Maldives से भारतीयों का मोह हुआ भंग, टूर ऑपरेटर्स के पास यात्रा के लिए नहीं आ रही पूछताछ
Maldives vs Lakshadweep: मालदीव यात्रा के लिए नई बुकिंग को लेकर आने वाली पूछताछ बहुत कम हो गई है। मालदीव के लिए भारत अग्रणी पर्यटन बाजार है।
- भारत
- 2 min read

Maldives vs Lakshadweep: भारत और मालदीव के बीच छिड़े कूटनीतिक विवाद के बीच घरेलू टूर ऑपरेटरों के संगठन आईएटीओ ने सोमवार को कहा कि मालदीव की यात्रा के लिए कोई भी नई पूछताछ नहीं आ रही है। इसका मतलब साफ है कि मालदीव जाना तो दूर, भारतीय वहां जाने के लिए पूछताछ भी नहीं कर रहे हैं।
खबर में आगे पढ़ें…
- मालदीव के लिए क्या है बड़ी समस्या?
- तेजी से हो रही मालदीव की बुकिंग रद्द
मालदीव के कुछ मंत्रियों ने हाल ही में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भारतीयों के बारे में कुछ अपमानजनक टिप्पणियां की थी, जिसके बाद भारत ने सख्त रुख अपनाया हुआ है। इससे दोनों देशों के संबंधों में तल्खी आ गई है। मालदीव मंत्रियों की टिप्पणी का असर मालदीव की यात्रा करने की योजना बनाने वाले भारतीयों पर भी पड़ा है। मालदीव यात्रा के लिए नई बुकिंग को लेकर आने वाली पूछताछ बहुत कम हो गई है।
मालदीव के लिए बड़ी समस्या
टूर ऑपरेटर निकाय इंडियन एसोसिएशन ऑफ टूर ऑपरेटर्स ( IATO) के अध्यक्ष राजीव मेहरा ने कहा, "हमने पूर्व-निर्धारित यात्रा रद्द होते हुए नहीं देखा है क्योंकि लोगों ने यात्रा से संबंधित बुकिंग पर पैसा लगाया है। 15-20 दिनों में हमें कुछ असर देखने को मिल सकता है। भारतीय पर्यटकों की ओर से मालदीव के लिए कोई नई पूछताछ नहीं आ रही है।' ट्रैवल एजेंट्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया की अध्यक्ष ज्योति मयाल ने कहा कि मालदीव के लिए भारत अग्रणी पर्यटन बाजार है। ऐसे में हाल के विवाद के बाद भारतीय अगर मालदीव की यात्रा का बहिष्कार करने लगते हैं तो यह द्वीपीय देश के लिए बड़ी समस्या पैदा कर सकता है।
Advertisement
तेजी से हो रही बुकिंग रद्द
ज्योति मयाल के अनुसार मालदीव की यात्रा करने वाले सर्वाधिक लोग भारतीय होते हैं। ऐसे में इस तरह की अपमानजनक टिप्पणियां उनके लिए अच्छा नहीं होगा। कोविड के बाद भारतीय पर्यटकों ने मालदीव के होटल क्षेत्र के पुनरुद्धार में प्रमुख भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा, 'हमारे कुछ ट्रैवल ऑपरेटरों ने हमें सूचित किया है कि उन्होंने मालदीव में होटल बुकिंग रद्द करने में वृद्धि देखी है।' हालांकि इस विवाद के केंद्र में रहे लक्षद्वीप की तरफ पर्यटकों का रुझान आकर्षित करने के लिए बुनियादी ढांचे का विकास जरूरी है।
मेहरा ने कहा कि लक्षद्वीप में बेहतर होटल और रिसॉर्ट जैसे बुनियादी पर्यटन ढांचे को विकसित करने की जरूरत है। इसके अलावा यात्रा को प्रोत्साहित करने के लिए अधिक उड़ानें और क्रूज शुरू करने की भी जरूरत है।
Advertisement
(इनपुट-भाषा)