'कांग्रेस ने देश की आदिवासी बेटी का अपमान किया', सोनिया गांधी के बयान पर PM मोदी का हमला
आज से संसद का बजट सत्र शुरू हो गया। इससे पहले संसद में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का अभिभाषण हुआ। पीएम मोदी ने भी बजट सत्र की शुरुआत से पहले देशवासियों को संबोधित किया। 1 फरवरी को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण केंद्रीय बजट पेश करेंगी। वहीं, पीएम मोदी ने दिल्ली के द्वारका में चुनावी रैली को संबोधित किया। वहीं, महाकुंभ में भगदड़ की घटना की जांच के लिए न्यायिक आयोग प्रयागराज पहुंच गया है।
- भारत
- 23 min read

महाकुंभ में भगदड़ की घटना की जांच के लिए न्यायिक जांच आयोग प्रयागराज पहुंच गया है। योगी सरकार ने घटना की जांच के लिए तीन सदस्यीय न्यायिक आयोग गठित किया है। वहीं, वसंत पंचमी पर होने वाले अमृत स्नान के लिए तैयारी जोरों पर हैं। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। इधर दिल्ली के चुनावी दंगल में आज पीएम मोदी ने द्वारका में रैली को संबोधित किया।
गाजीपुर हादसे पर डीएम आर्यका अखौरी का बयान
गाजीपुर डीएम आर्यका अखौरी ने कहा कि एक पिकअप में कुछ श्रद्धालु महाकुंभ से लौट रहे थे, सभी गोरखपुर जनपद के एक गांव के रहने वाले थे। पिकअप और एक डंपर के बीच सड़क दुर्घटना में 6 लोगों की मौत हो गई। 13 लोग घायल हुए हैं जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। डंपर चालक वाहन के साथ मौके से फरार हो गया। शिनाख्त की जा रही है। कार्रवाई की जाएगी।
अश्विनी वैष्णव का ट्वीट
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि मौनी अमावस्या के समय प्रयागराज में 60 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं को रेलवे ने सुविधा प्रदान की। रेलवे स्टेशन की टीम, डिवीजन की टीम, ज़ोनल रेलवे की टीम और रेलवे बोर्ड की टीम की dedication और teamwork के लिए बधाई।
Advertisement
AAP के एक और विधायक ने दिया इस्तीफा
AAP के एक और विधायक ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। मादीपुर विधायक गिरीश सोनी ने विधानसभा अध्यक्ष को विधायक पद से इस्तीफा सौंप दिया है। इससे पहले AAP के सात विधायकों ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया था।
झूठ बोल रहे हैं केजरीवाल- तरुण चुघ
यमुना नदी के पानी को लेकर हरियाणा सरकार पर अरविंद केजरीवाल के आरोप पर BJP के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने कहा, "अरविंद केजरीवाल साफ देख सकते हैं कि उनकी पार्टी 10 सीटें भी नहीं जीत पाएगी, इसलिए वह अफवाह फैला रहे हैं और झूठ बोल रहे हैं। उनकी सरकार के जल बोर्ड के सीईओ ने साफ तौर पर कहा है कि वह (अरविंद केजरीवाल) झूठ बोल रहे हैं। वह इस तरह की बातें इसलिए कह रहे हैं क्योंकि वह अपना वादा पूरा करने में 10 साल बाद भी विफल रहे हैं। अरविंद केजरीवाल यमुना नदी में डुबकी नहीं लगा रहे हैं, इसलिए यह स्पष्ट है कि वह झूठ बोल रहे हैं।"
Advertisement
उम्मीद है कि बजट बहुत अच्छा होगा- सुवेंदु अधिकारी
केंद्रीय बजट 2025 पर पश्चिम बंगाल के नेता प्रतिपक्ष और भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी ने कहा, "बहुत ज्यादा उम्मीद है...पीएम मोदी के नेतृत्व में अर्थव्यवस्था विकसित हो रही है, हमारी उम्मीद है कि सोशल सेक्टर में जो काम मोदी जी का चल रहा है वो आगे भी चलेगा।...हमें उम्मीद है कि कल का बजट बहुत अच्छा होगा।"
दिल्ली के हित में AAP विधायकों ने इस्तीफा दिया- रमेश बिधूड़ी
BJP नेता रमेश बिधूड़ी का AAP से विधायकों के इस्तीफे पर कहा कि सबको मालूम है 10 साल में केजरीवाल ने कुछ नहीं किया। ऐसे में वो (AAP से इस्तीफा देने वाले विधायक) जनता को क्या जवाब दें। दिल्ली के हित में उन विधायकों ने इस्तीफा दिया है। वो पीएम मोदी के साथ आना चाह रहे होंगे, बीजेपी को जिताना चाह रहे होंगे। मुझे तो लोकसभा का टिकट नहीं मिला था, लेकिन मैं पार्टी छोड़कर नहीं भागा।
सोनिया गांधी का बयान बहुत दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय- केसी त्यागी
कांग्रेस संसदीय अध्यक्ष सोनिया गांधी के बयान पर जेडी(यू) नेता केसी त्यागी ने कहा, "माननीय राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पर सोनिया गांधी द्वारा दिया गया बयान बहुत दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है। वह राष्ट्र की पहली महिला आदिवासी राष्ट्रपति हैं और उनको लेकर जो असंसदीय टिप्पणी सोनिया गांधी जी ने की है। हम उसकी निंदा करते हैं। सोनिया गांधी जी को अपने वक्तव्य को वापस लेना चाहिए और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से माफ़ी मांगनी चाहिए।"
गोपाल राय का बयान
AAP उम्मीदवार गोपाल राय ने कहा, "पूरी दिल्ली में जो सकारात्मक माहौल बना है, हर जगह से एक आवाज उठ रही है। दिल्ली में केजरीवाल की सरकार बनने जा रही है। लोगों के मन में राय बन रही है कि अगर काम करने वाली सरकार चाहिए तो झाड़ू का बटन दबाएं नहीं तो भाजपा आएगी और वे सारे काम रोकेगी और जनता उससे और परेशान होगी।"
केजरीवाल के काम से जनता खुश- मनीष सिसोदिया
जंगपुरा विधानसभा क्षेत्र से AAP उम्मीदवार मनीष सिसोदिया ने कहा, "भाजपा केवल गाली गलौज की राजनीति दिल्ली में कर रही है और केवल झगड़े बढ़ा रही है और दूसरी तरफ केजरीवाल जी दिल्ली में काम कर रहे हैं। तो केजरीवाल जी के काम से जनता बहुत खुश है और उन्हें दिल्ली में दोबारा लेकर आना चाह रही है।"
केजरीवाल पर राहुल गांधी का निशाना
लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा, "केजरीवाल की टीम में 9 लोग हैं। इस नेतृत्व वाली टीम में कोई दलित, आदिवासी, पिछड़ा वर्ग या अल्पसंख्यक नहीं है। यह भी 2-3 प्रतिशत की पार्टी है। केजरीवाल ने 5 साल पहले कहा था कि वह यमुना का पानी पीएंगे, यमुना में डुबकी लगाएंगे। वह पानी की बोतल लेकर घूम रहे हैं और कह रहे हैं कि हरियाणा सरकार या किसी और ने इसे गंदा कर दिया है। केजरीवाल, जिम्मेदारी आपकी है... हमारी लड़ाई विचारधारा पर आधारित है, हमारी लड़ाई अवसरवादी नहीं है..."
7 विधायकों ने AAP के भ्रष्टाचार से तंग होकर इस्तीफा दे दिया- अनुराग ठाकुर
7 AAP विधायकों के इस्तीफे पर BJP सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा, "पहले उनके दो दलित मंत्रियों ने यह कहते हुए इस्तीफा दिया कि ये लोग दलितों विरोधी हैं। अब इनकी पार्टी के 7 विधायकों ने पार्टी छोड़कर चले गए ये कहते हुए कि केजरीवाल भ्रष्टाचारी हैं। पार्टी के 7 विधायकों ने पार्टी के भ्रष्टाचार से तंग होकर इस्तीफा दे दिया। ये दिखता है कि दिल्ली की जनता ने मन बना लिया है कि दिल्ली में कमल खिलने वाला है, दिल्ली में भाजपा की सरकार बनाने वाली है।"
केजरीवाल को केवल राजनीति करनी है, काम नहीं करने- कैलाश गहलोत
BJP नेता कैलाश गहलोत ने अरविंद केजरीवाल पर आरोप लगाते हुए कहा कि केजरीवाल यमुना में जहर वाला बयान देते हैं। वो ही पानी प्रधानमंत्री, हम और आप पी रहे हैं। उनको केवल राजनीति करनी है, काम नहीं करने हैं। उनको केंद्र सरकार और उपराज्यपाल के साथ लड़ाई-झगड़े करते रहना है। आम आदमी पार्टी झगड़ा करते आ रही है, बहाने करते आ रही है, काम की तरफ उनका ध्यान नहीं।
कस्तूरबा नगर में CM धामी की जनसभा
उत्तराखंड सीएम पुष्कर सिंह धामी ने दिल्ली के कस्तूरबा नगर विधानसभा में चुनावी जनसभा में कहा कि एक तरफ विकास और दूसरी तरफ टुकड़े-टुकड़े गैंग के समर्थन में नारे लगाने वाले लोग हैं। आपको तय करना है, शरीयत कानून की वकालत करने वाले लोग चाहिए या UCC लाने वाले लोग चाहिए।
सोनिया गांधी के बयान पर पीयूष गोयल की प्रतिक्रिया
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने सोनिया गांधी द्वारा राष्ट्रपति मुर्मू पर की गई टिप्पणी पर कहा, "सोनिया गांधी ने जिस प्रकार राष्ट्रपति मुर्मू का अपमान किया है। यह कांग्रेस की भावना दर्शाता है जो उनके मन में हमारे आदिवासी भाई-बहनों के लिए है। भारत की जनता ने प्रधानमंत्री मोदी को तीसरी बार जो प्यार दिया है। INDI गठबंधन के नेता उस प्यार को पचा नहीं पा रहे हैं। इसका एक और उदाहरण उन्होंने आज अपने वक्तव्य से दे दिया है... मैं राहुल गांधी और सोनिया गांधी की घोर निंदा करता हूं।"
AAP के 5 विधायकों ने दिया इस्तीफा
दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी आदमी को बड़ा झटका लगा है। आप के 5 विधायकों ने एकसाथ इस्तीफा दिया है। त्रिलोकपुरी से AAP विधायक रोहित कुमार मेहरौलिया, जनकपुरी के दो बार के विधायक राजेश ऋषि, महरौली के विधायक नरेश यादव, पालम से विधायक भावना गौड़, कस्तूरबा नगर के विधायक मदन लाल ने भी इस्तीफा दे दिया है।
PM मोदी की अमेरिका यात्रा पर विदेश मंत्रालय का बयान
प्रधानमंत्री मोदी की अमेरिका यात्रा पर विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जयसवाल ने कहा, "प्रधानमंत्री मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने कुछ दिन पहले टेलीफोन पर बातचीत की थी। हाल ही में दोनों पक्ष भारत-अमेरिका व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को और गहरा करने के लिए प्रधानमंत्री की अमेरिका की शीघ्र यात्रा पर काम कर रहे हैं और इस यात्रा की विशिष्ट तिथियों पर अभी भी काम चल रहा है और उचित समय पर इसकी घोषणा की जाएगी।"
महाकुंभ भगदड़: प्रयागराज के अस्पताल पहुंचा न्यायिक जांच आयोग
महाकुंभ भगदड़ की जांच के लिए न्यायिक जांच आयोग प्रयागराज के स्वरूप रानी नेहरू अस्पताल पहुंचा।
जिन्होंने दिल्ली को लूटा है, उन्हें लौटना पड़ेगा- PM मोदी
दिल्ली के द्वारका में जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "मैं आपको भरोसा दिलाता हूं कि दिल्ली में भाजपा की सरकार बनते ही AAP-दा के भ्रष्टाचार पर और कड़ा प्रहार होगा। जिन्होंने दिल्ली को लूटा है, उन्हें लौटना पड़ेगा। विधानसभा के पहले सत्र में ही सीएजी की रिपोर्ट पेश की जाएगी। इस रिपोर्ट में AAP-दा सरकार के घोटालों का जिक्र है और वे इसे छिपाकर बैठी है।"
AAP-दा वालों को भगाना है- द्वारका में बोले PM मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने द्वारका में चुनावी रैली को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली में मतदान होने में अब बस पांच दिन बचे हैं। दिल्ली ने ठान लिया है कि AAP-दा वालों को भगाना है, इस बार भारी बहुमत से BJP सरकार बनाना है। उन्होंने कहा कि दिल्ली को केंद्र और राज्य की डबल इंजन की सरकार चाहिए। आपने कांग्रेस को भी देखा। बाद में आपदा वाले ने कब्ज़ा कर लिया।
दिल्ली दंगों पर बनी फिल्म को लेकर HC में सुनवाई जारी
दिल्ली दंगों पर आधारित फिल्म 2020 दिल्ली 2को रिलीज पर रोक लगाने की मांग के मामले में दिल्ली हाईकोर्ट मे सुनवाई जारी है। याचिकाकर्ता शरजील इमाम के वकील ने कहा कि जब तक केस यहां लंबित है तब तक फिल्म के ट्रेलर पर भी रोक लगाई जाए। फ़िल्म के ट्रेलर को रिलीज करने के लिए भी सर्टिफिकेट की जरूरत होती है। याचिकाकर्ता के वकील ने कोर्ट से फिल्म का ट्रेलर देखने की मांग की।
राष्ट्रपति ही नहीं संविधान का भी अपमान-अर्जुन राम मेघवाल
केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कांग्रेस सांसद सोनिया गांधी द्वारा राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पर दिए गए बयान पर कहा, "भारत के संविधान के अनुसार राष्ट्रपति का पद सर्वोच्च है... जो लोग संविधान के सम्मान की बात करते हैं और जो सर्वोच्च संवैधानिक पद पर बैठी हमारी आदिवासी राष्ट्रपति का अपमान करते हैं, वे संविधान का भी अपमान कर रहे हैं। यह सीधे तौर पर संविधान का अपमान है... आपको लोकसभा में बोलने का मौका मिलेगा, अगर आप सकारात्मक आलोचना करना चाहते हैं तो लोकसभा उसके लिए मंच है। राष्ट्रपति के अभिभाषण के तुरंत बाद उन्होंने जो निम्न स्तर की टिप्पणी की, मैं उसकी कड़ी निंदा करता हूं।""
सोनिया गांधी को राष्ट्रपति से माफी मांगनी चाहिए-किरेन रिजिजू
कांग्रेस सांसद सोनिया गांधी द्वारा राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पर दिए गए बयान पर संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा, मैं सोनिया गांधी और अन्य विपक्षी नेताओं द्वारा की गई टिप्पणियों की निंदा करता हूं। हमारी राष्ट्रपति, एक आदिवासी महिला हैं, वे कमजोर नहीं हैं... राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने देश और समाज के लिए बड़े पैमाने पर काम किया है और वे उस तरह के काम की कल्पना भी नहीं कर सकते हैं... उन्हें उनसे माफी मांगनी चाहिए।
राष्ट्रपति का ऐसा अपमान कभी नहीं हुआ- धर्मेंद्र प्रधान
कांग्रेस सांसद सोनिया गांधी के बयान पर केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा, "राष्ट्रपति का ऐसा अपमान कभी नहीं हुआ था। कांग्रेस सांसद सोनिया गांधी और उनके बेटे और विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने राष्ट्रपति के खिलाफ जिस तरह के शब्दों का इस्तेमाल किया, मैं उसकी कल्पना भी नहीं कर सकता। उनसे और क्या उम्मीद की जा सकती है।
अंत तक राष्ट्रपति बहुत थक गई-सोनिया गांधी
संसद में राष्ट्रपति के अभिभाषण के बाद कांग्रेस सांसद सोनिया गांधी ने कहा, अंत तक राष्ट्रपति बहुत थक गई थी। वे मुश्किल से बोल पा रही थीं। सरकार कब तक जनता से झुठे वादे करेगी। भाषण में सिर्फ झुठे वादे किए गए।
यमुना के पानी पर सियासत जारी
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा, "मैं दिल्ली के लोगों को ये खुशखबरी देना चाहता हूं कि आपका संघर्ष रंग लाया है। 15 जनवरी को ये 3.2 PPM था, उसके बाद उन्होंने शरारती तरीके से इसे 7 PPM कर दिया। जब मैंने और दिल्ली के लोगों ने शोर मचाया तो ये 7 से घटकर 2.1 PPM हो गया। अगर हमने शोर न मचाया होता, संघर्ष न किया होता तो आज दिल्ली के 1 करोड़ लोगों को पानी नहीं मिलता... ये दिल्ली को बदनाम करने की साजिश थी।"
राष्ट्रपति का संबोधन सरकार की उपलब्धियों को दर्शाता है-तेजस्वी सूर्या
भाजपा सांसद तेजस्वी सूर्या ने राष्ट्रपति के अभिभाषण पर कहा, "पिछले 10 साल देश के विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण रहे हैं। युवा, मध्यम वर्ग, महिलाएं और गरीब इस सुशासन के सबसे बड़े लाभार्थी रहे हैं... राष्ट्रपति का संबोधन सरकार की उपलब्धियों को दर्शाता है और इस सामूहिक विकास यात्रा के अगले 5 वर्षों के लिए रोडमैप और आकांक्षा भी निर्धारित करता है..."
सपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ FIR
सपा सांसद डिंपल यादव के रोड शो को लेकर मुकदमा दर्ज किया गया है। अज्ञात सपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ थाना इनायतनगर में मुकदमा दर्ज किया गया है। सब इंस्पेक्टर आलोक कुमार सिंह के तहरीर पर दर्ज मुकदमा दर्ज हुआ है। सरकारी आदेश के उल्लंघन का मामला है। रोड शो के दौरान परमिशन से अधिक वाहनों का प्रयोग किया गया था। जिसकी वजह से रायबरेली हाईवे दोनों लेन जाम हो गया था। गुरुवार को कुमारगंज से मिल्कीपुर तक डिंपल यादव का रोड शो चला था।
वाराणसी में गंगा में पलटी नाव
वाराणसी से नाव हादसे की खबर आ रही है। मानमंदिर घाट के उस पार गंगा के बीच में नाव पलट गई है। नाव में 40 लोग सवार थे। सभी को सुरक्षित बचान की कोशिश की जा रही है। NDRF की टीम को रेस्क्यू में लगाया गया है। पुलिस नाविकों की भी मदद ले रही है।
राष्ट्रीय तिलहन मिशन को मंजूरी
संसद के संयुक्त सत्र को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा, "देश में तिलहन उत्पादन को बढ़ावा देने और खाद्य तेलों में आत्मनिर्भरता हासिल करने के उद्देश्य से राष्ट्रीय तिलहन मिशन को मंजूरी दी गई है। प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए भी राष्ट्रीय मिशन चलाया जा रहा है।"
मेक इन इंडिया से हम मेक फॉर द वर्ल्ड की ओर बढ़े- राष्ट्रपति
अपने अभिभाषण में राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा, "देश ने देश की सीमाओं की रक्षा और आंतरिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कई ऐतिहासिक कदम उठाए हैं। सरकार ने रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में भी कदम उठाए हैं। मेक इन इंडिया से हम मेक फॉर द वर्ल्ड की ओर बढ़ चुके हैं।
डिजिटल ट्रांसैक्शन में भारत आगे- राष्ट्रपति मुर्मू
संसद की संयुक्त बैठक को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा, भारत की UPI टेक्नोलॉजी की सफलता से दुनिया के कई विकसित देश भी प्रभावित हैं। आज 50% से ज्यादा रियल टाइम डिजिटल ट्रांसैक्शन भारत में हो रहा है। मेरी सरकार ने डिजिटल तकनीक को सामाजिक न्याय और समानता के एक टूल के तौर पर इस्तेमाल किया है।
राष्ट्रपति मुर्मू ने भारत के स्पेश मिशन की तारीफ की
बजट सत्र की शुरुआत से पहले संसद की संयुक्त बैठक को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा, वह दिन दूर नहीं जब भारत में निर्मित गगनयान में एक भारतीय नागरिक अंतरिक्ष में जाएगा। कुछ दिन पहले स्पेस डॉकिंग में सफलता ने भारत के अपने स्पेस स्टेशन का मार्ग और आसान कर दिया है।
करोड़ वरिष्ठ नागरिकों के लिए स्वास्थ्य बीमा - राष्ट्रपति मुर्मू
बजट सत्र की शुरुआत से पहले संसद के संयुक्त सत्र को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा, "आयुष्मान भारत योजना के तहत 70 वर्ष और उससे अधिक आयु के छह करोड़ वरिष्ठ नागरिकों को स्वास्थ्य बीमा प्रदान करने का निर्णय लिया गया है।"
कोई भी शिक्षा से वंचित न रहे-राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू
संसद की संयुक्त बैठक को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा, "कोई भी शिक्षा से वंचित न रहे इसलिए मातृ भाषा में शिक्षा के अवसर दिए जा रहे हैं। विभिन्न भर्ती परीक्षाएं 13 भारतीय भाषाओं में आयोजित कर भाषा संबंधित बाधाओं को दूर किया गया है।
महाकुंभ हादसे पर राष्ट्रपति ने जताया दुख
संसद के संयुक्त सत्र को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा, "ऐतिहासिक महाकुंभ चल रहा है। यह हमारी सांस्कृतिक परंपराओं और सामाजिक जागरण का पर्व है। देश-दुनिया से करोड़ों श्रद्धालुओं ने प्रयागराज में पवित्र डुबकी लगाई है। मौनी अमावस्या पर हुई दुर्घटना पर मैं अपनी संवेदना व्यक्त करती हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करती हूं।
10 साल बाद ये पहला सत्र मैं देख रहा हूं, जिसमें किसी भी विदेशी कोने से कोई चिंगारी नहीं भड़काई गई: पीएम मोदी
राष्ट्रपति के अभिभाषण से पहले पीएम मोदी ने देश की जनता को संबोधित करते हुए कहा, ‘2014 से लेकर अब तक शायद ये पहला संसद का सत्र है, जिसके एक दो दिन पहले कोई विदेशी चिंगारी नहीं भड़की है, विदेश से आग लगाने की कोशिश नहीं हुई है। मैं 2014 से देख रहा हूं कि हर सत्र से पहले शरारत करने के लिए लोग तैयार बैठते थे और यहां उन्हें हवा देने वालों की कोई कमी नहीं है। 10 साल बाद ये पहला सत्र मैं देख रहा हूं, जिसमें किसी भी विदेशी कोने से कोई चिंगारी नहीं भड़काई गई।’
देश को सर्वांगीण विकास की दिशा में बढ़ाना है-PM मोदी
प्नधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा तीसरे कार्यकाल में हम मिशन मोड में देश को सर्वांगीण विकास की दिशा में चाहे वह भौगोलिक रूप से हो, सामाजिक रूप से हो या आर्थिक भिन्न-भिन्न संदर्भ में हो, हम सर्वांगीण विकास के संकल्प को लेकर मिशन मोड में आगे बढ़ते जा रहे हैं। सभी संसद युवा संसद विकसित भारत के लिए अपना योगदान देंगे , वो आज सदन में जितनी जागरूकता बढ़ाएंगे , विकसित भारत के फल युवा संसद अपनी नज़रो के सामने देख पाएंगे।
विकसित भारत के संकल्प की दिशा में यह बजट सत्र-PM मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन कहा, "हमारे गणतंत्र ने 75 वर्ष पूरे कर लिए हैं। यह देश के प्रत्येक नागरिक के लिए बहुत गर्व की बात है...इस देश के लोगों ने मुझे तीसरी बार ये जिम्मेदारी दी है और ये इस तीसरे कार्यकाल का पहला पूर्ण बजट है। मैं विश्वास से कह सकता हूं कि 2047 में जब आजादी के 100 साल होंगे, विकसित भारत का जो संकल्प इस देश ने लिया है उस दिशा में यह बजट सत्र, यह बजट एक नया विश्वास पैदा करेगा, नई ऊर्जा देगा कि देश जब आजादी के 100 साल मनाएगा तब विकसित होकर रहेगा। 140 करोड़ देशवासी अपने सामूहिक प्रयासों से इस संकल्प को पूरा करेंगे।
बजट सत्र की शुरुआत से पहले PM मोदी का संबोधन
बजट सत्र की शुरुआत से पहले PM मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि आज बजट सत्र के प्रारम्भ में मैं समृद्धि की देवी माँ लक्ष्मी को प्रणाम करता हूँ | ऐसे अवसर पर सदियों से हमारे यहाँ माँ लक्ष्मी का स्मरण किया जाता है | माँ लक्ष्मी हमें सिद्धि और विवेक देती है | समृद्धि और कल्याण भी देती है | मेरी प्रार्थना है की देश के हर गरीब एवं माध्यम वर्ग समुदाय पर माँ लक्ष्मी की विशेह कृपा रहे।
पुंछ में दो आतंकवादी ढेर
जम्मू कश्मीर के पुंछ में भारतीय सेना ने घुसपैठ की साजिश को नाकाम कर दिया है। सेना ने पाकिस्तान की ओर से घुसपैठ कर रहे दो आतंकवादियों को मार गिराया है। दोनों आतंकवादी लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े हुए बताए गए हैं। आतंकवादियो के पास से हथियार भी बरामद किए गए हैं।
चुनाव आयोग से AAP करेगी शिकायत
आम आदमी पार्टी ने कहा कि राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल, दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान आज ECI द्वारा उन्हें जारी किए गए नोटिस को लेकर चुनाव आयोग से मिलने जाएंगे।
PM मोदी ने अमेरिका विमान हादसे पर दुख जताया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर अमेरिका विमान हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने लिखा है- "वाशिंगटन डीसी में हुए दुखद हादसे में लोगों की मौत से बहुत दुखी हूं। पीड़ितों के परिवारों के प्रति हमारी हार्दिक संवेदनाएं। हम संयुक्त राज्य अमेरिका के लोगों के साथ एकजुटता से खड़े हैं।"
संभल हिंसा मामला में अकिल गिरफ्तार
संभल हिंसा मामला में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। अकिल को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पाक मौलाना का चेला है अकिल। पाक के मौलाना ने संभल हिंसा में मरे लोगो को शहीद बताया था। अकिल और पाक मौलाना की बातचीत का वीडियो भी सामने आया था। पुलिस अकिल से पूछताछ कर रही है
सोरांव थाना प्रभारी बृजेश तिवारी निलंबित
DCP गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत,ने बताया कि सोरांव थाना प्रभारी बृजेश तिवारी को एक वीडियो वायरल होने के बाद निलंबित कर दिया गया है जिसमें उन्हें 'भंडारे' में भोजन के बर्तन में मिट्टी डालते हुए देखा गया था।
न्यायिक जांच आयोग आज महाकुंभ पहुंचेगा
महाकुंभ में भगदड़ की घटना की जांच के लिए आज न्यायिक जांच आयोग महाकुंभ पहुंचेगा। योगी सरकार ने घटना की जांच के लिए तीन सदस्यीय न्यायिक आयोग गठित किया है। वहीं, वसंत पंचमी पर होने वाले अमृत स्नान के लिए तैयारी जोरों पर हैं।
दिल्ली में PM की चुनावी रैली
दिल्ली चुनाव में आज पीएम मोदी हुंकार भरेंगे। द्वारका में पीएम मोदी चुनावी रैली को संबोधित करेंगे। चुनाव प्रचार के लिए पीएम द्वारका सेक्टर-14 के डीडीए ग्राउंड में आने वाले है। इसे देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने जाम से बचने के कुछ रूट में भी बदलाव किए हैं।
आज से संसद का बजट सत्र
आज से संसद का बजट सत्र शुरू हो रहा है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू दोनों सदनों को संबोधित करेंगी, जिसके साथ ही बजट सत्र की शुरुआत होगी। 1 फरवरी को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण केंद्रीय बजट पेश करेंगी।