बनने तक बीच की अवधि की वित्तीय जरूरतों का ख्याल रखेगा, जिसके बाद नई सरकार पूर्ण बजट पेश करेगी।
Published By : Amit Bajpayee
पब्लिश्ड 1 February 2024 at 11:00 IST