अपडेटेड 5 January 2024 at 23:02 IST

आसान नहीं था समंदर में डकैतों के छक्के छुड़ाना, Indian Navy के मार्कोस कमांडो ने ऐसे किया सफल ऑपरेशन

Somalia Rescue Operation: 4 जनवरी को जानकारी मिली कि सोमालिया के समुद्री डाकुओं ने ‘MV LILA NORFOLK’ को हाईजैक कर लिया।

Follow : Google News Icon  
Indian Navy Marcos commando
मार्कोस इंडियन नेवी के स्पेशल मरीन कमांडोज हैं | Image: ANI/X

Somalia Rescue Operation: सोमालिया तट से अगवा किए गए  'MV LILA NORFOLK' नाम के मर्चेंट शिंप को समुद्री लुटेरों द्वारा अगवा किया गया था। जिसे भारतीय नौसेना ने पराक्रम दिखाते हुए छुड़वा लिया है। भारतीय नेवी के इस ऑपरेशन में 15 भारतीयों समेत 21 बंधकों को छुड़वाया है। समंदर में हुए इस रेस्क्यू ऑपरेशन में सफलता तो मिली लेकिन यह इतना आसान भी नहीं था।

ब्राजील से बहरीन जा रहा था शिप

दरअसल गुरुवार, 4 जनवरी को जानकारी मिली कि सोमालिया के समुद्री डाकुओं ने ‘MV LILA NORFOLK’ को हाईजैक कर लिया। यह जहाज ब्राजील से बहरीन की तरफ जा रहा था। जिसमें 15 भारतीय भी सवार थे। इस जहाज में लाइबेरिया के झंडे लगे थे। शिप में भारतीय नागरिकों के बंधक होने की खबर पाकर नौसेना सक्रिय हुई और बंधकों को छुड़ाने के लिए INS चेन्नई को रवाना कर दिया।

इस ऑपरेशन को सफल करने में भारतीय नौसेना के मरीन कमांडो भी शामिल थे। वहीं नौसेना का एक हेलिकॉप्टर भी तैनात किया गया जो ऑपरेशन के दौरान 'MV LILA NORFOLK' पर नजर बनाए हुए था कि बंधकों को कोई नुकसान न हो। क्योंकि समुद्री डाकू खुद को बचाने के लिए कोई भी कदम उठा सकते थे। दरअसल अपहरण किए गए जहाज ने यूनाइटेड किंगडम मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस पोर्टल पर एक संदेश भेजा था जिसमें कहा गया था कि 4 जनवरी की शाम को पांच से छह अज्ञात सशस्त्र कर्मी जहाज पर चढ़े थे। ऐसे में नौसेना किसी तरह का रिस्क नहीं लेना चाह रही थी।

सरेंडर की दी थी चेतावनी 

बंधक जहाज का पता लगाने के बाद भारतीय नौसेना उस शिप के करीब पहुंची और डकैतों को सरेंडर करने की चेतावनी दी। इसके बाद हाईजैक हुए जहाज पर भारतीय नौसेना के कमांडो उतरे और बंधकों को छुड़ाने का ऑपरेशन शुरू किया। वहीं शिप को कब्जे में लेने के दौरान नेवी के मार्कोस कमांडो को बंधकों के अलावा कोई नहीं मिला। डकैत सरेंडर की चेतावनी के बाद ही नौसेना के डर से भाग खड़े हो गए थे।

Advertisement

शिप पर कोई डकैत नहीं मिला

इस ऑपरेशन को लेकर नेवी ने जानकारी दी कि उन्हें MV LILA NORFOLK पर कोई अपहरणकर्ता नहीं मिला है। नेवी का मानना है कि उनके द्वारा दी गई सरेंडर करने की चेतावनी के बाद समुद्री डाकुओं ने अपना इरादा बदल लिया होगा। भारतीय नौसेना ने जानकारी दी कि आईएनएस चेन्नई मालवाहक 'MV LILA NORFOLK' जहाज के करीब है और उस जहाज को अगले बंदरगाह की तरफ ले जाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

इसे भी पढ़ें: भारतीय मरीन कमांडो की दुनिया ने देखी ताकत, अगवा जहाज से सभी 15 भारतीयों समेत 21 को सुरक्षित निकाला

Advertisement

Published By : Arpit Mishra

पब्लिश्ड 5 January 2024 at 23:02 IST