sb.scorecardresearch
LIVE-BLOG

पब्लिश्ड 08:40 IST, December 4th 2024

संभल हिंसा को लेकर सीएम योगी बोले- संभल का एक भी दंगाई बख्शा नहीं जाना चाहिए

महाराष्ट्र में मुख्यमंत्री के नाम पर बना सस्पेंस आज खत्म हो गया है। महाराष्ट्र के नए CM के नाम का बुधवार को ऐलान हो गया। BJP विधायक दल की बैठक में इस पर फैसला हुआ। देवेंद्र फडणवीस महाराष्ट्र के अगले CM होंगे। वहीं, कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को संभल जाने के दौरान गाजीपुर बॉर्डर पर रोक दिया गया। तमाम अपडेट के लिए बने रहें...

Reported by: Rupam Kumari
Follow: Google News Icon
  • share
CM Yogi Adityanath
CM योगी आदित्यनाथ | Image: R Bharat

महाराष्ट्र में किसका राजतिलक होगा इस पर आज मुहर लग गई है। मुख्यमंत्री के नाम पर पिछले 12 दिनों से चला आ रहा है सस्पेंस आखिरकार खत्म हो गया है। मुंबई में बीजेपी की विधायक दल की बैठक में सर्वसम्मति से देवेंद्र फडणवीस को मुख्‍यमंत्री चुन लिया गया है।  बीजेपी अपने सहयोगी दलों के प्रमुख नेताओं के साथ उनके समर्थन पत्र लेकर राज्यपाल के पास जाएगी और सरकार बनाने का दावा करेगी। 

Live Blog

महाराष्‍ट्र में मुख्‍यमंत्री को लेकर चल रही माथापची 12 दिनों बाद खत्म हो गई। मुंबई में बीजेपी की विधायक दल की बैठक में सर्वसम्मति से देवेंद्र फडणवीस को मुख्‍यमंत्री चुन लिया गया है। कल यानी की 5 दिसंबर को वो तीसरी बार महाराष्‍ट्र के सीएम बनेंगे। भाजपा की कोर कमेटी की बैठक में केंद्रीय मंत्री निर्मला सीतारमण, गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी और फडणवीस मौजूद थे।


00:05 IST, December 5th 2024

संभल का एक भी दंगाई बख्शा नहीं जाना चाहिए: सीएम योगी

UP: राज्य में कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, "संभल या किसी अन्य जिले में किसी को भी अराजकता फैलाने की इजाजत नहीं दी जानी चाहिए। संभल का एक भी दंगाई बख्शा नहीं जाना चाहिए।"


00:06 IST, December 5th 2024

संभल में बुलडोजर एक्शन SC के फैसले के खिलाफ है: असदुद्दीन ओवैसी

योगी सरकार के बुलडोजर एक्शन को लेकर AIMIM चीफ असदुद्दीन ओवैसी ने कहा, “संभल में आज जो बुलडोजर एक्शन हुआ वो सुप्रीम कोर्ट के फैसले के खिलाफ है। सुप्रीम कोर्ट के गाइडलाइन्स के मुताबिक 15 दिन की नोटिस होनी चाहिए, जिनका घर टूटने वाला है उन्हें अपनी बात रखने का मौका देना चाहिए, और बुलडोज़र को किसी मुजरिम को सजा देने के लिए इस्तेमाल नहीं किया जा सकता। योगी सरकार एक पूरे समाज को सजा दे रही है। उनका जुर्म बस यही है कि उन्होंने अपने संविधानिक अधिकारों का इस्तेमाल किया। जो सरकार सुप्रीम कोर्ट के आदेश नहीं मान सकती, वो सरकार संविधान के मुताबिक काम नहीं कर रही है। क्या ऐसी सरकार को सत्ता में रहने का कोई हक है?”



00:06 IST, December 5th 2024

चीज़ों को बहुत ईमानदारी से इस फिल्म में दिखाया गया: उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी

फिल्म 'द साबरमती रिपोर्ट' पर राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने कहा, "उस समय क्या हुआ था, कैसे हुआ था, उन सभी चीज़ों को बहुत ईमानदारी से इस फिल्म में दिखाया गया है...सच्ची घटना पर आधारित फिल्म बनाई गई है।"


21:21 IST, December 4th 2024

आतंकियों ने सेना के एक जवान पर की फायरिंग

पुलवामा के अवंतीपोरा के त्राल इलाके में आतंकियों ने सेना के एक जवान पर फायरिंग की। जवान छुट्टी पर था और घर आया हुआ था। उसके पैर में गोली लगी है और उसे तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। इलाके को सुरक्षा बलों ने घेर लिया है: आधिकारिक सूत्र



21:19 IST, December 4th 2024

झारखंड मंत्रिमंडल विस्तार पर महुआ माजी का बयान

झारखंड मंत्रिमंडल विस्तार पर JMM सांसद महुआ माजी ने कहा, "...सभी का प्रयास हर वर्ग को प्रतिनिधित्व देना होगा। सभी हेमंत सोरेन जी के राज्य को देश का नंबर वन राज्य बनाने के सपने को पूरा करेंगे...इस कार्यकाल में झारखंड और आगे बढ़ेगा और अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचेगा..."


21:07 IST, December 4th 2024

एस जयशंकर और कुवैत के विदेश मंत्री ने की बैठक

विदेश मंत्री डॉ एस जयशंकर और कुवैत के विदेश मंत्री अब्दुल्ला अली अल-याह्या ने प्रतिनिधिमंडल स्तर की बैठक की। विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने कहा, "हमारे दोनों देशों के बीच लंबे समय से मित्रता है। हम व्यापार, निवेश, ऊर्जा, आईटी सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपने द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध हैं और मैं आपके साथ इस पर चर्चा करने के लिए उत्सुक हूं।"



19:09 IST, December 4th 2024

असम में 7 दिसंबर को होगा कैबिनेट का विस्तार

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा, "असम में, हमने फैसला किया है कि किसी भी रेस्तरां या होटल में गोमांस नहीं परोसा जाएगा और साथ ही इसे किसी सार्वजनिक समारोह या सार्वजनिक स्थान पर भी नहीं परोसा जाएगा, इसलिए आज से हमने होटलों, रेस्तरां और सार्वजनिक स्थानों पर गोमांस की खपत को पूरी तरह से बंद करने का फैसला किया है। पहले हमारा फैसला मंदिरों के पास गोमांस खाने पर रोक लगाने का था लेकिन अब हमने इसे पूरे राज्य में विस्तारित कर दिया है कि आप इसे किसी भी सामुदायिक स्थान, सार्वजनिक स्थान, होटल या रेस्तरां में नहीं खा पाएंगे। असम कैबिनेट का विस्तार 7 दिसंबर को दोपहर 12 बजे होगा।"


19:07 IST, December 4th 2024

कल झारखंड मंत्रिमंडल का विस्तार होगा

कांग्रेस नेता गुलाम अहमद मीर ने कहा, "कल झारखंड मंत्रिमंडल का विस्तार होगा, फिर 9 तारीख को विधानसभा का सत्र बुलाया गया है। नामों की घोषणा राजभवन करेगा, यह परमाधिकार राजभवन का है। कल 12 बजे आप सबको देखेंगे। हम नाम मुख्यमंत्री को भेजेंगे, वे उसे राजभवन को भेजेंगे और कल 12 बजे तक मंत्रियों का शपथ ग्रहण होगा।"



19:11 IST, December 4th 2024

पंजाब में कानून व्यवस्था की स्थिति चरमरा गई: तरुण चुघ

भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने शिरोमणि अकाली दल के नेता सुखबीर सिंह बादल पर स्वर्ण मंदिर में हुए हमले पर कहा, "यह बहुत दुखद घटना है, चिंता का विषय है। अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी को राजनीति करने की बजाय, राजनीतिक लाभ उठाने की बजाय अपनी खामियों और अक्षमता पर स्पष्टीकरण देना चाहिए, वे अपनी गलती सुधारने की बजाय लगातार गलतियां कर रहे हैं। आज पंजाब में कानून व्यवस्था की स्थिति चरमरा गई है। मुख्यमंत्री भगवंत मान को इस पर श्वेत पत्र जारी करना चाहिए। जबरन वसूली, फिरौती, हत्याएं, नशे में रोजाना बढ़ोतरी, हर मोर्चे पर आम आदमी पार्टी की सरकार फेल है।"


18:07 IST, December 4th 2024

नरेश बाल्यान को मिली जमानत

दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने AAP विधायक नरेश बाल्यान को जमानत दे दी है। उन्हें 30 नवंबर 2024 को जबरन वसूली के एक मामले में दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने गिरफ्तार किया था।



18:06 IST, December 4th 2024

AAP सांसद संजय सिंह ने संभल में तानाशाही का लगाया आरोप

लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को संभल जाने से रोके जाने पर AAP सांसद संजय सिंह ने कहा, "पुलिस लोगों को मार रही है, लेकिन कोई भी शोक संतप्त परिवारों से मिलने और संवेदना जताने नहीं जा सकता। यह कैसी तानाशाही है?" शिरोमणि अकाली दल नेता सुखबीर सिंह बादल पर हुए हमले पर उन्होंने कहा, "पंजाब सरकार और पुलिस प्रशासन मामले की जांच कर रहा है। जल्द ही कार्रवाई की जाएगी।"


18:05 IST, December 4th 2024

भाजपा की राजनीति ध्रुवीकरण पर टिकी हुई है: सचिन पायलट

कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने कहा, "1991 में एक कानून पारित किया गया था और वो कानून सर्वसम्मति से संसद ने पारित किया था कि देश की आजादी के बाद जितने भी धार्मिक स्थल हैं, उनको यथावत रखा जाएगा...चाहे संभल का मामला हो या अजमेर का मामला हो, जानबूझकर कुछ ताकतें है इस देश में जो चाहती हैं कि जनता का ध्यान किसान, महंगाई, बेरोजगारी से हटाकर इन मुद्दों पर आकर्षित किया जाए...संभल में निर्दोष लोगों की मौत हुई...आज राहुल गांधी और प्रियंका गांधी संभल में जिन लोगों की मौते हुई हैं, उनके परिवार से मिलना चाहते थे लेकिन उनको जाने से रोक दिया गया। वहां तनाव का माहौल पैदा करने की कोशिश की जा रही है क्योंकि भाजपा की राजनीति ध्रुवीकरण पर टिकी हुई है…"



18:05 IST, December 4th 2024

सरस फूड फेस्टिवल पर क्या बोले केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान?

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान सरस फूड फेस्टिवल पर कहा, "यहां अद्भुत आनंद है... यहां 25 प्रांत के व्यंजन  है और व्यंजन बनाने वाली हमारी लखपति दीदीयां अलग-अलग राज्यों से अपनी विशेषता, अपना स्वाद, अपनी परंपरा लेकर आई हैं। यह महिला सशक्तिकरण की प्रतीक हैं... सरस मेले में अलग-अलग राज्यों में बनाई गई चीज़ों का प्रदर्शन किया गया है... मैं दिल्ली वासियों से यहां आने का अनुरोध करता हूं..."


17:29 IST, December 4th 2024

नेता प्रतिपक्ष को संभल जाकर स्थिति को भड़काने की कोई जरूरत नहीं: प्रह्लाद जोशी

केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा को संभल जाने से रोके जाने पर कहा, "कांग्रेस की सरकार चाहे प्रदेश में रही हो या देश में उन्होंने क्या-क्या किया है वह सब जानते हैं... अभी कोई मंत्री भी वहां(संभल) नहीं जा रहे हैं तो नेता प्रतिपक्ष को वहां जाकर स्थिति को भड़काने की कोई जरूरत नहीं है।"



17:18 IST, December 4th 2024

स्थिर सरकार देने के लिए जनता ने हमें वोट दिया: सीटी रवि

देवेंद्र फडणवीस को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पद के लिए चुने जाने पर भाजपा नेता सीटी रवि ने कहा, "उनके नेतृत्व पर पार्टी को विश्वास है और जनता ने भी विश्वास रखा है...मुझे विश्वास है कि उनके नेतृत्व में महाराष्ट्र और मजबूत होगा। स्थिर सरकार देने के लिए, विकास करने के लिए जनता ने हमें वोट दिया है…"


17:17 IST, December 4th 2024

बिक्रम सिंह मजीठिया ने आप सरकार पर उठाए सवाल

शिरोमणि अकाली दल के नेता सुखबीर सिंह बादल पर स्वर्ण मंदिर में हुए हमले पर पार्टी के बिक्रम सिंह मजीठिया ने कहा, "एक आदमी जिस पर कम से कम 30 मामले दर्ज हैं, नारायण सिंह चौड़ा, उसके खिलाफ हर तरह की FIR दर्ज है... वह आदमी 3 दिन से वहां घूम रहा है और AAP की सरकार कह रही है कि हमने पुलिस लगा दी है, तो क्या आपकी पुलिस सो रही थी? उसने आज और कल कैसे सुखबीर सिंह बादल की रेकी की, उसका वीडियो मैंने शेयर किया, वह सुखबीर सिंह तक कई बार पहुंचा है। अगर स्वर्ण मंदिर में कोई सुरक्षित नहीं है, तो आप सोच सकते हैं कि पंजाब में कानून व्यवस्था की क्या स्थिति है। इतना बड़ा हिस्ट्रीशीटर आदमी, जो देशद्रोही है, वहां खुलेआम घूम रहा है और दरबार साहब पर गोली चला रहा है, यह 1984 के उसी दिन की याद दिलाता है। जिसमें इंसानियत या गुरू का भय होगा वह कभी स्वर्ण मंदिर आकर गोली नहीं चलाएगा, वह नतमस्तक होगा।"



16:04 IST, December 4th 2024

हमारी टीम ने ढाई साल में जो काम किया है वह उल्लेखनीय है: एकनाथ शिंदे

शिवसेना प्रमुख मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा, "मुझे बहुत खुशी है कि हमारी सरकार, महायुति सरकार, हमारी टीम ने ढाई साल में जो काम किया है वह उल्लेखनीय है और इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में लिखा जाएगा।"


16:02 IST, December 4th 2024

सुखबीर सिंह बादल पर फायरिंग की कोशिश पर क्या बोले अनिल विज?

 स्वर्ण मंदिर में शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल पर गोली चलाए जाने पर हरियाणा सरकार में मंत्री अनिल विज ने कहा, "शुक्र है कि हमलावर पकड़ा गया है, एजेंसियां ​​जांच कर रही हैं कि हमला करने का मकसद क्या था। पूरी जांच के बाद ही पता चलेगा कि हमला क्यों किया गया।"

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा को संभल जाने से रोके जाने पर उन्होंने कहा, "राहुल गांधी फोटो सेशन के लिए गए थे, उन्होंने फोटो खिंचवाई और वापस आ गए... वहां एक दुर्घटना हुई जिसे नियंत्रित कर लिया गया, फिर वे क्यों जाना चाहते हैं? वे देश में आग लगाना चाहते हैं? वे विपक्ष के नेता हैं, उन्हें जिम्मेदारी की बात करनी चाहिए..."



16:00 IST, December 4th 2024

महाराष्ट्र में 5 दिसंबर को पीएम मोदी की उपस्थिति में होगा शपथग्रहण समारोह

महाराष्ट्र के मनोनीत मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा, "आज हमने राज्यपाल से भेंट की है...और शिवसेना के अध्यक्ष और शिवसेना विधायक दल के नेता के तौर पर एकनाथ शिंदे ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पद के लिए मेरे नाम की सिफारिश करते हुए एक पत्र दिया है...राज्यपाल ने हमें सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया है। शपथ ग्रहण समारोह 5 दिसंबर(कल) शाम 5.30 बजे प्रधानमंत्री मोदी की उपस्थिति में होगा...हमने महाराष्ट्र की जनता से जो वादे किए हैं उनको पूरा करने के लिए यह सरकार काम करेगी..."


15:29 IST, December 4th 2024

फडणवीस ने पेश किया सरकार बनाने का दावा

शिवसेना प्रमुख एकनाथ शिंदे, भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस, NCP प्रमुख अजित पवार ने राज्य में सरकार बनाने का दावा पेश किया। देवेंद्र फडणवीस कल 5 दिसंबर को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।



15:16 IST, December 4th 2024

सरकार बनाने का दावा पेश करने के लिए राजभवन पहुंचे देवेंद्र फडणवीस

शिवसेना प्रमुख एकनाथ शिंदे, भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस, NCP प्रमुख अजित पवार राज्य में सरकार बनाने का दावा पेश करने के लिए राजभवन पहुंचे। देवेंद्र फडणवीस कल 5 दिसंबर को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।


15:15 IST, December 4th 2024

राजभवन पहुंचे महायुति के नेता

देवेंद्र फडणवीस महाराष्ट्र के अगले मुख्यमंत्री होंगे। मुंबई में बुधवार को भाजपा विधायक दल की बैठक में देवेंद्र को सर्वसम्मति से विधायक दल का नेता चुना गया। इसके बाद महायुति के नेता राजभवन पहुंचे हैं। नई सरकार बनाने की दावा पेश करने राजभवन पहुंचे हैं।



14:14 IST, December 4th 2024

राहुल गांधी 6 तारीख को दोबारा संभल जाने का प्रयास करेंगे

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष व कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा और पार्टी के अन्य नेता दिल्ली वापस लौट गए हैं। हिंसा प्रभावित संभल के रास्ते में गाजीपुर बॉर्डर पर पुलिस ने उन्हें रोक दिया। राहुल गांधी 6 तारीख को दोबारा संभल जाने का प्रयास करेंगे। 


14:11 IST, December 4th 2024

महायुति पूरी तरह से एक है- राहुल नार्वेकर

भाजपा नेता राहुल नार्वेकर ने भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस को महाराष्ट्र भाजपा विधायक दल का नेता चुने जाने पर कहा, "देवेंद्र फडणवीस बहुत लोकप्रिय, विधानमंडल और महाराष्ट्र के बहुत प्रभावशाली नेता हैं और उनका चयन होना हमारे लिए सौभाग्य की बात है। हम उनके चयन से बहुत उत्साहित हैं... महायुति पूरी तरह से एक है... राज्य के सभी लोग शपथ ग्रहण का बड़े उत्साह से इंतजार कर रहे हैं..."



14:10 IST, December 4th 2024

देवेन्द्र फडणवीस ने छत्रपति शिवाजी को श्रद्धांजलि दी

महाराष्ट्र भाजपा विधायक दल के नेता चुने जाने के बाद देवेन्द्र फडणवीस ने विधान भवन परिसर में छत्रपति शिवाजी महाराज को श्रद्धांजलि दी। 5 दिसंबर को उनकी ताजपोशी होगी। अपनी नई पारी के शुरुआत से पहले फडणवीस ने प्रधानमंत्री मोदी का आभार जताया है।


12:58 IST, December 4th 2024

पंकजा मुंडे ने देवेंद्र फडणवीस को दी बधाई

भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस को महाराष्ट्र भाजपा विधायक दल का नेता चुने जाने पर भाजपा नेता पंकजा मुंडे ने कहा, "आज देवेंद्र फडणवीस भाजपा के विधायक दल के नेता चुने गए हैं और वे मुख्यमंत्री भी बनने जा रहे हैं। यह उनकी हैट्रिक है, हम उन्हें शुभकामनाएं देते हैं।"



12:56 IST, December 4th 2024

देवेंद्र फडणवीस होंगे महाराष्ट्र के अगले सीएम

भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस को महाराष्ट्र भाजपा विधायक दल का नेता चुने जाने पर भाजपा नेता राम कदम ने कहा, "यह बहुत खुशी की बात है कि महाराष्ट्र विधायक दल ने विधायक दल के नेता के तौर पर देवेंद्र फडणवीस का नाम चुना है... देवेंद्र फडणवीस के नाम के चयन से महाराष्ट्र में दिवाली जैसा माहौल है। जैसे 2014 से 2019 तक महाराष्ट्र में विकास कार्य हुए, वैसे ही अब भी होंगे..."


12:55 IST, December 4th 2024

राहुल को संभल जाने का संवैधानिक अधिकार -प्रियंका

गाजीपुर बॉर्डर पर कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा, "राहुल गांधी नेता प्रतिपक्ष हैं, उनका संवैधानिक अधिकार है उन्हें इस तरह से रोका नहीं जा सकता। उनका संवैधानिक अधिकार है उन्हें अनुमति दी जानी चाहिए कि वो पीड़ितों से मिलने जाए। उन्होंने ये भी कहा कि वह यूपी पुलिस के साथ अकेले चले जाएंगे लेकिन यह भी करने के लिए तैयार नहीं हुए। पुलिस के पास कोई जवाब नहीं है। 



12:14 IST, December 4th 2024

राहुल गांधी को समय निकालकर थोड़े समय के लिए बांग्लादेश जाना चाहिए- आचार्य प्रमोद कृष्णम

हापुड़ में आचार्य प्रमोद कृष्णम ने संभल में हुई हिंसा पर बयान देते हुए कहा कि शासन और प्रशासन पूरी तरह नियंत्रण किया। उन्होंने आगे कहा कि राहुल गांधी को अगर इतना ही शौक है थोड़ा समय निकाल कर तो बांग्लादेश जाना चाहिए। बांग्लादेश में हिन्दुओं पर अत्याचार हो रहा है किसी दिन समय निकाल कर राहुल गांधी को बांग्लादेश भी जाना चाहिए।
 


11:51 IST, December 4th 2024

महाराष्ट्र में नए सीएम के नाम पर मुहर

महाराष्ट्र मुंबई में महाराष्ट्र बीजेपी विधायक दल की बैठक चल रही है। बैठक में राज्य के लिए पार्टी के केंद्रीय पर्यवेक्षक केंद्रीय मंत्री निर्मला सीतारमण और विजय रूपाणी मौजूद रहे। सूत्रों के मुताबिक देवेंद्र फडणवीश के नाम पर मुहर लगी है।



11:49 IST, December 4th 2024

ऐसी घटनाओं को राजनीतिक रंग देने की कोशिश ना करें- ब्रजेश पाठक

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा, "दुख की बात है कि राहुल गांधी हों या अखिलेश यादव, वे ऐसी घटनाओं को राजनीतिक रंग देने की कोशिश करते हैं। हम नेताओं से अनुरोध करते हैं कि उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था को बिल्कुल भी खराब न होने दें। उनके दौरे और अखबारों में बयानबाजी से माहौल खराब हो रहा है। हमारी प्रतिबद्धता उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था बनाए रखने की है। जिस तरह से पाकिस्तान में निर्मित खोखे वहां मिले हैं, उसकी जांच की जा रही है। इसमें जो भी शामिल है, उसे बख्शा नहीं जाएगा। निष्पक्ष जांच होगी..."


11:42 IST, December 4th 2024

कांग्रेस नेताओं ने ड्रामेबाजी शुरू कर दी है-केशव प्रसाद मौर्य

राहुल के संभल दौरे पर उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा, "समाजवादी पार्टी हो या कांग्रेस पार्टी, संभल मामले में राजनीति करने वालों का राजनीतिक उत्थान नहीं बल्कि राजनीतिक पतन होगा क्योंकि देश मुस्लिम तुष्टिकरण की राजनीति से मुक्त हो चुका है, उत्तर प्रदेश दंगा मुक्त हो चुका है।अब कांग्रेस नेताओं और नेता प्रतिपक्ष ने अपनी ड्रामेबाजी शुरू कर दी है, उन्हें लगता है कि अगर वे जाएंगे तो सब ठीक हो जाएगा। 



11:03 IST, December 4th 2024

सुखबीर सिंह बादल की सुरक्षा बढ़ाई गई

अमृतसर पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने कहा, "सुखबीर सिंह बादल जी जो यहां सेवा कर रहे थे उनके लिए हमने सुरक्षा कड़ी की हुई है...उसमें AIG लेवल के एक अधिकारी, 2 SP, 2 DSP और पौने 200 के करीब बल तैनात हैं। हमारे पुलिस बहुत अलर्ट थे उसी वजह से ये वारदात असफल हुआ.. इसमें नारायण सिंह चौड़ा (हमलावर) जिनका पुरान आपराधिक रिकॉर्ड है उनको गिरफ्तार किया गया। मामला दर्ज कर हर एंगल से जांच की जा रही है.."


11:01 IST, December 4th 2024

स्वर्ण मंदिर में बढ़ाई गई सुरक्षा

स्वर्ण मंदिर में गोलीबारी की घटना पर एडीसीपी हरपाल सिंह ने कहा, "यहां सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम हैं...सुखबीर जी को ठीक से कवर किया गया...नारायण सिंह चौरा (हमलावर) कल भी यहां आए थे और आज भी उन्होंने सबसे पहले गुरु को प्रणाम किया फिर ये गोली चली दी किसी को चोट नहीं आई है। 



10:06 IST, December 4th 2024

बाल-बाल बचे सुखबीर सिंह बादल

अकाली दल के नेता दलजीत सिंह चीमा ने कहा, "...सबसे पहले मैं गुरु नानक का धन्यवाद करना चाहूंगा। जाको राखे साइयां, मार सके न कोय। सेवक यहां सेवा कर रहे थे। अकाली दल के प्रमुख सुखबीर सिंह बादल गुरु रामदास द्वार पर चौकीदार बनकर बैठे थे। उनकी तरफ गोली चलाई गई...मैं गुरु नानक का धन्यवाद करता हूं कि उन्होंने अपने सेवक को बचाया...यह बहुत बड़ी घटना है, पंजाब को किस युग में धकेला जा रहा है?


11:02 IST, December 4th 2024

सुखबीर सिंह बादल पर चली गोली

पंजाब के अमृतसर में स्‍वर्ण मंदिर परिसर में गोलियां चलाई गई हैं। गोली अकाली दल चीफ सुखबीर सिंह बादल पर निशाना लगाकर चलाई गई। बादल श्री अकाल तख्त साहिब की ओर से घोषित धार्मिक दंड के तहत 2 दिसंबर से दो दिनों की 'सेवा' कर रहे थे। फायरिंग में सुखबीर सिंह बादल बाल-बाल बच गए हैं।



09:54 IST, December 4th 2024

अमृतसर में गोल्डन टैंपल के बाहर फायरिंग

अमृतसर में गोल्डन टैंपल के बाहर फायरिंग की घटना हुई है। श्रद्धालुओं के बीच से फायरिंग की घटना हुई है। घटना के बाद गोल्डन टैंपल में अफरा-तफरी मच गई है। पुलिस  मौके पर पहुंच गई है। सुखबीर सिंह बादल पर फायरिंग हुई है। हमले में बाल-बाल बचे अकाली नेता बादल।


08:49 IST, December 4th 2024

संभल जाएंगे राहुल और प्रियंका गांधी

नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी अपनी बहन प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ संभल जा सकते हैं। वो संभल की ताजा हालात से रूबरू होना चाहते हैं। राहुल गांधी संभल जाकर पीड़ित परिवारों से मिलना चाहते हैं।कसंम मगर प्रशासन की ओर से उन्हें संभल जाने की इजाजत नहीं दी गई है।  हापुड के पास छजारसी टोल प्लाजा पर सुरक्षा तैनात की गई है।



08:45 IST, December 4th 2024

सरकार हमें संभल जाने से क्यों रोक रही है-अजय कुमार लल्लू

राहुल और प्रियंका गांधी के संभल दौरे को लेकर कांग्रेस नेता अजय कुमार लल्लू ने कहा, "सरकार हमें क्यों रोक रही है? वे क्या छिपाने की कोशिश कर रहे हैं, उन्हें किस बात का डर है? विपक्ष के नेता होने के नाते उन्हें यह देखने का अधिकार है कि देश में क्या चल रहा है। संभल में जो घटना हुई वह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण हैं। 


08:42 IST, December 4th 2024

दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर जुटे कांग्रेस नेता

 कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर गाज़ीपुर सीमा पर लोकसभा नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा के समर्थन में नारे लगाए क्योंकि उनके आज हिंसा प्रभावित संभल का दौरा करने की संभावना है।



08:34 IST, December 4th 2024

महायुति गठबंधन के विधायक दल की बैठक

महाराष्ट्र में मुख्यमंत्री का नाम लगभग फाइनल हो गया है बस औपचारिक ऐलान होना बाकी है। बीजेपी विधायक दल की बुधवार को बैठक होगी। बैठक के बाद नए सीएम के नाम का ऐलान हो सकता है। मुख्यमंत्री की रेस में देवेंद्र फडणवीस सबसे आगे चल रहे हैं।

अपडेटेड 00:07 IST, December 5th 2024