नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर अचानक भीड़ बढ़ने से भगदड़ जैसी हालात, महाकुंभ जाने के लिए आ रहे थे श्रद्धालु
उत्तर प्रदेश के संभल में बीते साल शाही जामा मस्जिद के सर्वे के दौरान हिंसा भड़क उठी थी जिसमें चार लोगों की मौत हो गई थी। हिंसा के 15 आरोपियों की जमानत याचिका पर आज कोर्ट में सुनवाई होनी है। वहीं, दूसरी ओर आज अमेरिका से 119 अवैध अप्रवासी भारतीय का दूसरा जत्था भारत लौटेगा। तमाम बड़ी खबरों के बने रहें...
- भारत
- 20 min read

आज अमेरिका से 119 अवैध अप्रवासी भारतीय का दूसरा जत्था भारत लौटेगा। रात करीब 10 बजे अमेरिकी विमान की अमृतसर में लैंडिंग होगी। संभल हिंसा के 15 आरोपियों की जमानत याचिका पर आज सुनवाई होगा। वहीं, CBSE की क्लास 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं आज से शुरू हो गई हैं।
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ जैसे हालात
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर कुंभ जाने वाली ट्रेन में चढ़ने के लिए भारी भीड़ पहुंची थी। रेलवे पुलिस के मुताबिक भीड़ अचानक बहुत ज्यादा आ गई, जिस वजह से सफोकेशन जैसी स्थिति हुई। 4 लोगों को अस्पताल भेजा गया, जिनकी स्थिति थोड़ी खराब थी। फिलहाल मौके पर रेलवे और दिल्ली पुलिस हालात नियंत्रण करने में लगी है।
केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने महाकुंभ की तस्वीरें की शेयर
केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने ट्वीट किया, "एक अलौकिक अनुभव। आध्यात्मिकता और आत्मीयता का अनूठा संगम। सौभाग्य की बात है कि महाकुंभ का महापर्व हमारे जीवनकाल में हो रहा है..."



Advertisement
महाकुंभ में सीएम सावंत ने भी लगाई आस्था की डुबकी
त्रिवेणी संगम पर पवित्र डुबकी लगाने के बाद गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने कहा, "महाकुंभ के इस पवित्र स्थान पर मैंने 'अमृत स्नान' किया। मैं इस आयोजन को बहुत अच्छे ढंग से करने और यहां की सुविधाओं के लिए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सराहना करना चाहता हूं... मैं खुद को भाग्यशाली मानता हूं कि मैं यहां आ सका..."
महाकुंभ में लगी आग का वीडियो आया सामने
वीडियो कुंभ मेला क्षेत्र के सेक्टर 19 में स्थित स्टोर रूम से है, जहां आग लग गई। DIG महाकुंभ वैभव कृष्ण के अनुसार, "इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है। 5 से 7 मिनट के भीतर फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंच गई और आग पर काबू पा लिया गया।"
Advertisement
संभल हिंसा मामले में एसपी केके बिश्नोई का चौंकाने वाला बयान आया सामने
संभल के एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने बताया, "मौलाना आजम उमर 23 सितंबर 2019 को अमेरिका के ड्रोन हमले में मारा गया था। वह उपमहाद्वीप में अलकायदा का प्रमुख था। अमेरिका के विदेश विभाग ने उसे वैश्विक स्तर पर नामित आतंकवादी घोषित किया था। वह संभल का रहने वाला था। फिलहाल संभल के एक व्यक्ति का सत्यापन आया है। हमने उसका सत्यापन किया तो उसका नाम मोहम्मद उस्मान/अब्दुल रहमान/बनित है, वह दीपा सराय का रहने वाला है। जब उसके परिवार से पूछताछ की गई तो पता चला कि वर्ष 2000 के आसपास वह संभल से गायब हो गया था, फिर एक साल के लिए वापस आया...वर्ष 2012 में वह कुछ अन्य लोगों के साथ संभल से गायब हो गया। फिलहाल वह लाहौर जेल में बंद है। हम मोहम्मद उस्मान की जानकारी जुटा रहे हैं और इसे अधिकारियों के साथ साझा किया जाएगा।"
बीजेपी मुख्यालय में चल रही बैठक खत्म हुई
भारतीय जनता पार्टी के मुख्यालय में चल रही बैठक अब खत्म हो गई है। जेपी नड्डा के नेतृत्व में महामंत्रियों की बैठक में तरुण चुग समेत कई अन्य नेता शामिल हुए।
रणवीर इलाहाबादिया का नया बयान आया सामने
'इंडियाज गॉट लैटेंट' शो पर अपनी टिप्पणी से उपजे विवाद पर यूट्यूबर रणवीर इलाहाबादिया ने बयान जारी किया। उन्होंने कहा, "मैं और मेरी टीम पुलिस और अन्य सभी अधिकारियों के साथ सहयोग कर रहे हैं। मैं उचित प्रक्रिया का पालन करूंगा और सभी एजेंसियों के लिए उपलब्ध रहूंगा। माता-पिता के बारे में मेरी टिप्पणी असंवेदनशील और अपमानजनक थी। बेहतर करना मेरी नैतिक जिम्मेदारी है और मैं वास्तव में इसके लिए खेद व्यक्त करता हूं... लोग मरीज बनकर मेरी मां के क्लिनिक में घुस आए हैं। मैं डरा हुआ महसूस कर रहा हूं और मुझे नहीं पता कि क्या करना है। मैं भाग नहीं रहा हूं। मुझे पुलिस और भारत की न्यायिक व्यवस्था पर पूरा भरोसा है।"
CM मान के बयान पर, केंद्रीय मंत्री का रिएक्शन
अमेरिका से अवैध भारतीय अप्रवासियों को अमृतसर ले जाने वाली उड़ानों के बारे में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के बयान पर, केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने कहा, "दिल्ली विधानसभा चुनावों में (AAP की) हार के बाद, उन्होंने एक बहुत बड़ी योजना बनाई... अगर विमान (अवैध भारतीय अप्रवासियों को ले जाने वाला) अमृतसर में उतरा तो हम कैसे बदनाम हो गए?... हर कोई कह रहा है कि पंजाब दुख साझा कर रहा है और विमान (अवैध भारतीय अप्रवासियों को ले जाने वाले) को उतरने के लिए जगह दे रहा है... गुरुओं ने हमें हमेशा 'सेवा' करना सिखाया है... वह (पंजाब के सीएम भगवंत मान) पंजाब के सबसे बड़े गुनहगार हैं..."
अखिलेश यादव के आरोपों पर ब्रजेश पाठक का पलटवार
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के बयान पर उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा, "समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव निराश हो चुके हैं। विधानसभा के उपचुनाव में 10 में से 8 सीटें वे बुरी तरह से हार गए... यही वजह है कि महाकुंभ में उमड़ी जनआस्था उन्हें भा नहीं रही है... अखिलेश यादव भाजपा का विरोध करते करते सनातन धर्म का विरोध करने लगे हैं। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में भारत विश्व पटल पर हर क्षेत्र में अपनी दमदार उपस्थिति दर्ज करवा रहा है... करोड़ों की संख्या में लोग स्नान करके अपने जीवन को धन्य मान रहे हैं। यही भारत की मजबूती का प्रतीक है... कुंभ का आयोजन पहले भी होता रहा है लेकिन पहले कभी किसी सरकार ने इस ओर इतना ध्यान नहीं दिया..."
केजरीवाल पर बरसे मनोज तिवारी
CVC द्वारा 6 फ्लैगस्टाफ बंगले (पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल का आवास) के जीर्णोद्धार की जांच के आदेश दिए जाने पर भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने कहा, "यह(जांच) जरूरी है क्योंकि अरविंद केजरीवाल ने जिस प्रकार से दिल्ली को धोखा दिया। कोरोना काल में दिल्ली जिस तरह से ऑक्सीजन और बाकी सुविधाओं के लिए भटकती रही लेकिन उस दौरान नैतिकता को ताक पर रखकर शीश महल बनाया गया, ऊपर से 8-10 गुना ज्यादा बजट लगाकर अरविंद केजरीवाल ने बहुत बड़ा अपराध किया... वास्तव में अपराध कितना बड़ा है, कहां-कहां चोरी हुई, कहां-कहां नुकसान हुआ, इसे जानने के लिए जांच होनी जरूरी है... बहुत सारी जगहों पर उन्होंने दिल्ली को धोखा दिया जिसका परिणाम उन्हें देखने को भी मिला।"
केजरीवाल के शीशमहल के जीर्णोद्धार की जांच का आदेश
भाजपा नेता तरुण चुघ ने CVC द्वारा 6 फ्लैगस्टाफ बंगले (पूर्व CM अरविंद केजरीवाल का आवास) के जीर्णोद्धार की जांच के आदेश दिए जाने पर कहा, "दूध का दूध, पानी का पानी सामने आना चाहिए क्योंकि गरीबों का पैसा, विकास का पैसा अरविंद केजरीवाल ने अपना शीश महल बनाने में लगा दिया। एक तरफ कोरोना काल में ऑक्सीजन और वैक्सीनेशन की आवश्यकता थी लेकिन ऐसे समय में 170 करोड़ रुपये अरविंद केजरीवाल अपने शीशमहल में लगाते रहे..."
चिराग पासवान ने त्रिवेणी संगम में किया पवित्र स्नान
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने त्रिवेणी संगम में पवित्र स्नान के बाद कहा, “सौभाग्य है कि मुझे यहां पर आकर संगम में स्नान करने का अवसर मिला। इच्छा है कि जितने भी श्रद्धालु यहां अपनी मनोकामना लेकर आएं उनकी मनोकामनाएं पूरी हों। हर किसी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि आए मैं यही कामना करता हूं।”
आगरा का ताजमहल देखने पहुंचे ऋषि सुनक
यूनाइटेड किंगडम के पूर्व प्रधानमंत्री ऋषि सुनक ने अपनी पत्नी अक्षता मूर्ति और सास सुधा मूर्ति के साथ आज आगरा में ताजमहल का दौरा किया।
दुनिया का सबसे बड़ा आध्यात्मिक और सांस्कृतिक आयोजन प्रयागराज में चल रहा: CM योगी
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, "मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभारी हूं जिनके नेतृत्व में लगातार तीसरी बार काशी तमिल संगमम का बाबा विश्वनाथ की पावन धरा पर शुभारंभ हो रहा है। ये हमारे लिए एक भारत श्रेष्ठ भारत के प्रधानमंत्री मोदी के विजन को आगे बढ़ाने के महायज्ञ का भाग है... ये आयोजन इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि दुनिया का सबसे बड़ा आध्यात्मिक और सांस्कृतिक आयोजन महाकुंभ प्रयागराज में चल रहा है।"
कर्नाटक में बढ़ा मेट्रो का किराया
भाजपा सांसद तेजस्वी सूर्या ने कर्नाटक मेट्रो किराया वृद्धि मामले पर कहा, "मेट्रो के किराए में बढ़ोतरी राज्य सरकार द्वारा शुरू की गई थी... बिजली शुल्क, संपत्ति पंजीकरण शुल्क, स्टांप ड्यूटी शुल्क से लेकर जन्म प्रमाण पत्र, मृत्यु प्रमाण पत्र, दूध की कीमतें, शराब की कीमतें, ऐसी एक भी चीज नहीं है जिस पर पहले की तुलना में भारी टैक्स नहीं लगाया गया है... BMRCL ने मूल्य में 105% की वृद्धि के लिए किराया निर्धारण समिति के समक्ष एक अनुरोध किया था ... किराया निर्धारण समिति ने असामान्य तरीके से कीमतों की समीक्षा की लेकिन उन्होंने इसमें लगभग 50% तक की वृद्धि की और यह 50% वृद्धि ही अपने आप में इतना बोझ पैदा कर रही है... मेट्रो से यात्रा करने वाले आम लोग हर दिन सिर्फ़ यात्रा पर ही 200 रुपये खर्च नहीं कर सकते... मेरा मुख्यमंत्री से अनुरोध है कि वे कीमत को और कम करें और इस पर राजनीति करना बंद करें..."
MC ममता बनर्जी ने प्रतुल मुखोपाध्याय को अंतिम श्रद्धांजलि अर्पित की
बंगाल के प्रसिद्ध गीतकार और गायक प्रतुल मुखोपाध्याय को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने रवींद्र सदन में अंतिम श्रद्धांजलि अर्पित की। उनका शनिवार सुबह 83 वर्ष की आयु में निधन हो गया।
एक्टर सुशांत सिंह के मामले में 19 फरवरी को होगी सुनवाई
अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत आत्महत्या मामले में मुंबई में दायर जनहित याचिका पर 19 फरवरी को होने वाली सुनवाई पर सुशांत सिंह राजपूत के पिता केके सिंह ने कहा, "हमें इस बार पूरी उम्मीद है कि कोर्ट से न्याय मिलेगा। CBI से हमने उम्मीद रखी थी लेकिन CBI अपना काम समय पर नहीं कर पाई। वहां की नई सरकार अच्छी है, वर्तमान मुख्यमंत्री जो भी करेंगे अच्छा करेंगे... मैं इतना कह सकता हूं कि सुशांत सिंह राजपुत ने आत्महत्या नहीं की होगी। हमें कोर्ट से पूरी उम्मीद है। ये घाव मिटने वाला नहीं है, जब दोषी को पकड़ा जाएगा तब थोड़ा सा संतोष होगा।"
बजट ने भारत को विकसित भारत बनाने की दिशा में आगे बढ़ाया: अनुराग ठाकुर
भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा, "भारत सरकार के बजट ने भारत को विकसित भारत बनाने की दिशा में आगे बढ़ाया है। आज भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था है और लगातार 10 वर्षों तक भारत ही दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था रहेगी। इसमें मध्यम वर्ग का बहुत बड़ा रोल है और मध्यम वर्ग के लिए जो कोई सरकार नहीं कर पाई वो मोदी सरकार ने किया है। 12 लाख तक की आमदनी पर शून्य टैक्स।"
एस जयशंकर ने नॉर्वे के वित्त मंत्री के साथ बैठक
विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने ट्वीट किया, "आज दिन की शुरुआत नॉर्वे के वित्त मंत्री और म्यूनिख सुरक्षा सम्मेलन के आगामी अध्यक्ष के साथ बैठक से हुई। विकसित हो रहे वैश्विक सुरक्षा ढांचे पर उपयोगी आदान-प्रदान हुआ।"
UP के CM योगी आदित्यनाथ ने बहुत अच्छा आयोजन किया: नितेश राणे
महाराष्ट्र सरकार में मंत्री नितेश राणे ने कहा, "एक अलग अनुभव रहा है। हमारे देश में ऐसा अनुभव हर एक हिंदू को लेना ही चाहिए। आज हमारा देश पीएम मोदी के नेतृत्व में महासत्ता बनने की दिशा में जा रहा है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बहुत अच्छा आयोजन किया है। मैं हर हिंदू से आग्रह करूंगा कि सभी को ये पुण्य स्नान करना चाहिए।"
केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह महाकुंभ में शामिल हुए
केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने महाकुंभ में शामिल होने पर कहा, "यहां पर आने से अंतर्आत्मा में जिस प्रकार का अनुभव होता है वो अपने-आप में अद्भुत है। प्रशासन की जिस प्रकार की यहां व्यवस्था है मैं उसकी भी सराहना करना चाहता हूं। लगभग 50 करोड़ से अधिक श्रद्धालु यहां पहुंचे होंगे जो विश्व भर में कीर्तिमान रहा होगा... शायद विधाता को ये मंजूर था कि पीएम मोदी प्रधानमंत्री बने और फिर उनके हाथों से यह सभी शुभ काम हों।"
लखपति दीदी सहायिका योजना पर CM मोहन माझी का बयान
लखपति दीदी सहायिका योजना पर ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने कहा, "हमारी नई सरकार आने के बाद हम दोगुनी तेजी से काम कर रहे हैं... राज्य में पहले की जो सरकार थी वह महिला सशक्तिकरण के लिए योजनाएं तो बना रही थी लेकिन उनका काम नहीं हो रहा था। उनको(महिलाओं को) पैसे नहीं मिलेंगे तो फिर महिला सशक्तिकरण कैसे होगा?... सामुदायिक सहायता कर्मचारियों(CSS) को 10 महीने से पैसे नहीं मिल रहे थे... इसके समाधान के लिए हमने एक नई योजना जोड़ी... प्रधानमंत्री का लक्ष्य है कि सभी महिलाओं को लखपति दीदी बनाना है। इसी आधार पर काम करने के लिए हमने इस योजना की घोषणा की है..."
सीएम साहा ने पीएम मोदी से की मुलाकात
त्रिपुरा के मुख्यमंत्री डॉ. माणिक साहा ने दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की।
दुनिया में सबसे ज्यादा वक्फ प्रोपर्टी हिंदुस्तान में है: किरेन रिजिजू
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा, "...दुनिया में सबसे ज्यादा वक्फ प्रोपर्टी हिंदुस्तान में है...आज हिंदुस्तान में कई मुस्लिम परिवार ऐसे हैं जो संपन्न नहीं हैं। सबको वक्फ प्रोपर्टी का लाभ मिलना चाहिए... अगर वक्फ संपत्ति आम लोगों के काम में नहीं आ रही है तो ये हमारी जिम्मेदारी बनती है कि इसका इस्तेमाल हो... कुछ लोग गुमराह कर रहे हैं कि ये(वक्फ संशोधन बिल) मुसलमानों के खिलाफ है लेकिन ऐसा नहीं है। हिंदुस्तान कानून, संविधान और व्यवस्थाओं से चलता है। सरकार या कोई भी व्यक्ति वक्फ प्रोपर्टी में गड़बड़ी नहीं कर सकता है…"
केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी पत्नी संग पहुंचे प्रयागराज
केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी अपनी पत्नी लक्ष्मी पुरी के साथ त्रिवेणी संगम में पवित्र स्नान करने प्रयागराज पहुंचे। उन्होंने कहा, "...मैं खुद को बहुत भाग्यशाली मानता हूं कि मुझे यह अवसर मिलेगा... योगी सरकार बहुत अच्छा काम कर रही है। यह डबल इंजन की सरकार है और इसीलिए इतने बड़े पैमाने पर काम हो रहा है।"
10 वर्षों में किसानों के लिए बजट में इतना बड़ा अंतर: CM सैनी
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और हमारी डबल इंजन की सरकार लगातार किसानों के हित के लिए चिंतित होकर काम कर रही है। पहले जब अन्य दल की सरकार(केंद्र में) थी तो केवल 25 लाख करोड़ रुपये का बजट था और आज 1 लाख 25 हजार करोड़ का बजट है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इन 10 वर्षों में किसानों के हित में बजट में इतना बड़ा अंतर दिया है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजनाएं हैं... अगर मेरे किसान की फसल खराब होती है तो प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत उसे लाभ भी देने का काम हमारी सरकार करती है।"
कांग्रेस सांसद राजीव शुक्ला ने भी महाकुंभ में किया स्नान
कांग्रेस सांसद राजीव शुक्ला ने त्रिवेणी संगम में पवित्र डुबकी लगाने के बाद कहा, "...संगम और महाकुंभ में पवित्र स्नान करना एक शानदार अनुभव है। मैं यहाँ आकर बहुत खुश हूँ...लाखों लोग यहाँ पवित्र स्नान करते हैं। यह धार्मिक और आध्यात्मिक दृष्टि से बहुत महत्वपूर्ण है..."
महाकुंभ में स्नान करने पहुंचे पीयूष गोयल
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने भी महाकुंभ में आस्था की डुबकी लगाई। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा, "भारत का धर्म आस्था और विरासत मजबूत है। इस देश में परंपरागत तरीके से सदियों से अच्छे संस्कार हमें मिलते रहे हैं। महाकुंभ एक भारत श्रेष्ठ भारत के प्रतिबिंब के रूप में विश्व के सामने है।"
मिल्कीपुर उपचुनाव नतीजों पर अखिलेश यादव का बड़ा दावा
मिल्कीपुर उपचुनाव नतीजों पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा, "जो लोग मर गए हैं या निर्वाचन क्षेत्र से पलायन कर गए हैं, उनके नाम पर भी वोट डाले गए... क्या अधिकारियों की तैनाती उनकी जाति के आधार पर की जाएगी? वे यह सब एक निर्वाचन क्षेत्र में कर सकते हैं लेकिन 403 निर्वाचन क्षेत्रों में नहीं। हम 2027 के चुनावों के लिए और भी बेहतर तरीके से तैयार होंगे।"
पीयूष गोयल और ओम बिरला ने संगम में लगाई डुबकी
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला शनिवार को महाकुंभ पहुंचे। एयरपोर्ट पर दोनों नेताओं का स्वागत यूपी सरकार के कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने किया। इसके बाद दोनों नेताओं ने संगम में डुबकी लगाई और फिर मां गंगा की पूजा-अर्चना की।
मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत महाकुंभ पहुंचे
गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत महाकुंभ पहुंचे हैं। इस दौरान उन्होंने कहा प्रयागराज में मैं स्नान करने आया हूं। मेरे साथ कैबिनेट मंत्री और विधायक भी आए हैं। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बड़ा आयोजन किया है। 144 साल बाद आने वाला महाकुंभ बहुत बड़ा महाकुंभ है। इस महाकुंभ में आकर आनंद प्राप्त हो रहा है।
अप्रवासी भारतीयों के विमान की पंजाब में लैंडिंग पर विवाद
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के बयान पर जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा, "वो पंजाब के मुख्यमंत्री हैं जाहिर है कि पंजाब के संबंध में वो चिंतित होंगे। ख़ास तौर से इस बात पर कि केवल पंजाब के लोग ही वापस नहीं आ रहे हैं और भी राज्यों के लोग हैं। शायद पंजाब के मुकाबले दूसरे राज्यों की संख्या ज्यादा है फिर भी विमान को अमृतसर में उतारा जा रहा है तो इसको लेकर शिकायत जायज है।"
छत्तीसगढ़ नगर निगम चुनाव में भाजपा की बढ़त
छत्तीसगढ़ नगर निगम चुनाव में भाजपा की बढ़त पर छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष रमन सिंह ने कहा, "10 नगरीय निकायों में बहुमत के साथ आगे बढ़ गए हैं। मुझे लगता कि नगर पंचायत हो या नगर पालिका हो, भाजपा करीब-करीब 80% स्थानों में आगे है। मैं शानदार जीत के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को बधाई देता हूं।"
प्रयागराज हादसे पर सीएम विष्णु देव साय ने जताया दुख
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रयागराज हादसे पर दुख जताते हुए कहा, प्रयागराज महाकुम्भ में स्नान के लिए जा रहे कोरबा जिले के श्रद्धालुओं से भरी वाहन के उत्तर प्रदेश के प्रयागराज-मिर्जापुर हाईवे पर मेजा इलाके में दुर्घनाग्रस्त होने के कारण 10 श्रद्धालुओं के निधन की खबर से मन व्यथित है। कोरबा जिला प्रशासन को स्थानीय प्रशासन से समन्वय स्थापित कर आवश्यक व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ है। ईश्वर से दिवंगत श्रद्धालुओं की आत्मा की शांति एवं शोकाकुल परिजनों को संबल प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं।
नेपाल से कुंभ जा रही बस हादसे का हुई शिकार
नेपाल से कुंभ जा रहे श्रद्धालुओं से भरी बस के हाईवे पर पलटने से एक व्यक्ति की मृत्यु हो गई और कई घायल हैं। SP सिटी ज्ञानेंद्र नाथ ने कहा, "नेपाल के श्रद्धालु बस से प्रयागराज की ओर जा रहे थे। सुबह बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में एक व्यक्ति की मृत्यु हो गई। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। आगे की कार्रवाई जारी है। संभवतः चालक गाड़ी छोड़ कर भाग गया है।
दिल्ली में भाजपा महासचिवों की बैठक
भाजपा महासचिवों की बैठक आज शाम 6 बजे पार्टी मुख्यालय में पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा की अध्यक्षता में होने की संभावना है। बैठक में दिल्ली के मुख्यमंत्री के नाम पर मंथन होगा। बैठक में बीजेपी के सभी वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।
भगवंत मान के बयान पर भाजपा नेता तरुण चुघ का तीखा पलटवार
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के बयान पर भाजपा नेता तरुण चुघ ने कहा, "भगवंत मान और मनीष तिवारी पंजाब और देश की जनता को बताएं कि पंजाब के भोले-भाले बच्चे अवैध तरीके से क्यों गए, कैसे गए, किसने भेजा? किन दलालों के हाथों उनका जीवन खराब हुआ? 5 साल कांग्रेस की सरकार रही 3 साल से आपदा पार्टी बैठी है ये बताएं कि उन्होंने इन दलालों के खिलाफ क्या काम किया? उन दलालों को ढूंढने के बजाय बेवजह बयानबाजी कर रहे हैं।"
राष्ट्रपति मुर्मू ने प्रयागराज हादसे पर जताया दुख
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने ट्वीट किया, "उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में मिर्जापुर हाईवे पर हुई सड़क दुर्घटना में कई लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है। मृतकों के परिवारजनों के प्रति मैं शोक संवेदना व्यक्त करती हूं। मैं घायल हुए सभी लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।
मान की सरकार और पुलिस ट्रैवल एजेंटों से पैसे लेती-मनजिंदर सिंह सिरसा
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के बयान पर भाजपा विधायक मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा, "पंजाब के युवाओं ने अमेरिका जाने के लिए अपनी जमीनें बेचीं। ट्रैवल एजेंटों ने उन्हें लूटा और अवैध रास्तों से भेजा। भगवंत मान की सरकार और पुलिस ट्रैवल एजेंटों से पैसे लेती रही...उन्होंने हजारों लोगों को बेरोजगार कर दिया। AAP को सोचना चाहिए कि उन्होंने किस तरह से पंजाब को बर्बाद करने का काम किया है।
अवैध भारतीय अप्रवासियों की पंजाब में विमान लैंडिग पर विवाद
अमेरिका से अवैध भारतीय अप्रवासियों को अमृतसर ले जाने वाली फ्लाइट के संबंध में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के बयान पर कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने कहा, बुनियादी बात है यह है कि जो लोग अमेरिका गए थे, चाहे वो पंजाब से थे या गुजरात से थे या हरियाणा से थे। वो सभी आर्थिक मौके के लिए अमेरिका गए थे। भगवंत मान की बात बिल्कुल सही है कि उनको पंजाब में क्यों लाया जा रहा है? यह विमान दिल्ली में भी लैंड कर सकता था। आप क्या संदेश देना चाह रहे हैं? आप यह संदेश देना चाहते हैं कि जो लोग बाहर जाते हैं वो सिर्फ पंजाब से जाते हैं।
बोलेरो सवार सभी महाकुंभ स्नान के लिए जा रहे थे
CMO ए.के. तिवारी ने सड़क हादसे पर कहा,प्रयागराज में एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना हुई है। एक बस और बोलेरो में टक्कर हो गई। हादसे में बोलेरो में बैठे सभी लोगों की मृत्यु हो गई है। सभी पीड़ित छत्तीसगढ़ से प्रयागराज आ रहे थे और बस प्रयागराज से रायगढ़ जा रही थी।
सीएम योगी ने प्रयागराज हादसे पर जताया दुख
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रयागराज जिले में हुई सड़क दुर्घटना का संज्ञान लिया और शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए और जिला प्रशासन के अधिकारियों को घायलों का समुचित उपचार करने के निर्देश दिए। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की है।
प्रयागराज-मिर्जापुर हाईवे पर सड़क हादसा
छत्तीसगढ़ से महाकुंभ में श्रद्धालुओं को ले जा रही कार की बस से टक्कर होने से 10 लोगों की मौत हो गई। यह हादसा शुक्रवार रात करीब 12 बजे प्रयागराज-मिर्जापुर हाईवे पर थाना मेजा के अंतर्गत हुआ। शवों को पोस्टमार्टम के लिए स्वरूप रानी मेडिकल अस्पताल ले जाया गया है।
CBSE की क्लास 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं शुरू
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) की क्लास 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं आज (15 फरवरी) से शुरू हो गई हैं। पहले दिन 10वीं कक्षा के छात्रों की इंग्लिश कम्युनिकेटिव, लैंग्वेज एंड लिटरेचर की परीक्षा हो रही है तो 12वीं के छात्रों की एंटरप्रेन्योरशिप विषय की परीक्षा हो रही है। 12वीं की परीक्षाएं 15 फरवरी से 4 अप्रैल तक और 10वीं की 15 फरवरी से 18 मार्च तक चलेंगी।
अप्रवासी भारतीय का दूसरा जत्था आज पहुंचेगा भारत
आज अमेरिका से 119 अवैध अप्रवासी भारतीय का दूसरा जत्था भारत लौटेगा। रात करीब 10 बजे अमेरिकी विमान की अमृतसर में लैंडिंग होगी। 119 अवैध अप्रवासी में से 67 पंजाब और 33 हरियाणा के हैं। इससे पहले, 5 फरवरी को 104 अप्रवासी भारत भेजे गए थे।
संभल हिंसा के 15 आरोपियों की जमानत याचिका पर सुनवाई आज
उत्तर प्रदेश के संभल में बीते साल शाही जामा मस्जिद के सर्वे के दौरान हिंसा भड़क उठी थी जिसमें चार लोगों की मौत हो गई थी। हिंसा के 15 आरोपियों की जमानत याचिका पर आज कोर्ट में सुनवाई होनी है। शनिवार को जिला न्यायालय स्थित अपर एवं सत्र न्यायाधीश की अदालत में आरोपियों की जमानत अर्जी पर सुनवाई हुई।