अपडेटेड 29 April 2024 at 21:06 IST

इंदौर: पर्चा वापस लेने वाले कांग्रेस उम्मीदवार पर दर्ज मामले में हत्या के प्रयास का आरोप जोड़ा

बम, कांग्रेस उम्मीदवार के रूप में सोमवार को इंदौर लोकसभा सीट से अपना पर्चा वापस लेकर भाजपा का दामन थामने के कारण चर्चा में हैं।

Follow : Google News Icon  
Akshay Kanti
Akshay Kanti | Image: X- @AkshayKantiBam

Indore : इंदौर की एक अदालत ने एक अर्जी मंजूर करते हुए स्थानीय कारोबारी अक्षय कांति बम और उनके पिता के खिलाफ जमीन विवाद में 17 साल पहले एक व्यक्ति पर कथित हमले को लेकर दर्ज प्राथमिकी में भारतीय दंड विधान की धारा 307 (हत्या का प्रयास) जोड़ने का आदेश दिया है। आरोपियों को एक सत्र न्यायालय के सामने 10 मई को पेश होने का आदेश दिया गया है।

बम, कांग्रेस उम्मीदवार के रूप में सोमवार को इंदौर लोकसभा सीट से अपना पर्चा वापस लेकर भाजपा का दामन थामने के कारण चर्चा में हैं। सोमवार (29 अप्रैल) को उम्मीदवारों के पर्चा वापस लेने की आखिरी तारीख थी।

जिस अर्जी पर बम की कानूनी मुश्किलें बढ़ी हैं, वह कांग्रेस उम्मीदवार के रूप में उनकी उम्मीदवारी घोषित होने के महज 13 दिन बाद पांच अप्रैल को दायर की गई थी। बम को 23 मार्च की देर रात घोषित सूची में कांग्रेस उम्मीदवार बनाया गया था।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बम, उनके पिता कांतिलाल और अन्य लोगों के खिलाफ यूनुस पटेल नाम के व्यक्ति पर चार अक्टूबर 2007 को जमीन विवाद में हमले के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।उन्होंने बताया कि यह प्राथमिकी भारतीय दंड विधान की धारा 294 (गाली-गलौज), धारा 323 (मारपीट), धारा 506 (धमकाना) और अन्य संबद्ध प्रावधानों के तहत दर्ज की गई थी।

Advertisement

पटेल का आरोप है कि घटना के दौरान एक सुरक्षा एजेंसी के संचालक सतवीर सिंह ने अक्षय के पिता कांतिलाल के कहने पर उन पर 12 बोर की बंदूक से गोली भी दागी थी। पटेल ने इस आरोप को लेकर एक प्रथम श्रेणी न्यायिक मजिस्ट्रेट (जेएमएफसी) के सामने अर्जी दायर की थी जिसे मंजूर करते हुए अदालत ने 24 अप्रैल को आदेश दिया कि आरोपियों के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी में भारतीय दंड विधान की धारा 307 (हत्या का प्रयास) जोड़ी जाए।

जेएमएफसी ने बम और उनके पिता कांतिलाल को 10 मई को एक सत्र न्यायालय के सामने पेश होने का आदेश भी दिया है।गोलीबारी के आरोपी सतवीर सिंह की मृत्यु हो चुकी है, जबकि मामले के दो अन्य आरोपी सोहन उर्फ सोनू और मनोज फरार चल रहे हैं। पुलिस के मुताबिक घटना के बाद मौके से 12 बोर की बंदूक और दागी गई गोली का खोखा बरामद किया गया था।

Advertisement

इसे भी पढ़ें: 'गांधी परिवार की फितरत रही है दूसरों का लूटो और अपनी जेब में डालो', स्मृति का कांग्रेस पर तीखा हमला

Published By : Deepak Gupta

पब्लिश्ड 29 April 2024 at 21:06 IST