Indian Railways: तकनीकी खराबी नहीं… असामाजिक तत्वों की वजह से लगी ट्रेनों में आग, रेलवे ने यात्रियों से की सतर्क रहने की अपील
Indian Railways Alert: भारतीय रेलवे ने ट्रेनों में लगी आग की घटनाओं पर बड़ा खुलासा किया है। रेलवे का कहना है कि ट्रेनों में आग लगने की घटनाओं के पीछे असामाजिक तत्वों का हाथ है।
- भारत
- 2 min read

Indian Railways Alert: भारतीय रेलवे ने हाल ही में ट्रेनों में लगी आग की घटनाओं पर बड़ा खुलासा किया है। रेलवे का कहना है कि ट्रेनों में आग लगने की घटनाओं के पीछे असामाजिक तत्वों का हाथ है। गौरतलब है कि हाल के दिनों में राजस्थान के अमरपुरा और कोटा में, बंगाल के हावड़ा और बिहार के सासाराम में ट्रेनों में आग लगने की घटनाएं हुई थीं।
इसके बाद रेलवे ने आग लगने की घटनाओं की जांच कि तो उसमें चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं, इसमें सामने आया है कि ट्रेनों में आगजनी का कारण तकनीकी खराबी नहीं, बल्कि असामाजिक तत्व हैं।
अमरपुरा, हावड़ा, कोटा, सासाराम में ट्रेनों में आग
रेलवे के अनुसार, जांच में पता चला कि अमरपुरा की घटना में बिस्तर की चादरों में आग लगाने की कोशिश की गई। वहीं, हावड़ा मामले में एक कोच के बाथरूम से पेट्रोल में भीगा कपड़ा मिला। जबकि कोटा की घटना में राजधानी एक्सप्रेस के बाथरूम से लपटें निकलती देखी गईं, जबकि सासाराम में एक खाली कोच में किसी अज्ञात व्यक्ति ने जलती हुई चीज फेंकी थी।
रेलवे ने यात्रियों से की सतर्क रहने की अपील
रेलवे ने सभी यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे सतर्क रहें। अगर ट्रेन में कोई संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि नजर आए तो तुरंत रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर सूचना दें। अधिकारियों का कहना है कि छोटी-सी सतर्कता बड़ी दुर्घटना को रोक सकती है।
Advertisement
रतलाम में राजधानी एक्सप्रेस में भीषण आग
रेलवे का यह अलर्ट मध्य प्रदेश के रतलाम के पास हुई एक और घटना के कुछ दिन बाद आया है। दिल्ली जा रही राजधानी एक्सप्रेस के AC कोच B-1 में सुबह करीब 5:15 बजे आग लग गई। उस कोच में 68 यात्री सवार थे। हालांकि, इस घटना में किसी को चोट नहीं आई, लेकिन आग इतनी तेज थी कि ट्रेन से अलग किए गए कोच से काला धुआं आसमान में ऊंचा उठता दिखा। आग ट्रैक के किनारे लगे पेड़ों तक भी पहुंच गई।
मामलों की गहन जांच अभी भी जारी
इस घटना से रेल यातायात प्रभावित हुआ और कम से कम 18 ट्रेनों का समय बदला गया। कई ट्रेनों को स्टेशनों पर रोका गया। रेलवे अब इन सभी मामलों की गहन जांच कर रही है। यात्रियों से अपील है कि वे अपना और दूसरों का ध्यान रखें, कोई भी संदिग्ध सामान या व्यक्ति देखते ही तुरंत बताएं। सुरक्षित यात्रा के लिए सजग रहना बहुत जरूरी है।