अपडेटेड 3 December 2025 at 15:01 IST
IndiGo Flights Delay: इंडिगो की कई फ्लाइट्स घंटों लेट, तो कई हुई रद्द, दिल्ली-मुंबई-बेंगलुरु एयरपोर्ट पर अफरा-तफरी, कंपनी ने मांगी माफी
Indigo Flights: कई दिनों से इंडिगों की फ्लाइट्स में समस्याएं आ रही हैं। कई उड़ानों घंटों-घंटों तक देरी से उड़ रही हैं, तो कुछ रद्द भी हो रही हैं, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। इस पर अब कंपनी का भी बयान सामने आया है।
- भारत
- 4 min read

Indigo Flights: देश की सबसे बड़ी एयरलाइन कंपनी इंडिगो की फ्लाइट्स में देरी से यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। मुंबई से लेकर अहमदाबाद, बेंगलुरु, चेन्नई और दिल्ली जाने वाली कई उड़ानें प्रभावित हुई। कई फ्लाइट्स घंटों की देरी से उड़ रही हैं, तो दर्जनों उड़ानें रद्द भी हो रही हैं। इसके चलते बड़ी संख्या में यात्री एयरपोर्ट पर ही फंस रहे हैं और अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ है। फ्लाइट्स में लगातार हो रही देरी और रद्द किए जाने पर अब इंडिगो ने एक बयान जारी किया और असुविधा के लिए यात्रियों से माफी मांगी।
कंपनी ने तकनीकी खराबी, बड़े एयरपोर्टों पर जबरदस्त भीड़ और ऑपरेशनल मजबूरियों को इसके लिए जिम्मेदार बताया और कहा कि उनकी टीमें जल्द से जल्द परिचालन को सामान्य करने के लिए लगन से काम कर रही हैं।
कंपनी ने बयान में क्या कहा?
इंडिगो के प्रवक्ता ने एक बयान में कहा, "पिछले कुछ दिनों में तकनीकी समस्याओं, हवाई अड्डे पर भीड़भाड़ और परिचालन आवश्यकताओं समेत विभिन्न कारणों से कई उड़ानों में अपरिहार्य देरी हुई है और कुछ उड़ानें रद्द हुई हैं। हमारी टीमें यह सुनिश्चित करने के लिए पूरी लगन से काम कर रही हैं कि परिचालन जल्द से जल्द सामान्य हो जाए।"
बयान में यह भी कहा गया कि जिन यात्रियों की फ्लाइट रद्द हुई है, उन्हें दूसरी उड़ान में जगह दी जा रही है या फिर पूरा पैसा वापस किया जा रहा है। इंडिगो ने कहा कि उसके लिए यात्रियों का भरोसा सबसे कीमती है और हुई परेशानी के लिए उसे गहरा अफसोस है। कंपनी ने यात्रियों से कहा है कि घर से निकलने से पहले एक बार पर अपनी फ्लाइट की ताजा स्थिति जरूर चेक करें, जिससे परेशानी और एयरपोर्ट पर अतिरिक्त भीड़ से बचा जा सकता है।
Advertisement
10-10 घंटों की देरी से उड़ रही फ्लाइट्स
इंडिगो की फ्लाइट्स में देरी या फिर इनके रद्द होने का सबसे सबसे ज्यादा असर मुंबई, दिल्ली, कोलकाता, बेंगलुरु एयरपोर्ट्स पर देखने मिल रहा है। हाल ही में मुंबई से हैदराबाद जाने वाली एक फ्लाइट 6E-786 करीब 10 घंटे देरी से उड़ी। फ्लाइट को 2 दिसंबर को मुंबई एयरपोर्ट से रात करीब 9:45 बजे टेकऑफ करना था, लेकिन यह करीब 10 घंटे की देरी से 3 दिसंबर की सुबह 7:56 बजे रवाना हुई। ऐसा ही कुछ हाल वडोदरा, अहमदाबाद, दिल्ली और बेंगलुरु पर भी देखने मिला, जहां कई फ्लाइट्स रद्द कर दी गईं।
सोशल मीडिया पर भड़क रहे लोग
सोशल मीडिया पर कई लोग लगातार इसकी शिकायतें करते नजर आए। X पर एक यूजर ने भड़कते हुए कहा, "दिल्ली एयरपोर्ट पर पूरी तरह अफरा-तफरी और मजाक उड़ाया जा रहा है। इंडिगो के स्टाफ जोक हैं, जो झूठ बोल रहे हैं और पैसेंजर पिछले 12+ घंटे से बिना किसी कन्फर्मेशन के फंसे हुए हैं। मेरी फ्लाइट 7+ घंटे से लेट है। अब कभी Indigo से फ्लाइट नहीं लूंगा। इसकी जांच होनी चाहिए।" कई लोगों ने ऐसी ही शिकायतें की।
Advertisement
इंडिगो के पास 400 से ज्यादा विमान हैं और हर रोज वो लगभग 2,300 उड़ानें संचालित करती है। वित्त वर्ष 2024-25 में इंडिगो में 11.5 करोड़ से ज्यादा लोगों ने सफर किया था।
Published By : Sujeet Kumar
पब्लिश्ड 3 December 2025 at 15:01 IST