आतंकी तहव्वुर राणा से NIA की टीम ने तीन घंटे की पूछताछ, जांच में नहीं कर रहा सहयोग
मुंबई आतंकी हमले का मास्टरमाइंड तहव्वुर राणा को NIA कोर्ट ने 18 दिनों की रिमांड पर भेज दिया है। जिसके बाद अब एनआईए राणा से पूछताछ कर रही है। आज एनआई ने आतंकी से सिर्फ तीन घंटे पूछताछ की। तमाम बड़ी खबरों के लिए जुड़े रहें....
- भारत
- 15 min read

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज वाराणसी दौरे पर 3884 करोड़ की 44 योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इधर, मुंबई आतंकी हमले का मास्टरमाइंड तहव्वुर राणा को NIA कोर्ट ने 18 दिनों की रिमांड पर भेज दिया है। इसके बाद अब एनआईए उससे अंदर की हर बात उगलवाने को कोशिश कर रही है। इससे पहले गुरुवार, 10 अप्रैल को उसे अमेरिका से स्पेशल विमान से भारत लाया गया। तहव्वुर राणा के प्रत्यर्पण के लिए भारत को 17 साल लंबा इंतजार करना पड़ा।
गृह मंत्री अमित शाह पुणे पहुंचे
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पुणे हवाई अड्डे पर पहुंचे। इस दौरान महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और राज्य भाजपा प्रमुख चंद्रशेखर बावनकुले ने उनका स्वागत किया।
नागपुर में एल्युमिनियम फॉयल बनाने वाली कंपनी में लगी आग
नागपुर जिले के उमरेड MIDC में एल्युमिनियम फॉयल बनाने वाली कंपनी में आग लग गई। छह लोग घायल हो गए हैं, जिनमें से दो की हालत गंभीर है। उन्हें नागपुर सरकारी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अधिक जानकारी की प्रतीक्षा है: धनजी जलक, पुलिस इंस्पेक्टर, उमरेड पुलिस स्टेशन
Advertisement
CAG रिपोर्ट पर क्या बोले सौरभ भारद्वाज ?
AAP दिल्ली प्रमुख सौरभ भारद्वाज ने कहा कि केंद्र सरकार की CAG रिपोर्ट में कहा गया है कि आयुष्मान भारत योजना के तहत लोगों की मौत के बाद भी उनका ऑपरेशन किया गया और निजी अस्पतालों को पैसे दिए गए। इससे साफ होता है कि यह एक घोटाला है और इस योजना को गरीब लोगों को बेवकूफ बनाने के लिए लाया गया है। इस योजना से दिल्ली के लोगों को कोई फायदा नहीं होगा।
4 दिवसीय राजकीय यात्रा के बाद दिल्ली लौटीं राष्ट्रपति मुर्मू
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पुर्तगाल और स्लोवाकिया की 4 दिवसीय राजकीय यात्रा के बाद दिल्ली के पालम हवाई अड्डे पर पहुंचीं।
Advertisement
दिल्ली में आंधी के कारण दीवार गिर गई- एडिशनल डीसीपी-I
एडिशनल डीसीपी-I (पूर्वी दिल्ली) विनीत कुमार ने कहा कि शाम करीब 7 बजे हमें एक PCR कॉल मिली। जब हम मौके पर पहुंचे तो हमें पता चला कि एक इमारत के छठे फ्लोर का निर्माण कार्य चल रहा था। निर्माणाधीन इमारत की एक दीवार गिरने की वजह से एक व्यक्ति की मौत हो गई और 2 जख्मी हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल मे भर्ती कराया जा चुका है। आंधी के कारण दीवार गिर गई थी।
दिल्ली में निर्माणाधीन इमारत की दीवार गिरने से एक की मौत
दिल्ली: धूल भरी आंधी के दौरान मधु विहार पुलिस थाना क्षेत्र में एक निर्माणाधीन इमारत की दीवार गिरने से एक व्यक्ति की मृत्यु हो गई और 2 लोग घायल हुए हैं।
दिल्ली के कई हिस्सों में हुई बारिश
भीषण गर्मी के बीच दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में आज अचानक मौसम में बदलाव देखने को मिला। शुक्रवार शाम के समय नोएडा, दिल्ली, गाजियाबाद समेत अन्य इलाकों में धूल भरी आंधी चली। इसके बाद राष्ट्रीय राजधानी के कई हिस्सों में बारिश हुई।
वाराणसी गैंगरेप मामले में 12 आरोपी गिरफ्तार- एसीपी
वाराणसी गैंगरेप मामले पर ACP विदुष सक्सेना ने कहा कि कुल 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। बाकी आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पीड़िता और परिवार को सहायता प्रदान की जा रही है। 3 और आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और उन्हें जेल भेजा जा रहा है।
धर्मेंद्र प्रधान ने जगन्नाथ पुरी मंदिर में की पूजा-अर्चना
केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने आज जगन्नाथ पुरी मंदिर में पूजा-अर्चना की।
आज बिहार बदलाव रैली का आयोजन हुआ था- प्रशांत किशोर
जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने कहा कि आज बिहार बदलाव रैली का आयोजन किया गया था। प्रशासन ने अपनी ओर से हर स्तर पर सहयोग का वादा किया था। आज लाखों लोग गांधी मैदान में आए हैं लेकिन यहां 10 पुलिसकर्मी भी नहीं हैं। जो लोग अनुमति देने के बाद भी गांधी मैदान में आने का रास्ता सुनिश्चित नहीं करा सकते, ट्रैफिक नहीं चला सकते, वे लोग बिहार क्या चलाएंगे।
तहव्वुर राणा से आज सिर्फ 3 घंटे हो पाई पूछताछ
मिल रही जानकारी के मुताबिक, मुंबई आतंकी हमले के मास्टरमाइंड तहव्वुर राणा से आज सिर्फ 3 घंटे ही पूछताछ हो पाई। बताया जा रहा है कि तहव्वुर राणा संतोषजनक जवाब नही दे रहा है। उसने ज्यादातर सवालों को यह कहकर टाल दिया कि उसे याद हीं है। इसके अलावा जांच अधिकारियों ने उससे उसके परिवार और दोस्तों के बारे में भी पूछताछ की।
कई इलाकों में पेड़ गिरे
राष्ट्रीय राजधानी में धूल भरी आंधी के बाद कई इलाकों में पेड़ गिरे।
दिल्ली में बदला मौसम
दिल्ली के कई इलाकों में धूल भरी आंधी के साथ मौसम में अचानक बदलाव देखने को मिला।
भारत ऋषियों, मनीषियों और संतों की धरती- पीएम मोदी
पीएम मोदी ने आनंदपुर धाम में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि हमारा भारत ऋषियों, मनीषियों और संतों की धरती है। जब-जब हमारा भारत, हमारा समाज किसी मुश्किल दौर से गुजरता है, कोई न कोई ऋषि, मनीषी इस धरती पर अवतरित होकर समाज को नई दिशा देता है। हम पूज्य स्वामी अद्वैतानंद महाराज जी के जीवन में भी इसकी झलक देख सकते हैं। एक समय था, जब आदि शंकराचार्य जैसे आचार्यों ने अद्वैत दर्शन के गहरे ज्ञान की व्यख्या की थी।
पीएम मोदी बोले- जिस भूमि का कण-कण संतों की तपस्या से सींचा गया हो...
पीएम मोदी ने अशोकनगर जिले के ईसागढ़ तहसील में श्री आनंदपुर धाम स्थित मंदिर परिसर का भी दौरा किया। इसके बाद धाम में आयोजित एक कार्यक्रम में उपस्थित श्रद्धालुओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि जिस भूमि का कण-कण संतों की तपस्या से सींचा गया हो, जहां परमार्थ एक परंपरा बन चुका हो, जहां सेवा के संकल्प मानवता के कल्याण का पथ प्रशस्त करते हों, वो धरती साधारण नहीं है। इसलिए हमारे संतों ने अशोक नगर के बारे में कहा था कि यहां शोक आने से डरता है। मुझे खुशी है कि आज यहां बैसाखी और श्री गुरु महाराज जी के अवतरण दिवस के उत्सव में मुझे शामिल होने का अवसर मिला है।
सीएम रेड्डी ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की
तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने क्षेत्रीय रिंग रोड और राष्ट्रीय राजमार्ग पर अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।
प्रधानमंत्री आवास योजना के स्वीकृति पत्र वितरित किए गए
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रधानमंत्री आवास योजना के स्वीकृति पत्र वितरित किए और कन्नौद में विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया।
बीजेपी ने विधानसभा चुनाव के लिए AIADMK के साथ गठबंधन किया
AIADMK और भाजपा नेताओं ने फैसला किया है कि AIADMK, भाजपा और सभी गठबंधन दल मिलकर NDA के रूप में तमिलनाडु में आगामी विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इसकी जानकारी दी है।
पीएम मोदी ने आनंदपुर धाम पहुंचकर जताई खुशी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मध्य प्रदेश के आनंदपुर धाम में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा, "जिस भूमि का कण-कण संतों की तपस्या से सींचा गया हो, जहां परमार्थ एक परंपरा बन चुका हो, जहां सेवा के संकल्प मानवता के कल्याण का पथ प्रशस्त करते हों, वो धरती साधारण नहीं है। इसलिए हमारे संतों ने अशोक नगर के बारे में कहा था कि यहां शोक आने से डरता है। मुझे खुशी है कि आज यहां बैसाखी और श्री गुरु महाराज जी के अवतरण दिवस के उत्सव में मुझे शामिल होने का अवसर मिला है।"
गुरुजी महाराज मंदिर में PM मोदी ने की पूजा-अर्चना
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुजी महाराज मंदिर में पूजा-अर्चना की और ईसागढ़ तहसील में श्री आनंदपुर धाम स्थित मंदिर परिसर का भी दौरा किया।
तहव्वुर राणा के भारत प्रत्यर्पण पर क्या बोले पी चिदंबरम?
26/11 मुंबई हमलों के आरोपी तहव्वुर राणा के भारत प्रत्यर्पण पर पूर्व वित्त मंत्री और कांग्रेस नेता पी चिदंबरम ने कहा कि यह प्रक्रिया 2009 में शुरू हुई और फिर 2011 में इसमें तेजी आई, जब अमेरिकी खुफिया एजेंसियों ने राणा की पहचान की। मैं विदेश मंत्रालय, खुफिया एजेंसियों और NIA को लंबी और कठिन लड़ाई के बाद राणा को सफलतापूर्वक भारत वापस लाने के लिए बधाई देता हूं। मुझे यकीन है कि मौजूदा मोदी सरकार में भी कई विदेश सचिवों और मंत्रियों ने अहम भूमिका निभाई है। मैं अमेरिका की तत्कालीन और मौजूदा सरकार को भी धन्यवाद देता हूं।
नैनार नागेंथिरन ने अपना नामांकन किया दाखिल
चेन्नई: प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष नैनार नागेंथिरन ने अपना नामांकन दाखिल किया।
लाठी नहीं नौकरी दो- कन्हैया कुमार
NSUI के राष्ट्रीय प्रभारी कन्हैया कुमार ने कहा कि हम सरकार से नौकरी मांग रहे हैं। हम सरकार से कह रहे हैं कि पलायन रोकिए। सरकार हमारी बात नहीं सुन रही है और जब तक सरकार हमारी बात नहीं सुनेगी, तब तक हम लोगों की बात सुनते रहेंगे और सरकार को अपनी बात सुनाते रहेंगे। हम यही कहेंगे कि लाठी नहीं नौकरी दो।
कोलकाता में छात्रों का वक्फ (संशोधन) अधिनियम के खिलाफ प्रदर्शन
कोलकाता के आलिया विश्वविद्यालय के छात्रों ने वक्फ (संशोधन) अधिनियम के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।
किसी को तो वापस ला पाए- राणा के प्रत्यर्पण पर फारूक अब्दुल्ला
26/11 मुंबई हमलों के आरोपी तहव्वुर राणा के भारत प्रत्यर्पण पर नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला ने कहा कि मेरी बधाई कि वे कम से कम किसी को तो वापस लाए। वे काला धन भी वापस ला रहे थे और सभी को 15 लाख रुपये देने वाले थे उसका क्या हुआ?
पुलिस हिरासत में कन्हैया कुमार
कांग्रेस कार्यकर्ताओं की 'पलायन रोको, नौकरी दो' पदयात्रा के दौरान मुख्यमंत्री आवास की ओर जाने से रोकने पर पुलिस के साथ झड़प हो गई। पुलिस ने NSUI के राष्ट्रीय प्रभारी कन्हैया कुमार सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर वॉटर कैनन का इस्तेमाल
बिहार के पटना में कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा पलायन और बेरोजगारी के खिलाफ पदयात्रा निकाली गई। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए वॉटर कैनन का इस्तेमाल किया।
तहव्वुर राणा के प्रत्यर्पण पर क्या बोले भूपेश बघेल
तहव्वुर राणा के भारत प्रत्यर्पण पर छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता भूपेश बघेल ने कहा, मूल काम UPA सरकार ने किया था तब उसे आज भारत लाया जा सका...उस समय हमने जो काम किया, वही आधार बना और आज तहव्वुर राणा NIA के कब्जे में है।
पाकिस्तान दुनिया के सामने बेनकाब होगा-जगदंबिका पाल
भाजपा सांसद जगदंबिका पाल ने 26/11 मुंबई हमले के आरोपी तहव्वुर राणा के भारत प्रत्यर्पण पर कहा, "यह देश के लिए बहुत बड़ी उपलब्धि है। 26/11 मुंबई हमले के मास्टरमाइंड को भारत लाया गया है... यह केवल तहव्वुर राणा का प्रत्यर्पण ही नहीं है बल्कि इससे पाकिस्तान भी सारी दुनिया के सामने बेनकाब होगा। प्रधानमंत्री मोदी हमेशा कहते हैं कि आज सारी दुनिया में आतंकवाद है और उस आतंक की नर्सरी पाकिस्तान है।"
अब इलाज के लिए जमीन बेचने की जरूरत नहीं-PM मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "जब आपने हमें तीसरी बार आशीर्वाद दिया, तब हमने भी सेवक के रूप में स्नेह स्वरूप अपने कर्तव्य को निभाया है। मेरी गारंटी थी, बुजुर्गों का इलाज मुफ्त होगा, इसकी का परिणाम है, आयुष्मान वय वंदना योजना। ये योजना बुजुर्गों के इलाज के साथ ही उनके सम्मान के लिए है...अब इलाज के लिए जमीन बेचने की जरूरत नहीं, अब इलाज के लिए कर्ज लेने की जरूरत नहीं, अब इलाज के लिए दर-दर भटकने की जरूरत नहीं... आयुष्मान कार्ड से आपके इलाज का पैसा अब सरकार देगी।"
मेरी काशी अब आरोग्य की राजधानी भी बनेगी-PM मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "10-11 साल पहले, पूरे पूर्वांचल में इलाज को लेकर जो परेशानियां थीं, वो भी हम जानते हैं। आज स्थितियां अलग हैं, मेरी काशी अब आरोग्य की राजधानी भी बन रही है। दिल्ली-मुंबई के बड़े-बड़े अस्पताल आज आपके घर के पास आ गए हैं। यही तो विकास है, जहां सुविधाएं लोगों के पास आती हैं।"
बनारस ने विकास की नई गति पकड़ी है-PM मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "कल हनुमान जन्मोत्सव का पावन दिन है। आज मुझे संकट मोचन महाराज की काशी में आपके दर्शन का सौभाग्य मिला है। हनुमान जन्मोत्सव से पहले काशी की जनता विकास का उत्सव मनाने इकट्ठा हुई है। पिछले 10 सालों में बनारस के विकास ने एक नई गति पकड़ी है। काशी ने आधुनिक समय को साधा है, विरासत को संजोया है और भविष्य को उज्जवल बनाने की दिशा में मजबूत कदम रखे हैं।"
PM मोदी ने काशीवासियों को दी बड़ी सौगात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वाराणसी में 3884.18 करोड़ रुपये की 44 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली उत्तर प्रदेश सरकार के 8 साल पूरे होने के बाद प्रधानमंत्री का यह पहला वाराणसी दौरा है।
CM योगी ने किया प्रधानमंत्री का स्वागत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी पहुंचने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वागत किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली उत्तर प्रदेश सरकार के 8 साल पूरे होने के बाद प्रधानमंत्री का यह पहला वाराणसी दौरा है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री 3884.18 करोड़ रुपये की 44 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।
तहव्वुर राणा को भारत प्रत्यर्पित करने पर अमेरिका का बयान
26/11 आतंकी हमलों के आरोपी तहव्वुर राणा को अमेरिका से भारत प्रत्यर्पित किए जाने के बाद अमेरिकी न्याय विभाग ने एक बयान जारी किया। अमेरिकी विदेश विभाग की प्रवक्ता टैमी ब्रूस ने कहा,अमेरिका ने हमलों के लिए जिम्मेदार लोगों को जवाबदेह ठहराने के भारत के प्रयासों का लगातार समर्थन किया है।
वाराणसी पहुंचे PM मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज अपने 50वें दौरे पर काशी पहुंच गए हैं। एयरपोर्ट पर पीएम मोदी का स्वागत राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक, जिला प्रभारी मंत्री सुरेश खन्ना, नगर विकास मंत्री एके शर्मा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने किया।
NIA मुख्यालय में अधिकारियों की बैठक
तहव्वुर राणा से पूछताछ के लिए NIA की तैयारी चल रही है। करीब 11 बजे NIA मुख्यालय में अधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक होगी। NIA के DG समेत 12 स्पेशल अधिकारियों की बैठक के बाद तहव्वुर राणा से पूछताछ शुरू होगी। जांच एजेंसी के सूत्र के मुताबिक, जिस कमरे में पूछताछ होगी वहां दो कैमरे लगे हुए हैं और कैमरे के सामने पूछताछ की प्रक्रिया को अंजाम दिया जाएगा।
PM मोदी के मार्गदर्शन में यूपी आगे बढ़ रहा है- ब्रजेश पाठक
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा, "आज PM मोदी वाराणसी को बड़ी सौगात देने जा रहे हैं और सभी कार्यकर्ता उनका स्वागत करने के लिए तैयार हैं। PM मोदी के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश देश के नंबर-1 राज्य के रूप में विकसित को रहा है।
PM मोदी वाराणसी में देंगे करोड़ों की सौगात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज उत्तर प्रदेश के वाराणसी में 3,880 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे और जनसभा को संबोधित करेंगे। पीएम के आगमन के लिए पूरा काशी तैयार है।
नालंदा में आंधी-तूफान में 22 की मौत
नालंदा जिले में प्रचंड आंधी-तूफान में 22 लोगों की मौत हो गई। 6 लोगों की मौत एक मंदिर में हो गई जहां एक विशालकाया का पेड़ गिर गया। 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने के कारण शहर में भारी तबाही हुई है। कहीं दीवार गिरने तो कहीं आकाशीय बिजली और पेड़ गिरने की घटना की चपेट में आकर लोगों ने जान गंवाए तो बड़ी संख्या में लोग घायल हैं।
धार में पाइप फैक्ट्री में लगी भीषण आग
मध्य प्रदेश के धार जिले के पीथमपुर इंडस्ट्रियल एरिया में एक पाइप फैक्ट्री में आग लगने की घटना सामने आई है। दमकल की गाड़ियां मौके पर मौजूद हैं। आग पर काबू पाने की कोशिश की जा रही है। आस-पास से सभी फायर टेंडर बुलाए गए हैं।
दिल्ली के मुस्तफाबाद में गोलीबारी
दिल्ली के मुस्तफाबाद इलाके में गोलीबारी की घटना हुई। पुलिस टीम मौके पर मौजूद है और आगे की जांच जारी है। 10 अप्रैल को रात करीब 10 बजे थाना दयालपुर में फायरिंग की घटना की सूचना मिली। सूचना मिलने पर पुलिस की एक टीम तुरंत गली नंबर 15, मुस्तफाबाद में पहुंची, जहां फोन करने वाले अतीक अहमद ने बताया कि उनके बेटे मेहराज (25 वर्ष) को कुछ अज्ञात हमलावरों ने गोली मार दी है। इसके परिणामस्वरूप मेहराज घायल हो गया और उसे GTB अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
NIA को मिली तहव्वुर राणा को 18 दिनों की रिमांड
26/11 मुंबई आतंकी हमले के आरोपी तहव्वुर हुसैन राणा को दिल्ली की NIA कोर्ट ने 18 दिनों की रिमांड पर भेज दिया है। अब NIA अपनी कस्टडी में राणा से पूछताछ करेगी। 17 साल बाद अब 166 मौतों का हिसाब पाकिस्तानी आतंकी तहव्वुर राणा से लिया जाना है।
PM मोदी का काशी दौरा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज वाराणसी दौरे पर रहेंगे। पीएम मोदी यहां 3884 करोड़ की 44 योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। यूपी सरकार के आठ साल पूरे होने के बाद यह उनका पहला काशी दौरा है। प्रधानमंत्री मेंहदीगंज में आयोजित एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे।