अपडेटेड 4 July 2024 at 23:05 IST
अमरनाथ गुफा मंदिर में लगा शिवभक्तों का तांता, छठे दिन पहुंची 1.30 लाख श्रद्धालुओं की संख्या
दक्षिण कश्मीर में अमरनाथ गुफा मंदिर में भगवान शिव के दर्शन करने वाले तीर्थयात्रियों की संख्या बृहस्पतिवार को बढ़कर 1.30 लाख से अधिक हो गई।
- भारत
- 2 min read

Amarnath Yatra Sixth Day: हर साल शिवभक्तों को अमरनाथ यात्रा का बड़ी ही बेसब्री से इंतजार रहता है। जैसे ही इसके लिए यात्रा शुरू होती है, हजारों की संख्या में श्रद्धलू कश्मीर पहुंचते हैं। वैसे तो हर साल ही भारी संख्या में लोग बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए कश्मीर पहुंचते हैं, लेकिन इस 2024 में अमरनाथ यात्रा में रिकॉर्ड तोड़ तीर्थयात्री पहुंच रहे हैं। यात्रा के छठे दिन ही श्रद्धालुओं की संख्या 1 लाख के पार पहुंच गई है।
ताजा जानकारी के मुताबिक दक्षिण कश्मीर में अमरनाथ गुफा मंदिर में भगवान शिव के दर्शन करने वाले तीर्थयात्रियों की संख्या यात्रा के छठवे दिन बढ़कर 1.30 लाख से ज्यादा हो गई है। इस बात की जानकारी अधिकारियों द्वारा दी गई है। उन्होंने बताया कि गुरुवार को वार्षिक यात्रा के छठे दिन लगभग 25 हजार तीर्थयात्रियों ने यात्रा कर बाबा बर्फानी के दर्शन किए।
यात्रा के छठे दिन साधु-साध्वियों और समलैंगिकों ने किए दर्शन
अधिकारियों के मुताबिक 3,880 मीटर ऊंचाई पर स्थित अमरनाथ गुफा मंदिर में पहुंचने वाले तीर्थयात्रियों की संख्या अब 1,30,260 हो गई है। ताजा आंकड़ों के अनुसार बृहस्पतिवार को 16,667 पुरुष, 5,367 महिला तीर्थयात्रियों, 520 साधु और दो साध्वियों, दो हजार से अधिक सुरक्षाकर्मियों, सात समलैंगिकों और 354 बच्चों ने मंदिर के दर्शन किए।
पिछले साल इतने लाख लोगों ने किए थे दर्शन
अधिकारियों के अनुसार इस साल यात्रा के दौरान हरियाणा के एक सेवादार और झारखंड के एक तीर्थयात्री समेत दो लोगों की मौत हुई है। दोनों की मौत जून में बालटाल मार्ग पर दिल का दौरा पड़ने से हुई। 52 दिवसीय यात्रा 19 अगस्त को समाप्त होगी। पिछले वर्ष 4.5 लाख से अधिक यात्रियों ने तीर्थयात्रा की थी।
Advertisement
Published By : Sadhna Mishra
पब्लिश्ड 4 July 2024 at 23:05 IST