LIVE UPDATES/ LIVE: यूपी के सीएम योगी ने दिया होली का संदेश, बोले- एकता से ही अखंड रहेगा देश
India News Live: आज यानि 14 मार्च को देशभर में बड़ी होली मनाई जा रही है। रंगों के त्योहार का उत्साह भारत में खूब देखा जा रहा है। लाल-पीले गुलाल के साथ गुजिया की महक इस त्योहार को और शानदार बना देती है। इस बीच, पीएम नरेंद्र मोदी ने भी देशवासियों को होली की बधाई दी है।
- भारत
- 11 min read

India News Live: आज यानि 14 मार्च को देशभर में बड़ी होली मनाई जा रही है। रंगों के त्योहार का उत्साह भारत में खूब देखा जा रहा है। लाल-पीले गुलाल के साथ गुजिया की महक इस त्योहार को और शानदार बना देती है। इस बीच, पीएम नरेंद्र मोदी ने भी देशवासियों को होली की बधाई दी है। उन्होंने कहा कि हर्ष और उल्लास से भरा यह पावन-पर्व हर किसी के जीवन में नई उमंग और ऊर्जा का संचार करने के साथ ही देशवासियों की एकता के रंग को और प्रगाढ़ करे। दूसरी ओर, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि रंगों का यह त्योहार एकता और भाईचारे की भावना को बढ़ाता है।
गुजरात: अंकलेश्वर स्थित नोबल मार्केट के स्क्रैप गोदाम में आग
गुजरात: अंकलेश्वर स्थित नोबल मार्केट के स्क्रैप गोदाम में आग लगी, दमकल की गाड़ियां मौके पर मौजूद हैं।
CM रेखा गुप्ता 'होली मधुर मिलन' कार्यक्रम में शामिल हुईं
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता दिल्ली के कनॉट प्लेस स्थित रघुमल आर्य कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में आयोजित 'होली मधुर मिलन' कार्यक्रम में शामिल हुईं।
Advertisement
CM धामी होली मिलन समारोह में शामिल हुए
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अपने आवास पर होली मिलन समारोह में शामिल हुए।
दिल्ली के कई हिस्सों में बारिश हुई
होली के दिन राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के कई हिस्सों में बारिश हुई।
Advertisement
होली आस्था और विश्वास का त्योहार है- स्वामी चिदानंद सरस्वती
उत्तराखंड: परमार्थ निकेतन आश्रम के अध्यक्ष स्वामी चिदानंद सरस्वती ने कहा, "होली आस्था और विश्वास का त्योहार है। 70 देशों के लोगों ने अपने मतभेदों से ऊपर उठकर यहां होली मनाई है... यही होली का सार है..."
CM योगी होली मिलन कार्यक्रम में शामिल हुए
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ होली मिलन कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने कहा, "देश ने लंबे समय तक गुलामी को झेला है। सैकड़ों वर्षों तक गुलामी झेली है, आक्रांताओं द्वारा आस्था को आहत होते देखा है। देश ने देखा है कि कैसे ताकतें होली, दिवाली जैसे त्योहारों को रोकने की कोशिश करती हैं, महाकुंभ जैसे आयोजनों में बाधा डालती हैं, लेकिन कोई भी इस परंपरा को रोक नहीं पाया है, यह अनरवत चल रही है।"
मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन के काले सच का काला रंग सामने आएगा- प्रवीण खंडेलवाल
भाजपा सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने कहा, "मनीष सिसोदिया ने सही कहा है। दिल्ली ने 10 साल तक काला रंग देखा है, जो अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया, सत्येंद्र जैन और उनके समूह के सभी लोगों ने फैलाया और दिल्ली को इतना काला कर दिया कि दिल्ली की जनता को परेशान होकर उन्हें बाहर करना पड़ा। यह बिल्कुल तय है कि जिन्होंने घोटाले किए हैं, दिल्ली को लूटा है, उन्हें वापस जाना पड़ेगा। अब जब इस मामले की आगे जांच होगी, तो अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन के काले सच का काला रंग सामने आएगा, और वे बेनकाब होंगे।"
बठिंडा: बदमाशों और पंजाब पुलिस के बीच मुठभेड़
पंजाब: बठिंडा जिले के भुच्चो मंडी इलाके में बदमाशों और पंजाब पुलिस के बीच मुठभेड़ हुई। बठिंडा SP नरिंदर सिंह ने बताया, "11 मार्च को अज्ञात बदमाशों ने होटल ग्रीन के मालिक से पैसे और मोबाइल लूट लिया था... हमने जांच के लिए कई टीमें बनाईं... एक बदमाश सतवंत सिंह ने पुलिस पर फायरिंग की और जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की और सतवंत सिंह के पैर में गोली लगी। हमने बाकी पांच बदमाशों को भी गिरफ्तार कर लिया है... सतवंत सिंह को अस्पताल में भर्ती कराया गया है... दो बदमाश सुनील और गुरदीप सेना में कार्यरत हैं और सुनील ने सेना से AK-47 राइफल चुराई थी। उसके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है..."
श्रीनगर के दुर्गा नाग मंदिर में लोगों ने होली मनाई
जम्मू-कश्मीर: श्रीनगर के दुर्गा नाग मंदिर में लोगों ने होली मनाई।
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने होली मनाई
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने होली मनाई। उन्होंने कहा, "सभी को होली की बहुत शुभकामनाएं... यह लखनऊ की गंगा-जमुनी तहज़ीब है जहां हिंदू, मुस्लिम, सिख, ईसाई सभी इस जुलूस का स्वागत करने के लिए एक साथ आते हैं।"
संभल में होली उत्सव
होली समारोह पर संभल के CO अनुज चौधरी ने बताया कि शहर में सभी ने बहुत प्यार से होली मनाई। कहीं से भी किसी प्रकार की कोई शिकायत नहीं आई है। अब नमाज का समय है और नमाज भी आराम से अदा की जाएगी।
सीएम योगी ने दिया होली का संदेश
उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने होली खेलते हुए अपनी कुछ तस्वीरें साझा की हैं। इसके साथ ही उन्होंने जनता को होली का संदेश दिया है। उन्होंने अपने एक्स हैंडल के जरिए लिखा- “होली का है एक संदेश- 'एकता से ही अखंड रहेगा देश'। रंग, उमंग, उत्साह वाली होली। समता, समरसता, सौहार्द वाली होली। असत्य पर सत्य की विजय की होली। प्रदेश वासियों को 'रंगोत्सव' की पुनश्च शुभकामनाएं!”
सीमा पर जवानों ने मनाया रंगों का त्योहार
भारतीय सेना के जवानों ने धूमधाम से रंगों का त्योहार मनाया। जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में सशस्त्र सीमा बल (SSB) के जवानों ने 10 बटालियन मुख्यालय में होली मनाई। होली सेलिब्रेशन का एक वीडियो त्रिपुरा से भी सामने आया है जिसमें मोहनपुर उपखंड (भारत-बांग्लादेश) सीमा के अंतर्गत तारापुर में BSF जवानों ने जमकर होली खेली।
चिराग पासवान ने कैसे खेली होली?
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने भी होली का त्योहार मनाया। उन्होंने कहा कि "होली एक ऐसा त्योहार है जहां आप हर मतभेद भूलकर खुशियों के साथ एक-दूसरे के गले मिलते हैं। आज मैं चाहता हूं कि हम तमाम मतभेदों को भूलकर खुशियों से सभी लोगों को रंग लगाएं और सभी के गले लगें।"
राजकोट की असलांटिन्स बिल्डिंग में लगी आग
गुजरात के राजकोट स्थित असलांटिन्स बिल्डिंग में आग लग गई जिसके बाद दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। एसपी बीजे चौधरी ने घटना की जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि आग लगने से तीन लोगों की मौत हो गई है जबकि एक घायल हो गया है जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। फ्लैट में रहने वाले सभी लोगों को बाहर निकाल लिया गया है। आग पर काबू पा लिया गया है और फिलहाल स्थिति सामान्य है।
महाकुंभ में सनातन की ताकत दिखी- सीएम योगी
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज गोरखपुर में होली का जश्न मनाया। इस दौरान, उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि ‘जो लोग सनातन धर्म की आलोचना करते थे, अब उन्हें महाकुंभ में इसकी ताकत दिखी। 66 करोड़ से ज्यादा लोगों ने बिना किसी भेदभाव के पवित्र डुबकी लगाई है। ऐसा अनोखा नजारा देखकर दुनिया हैरान रह गई है’।
उन्होंने आगे कहा कि ‘जो लोग सोचते थे कि हिंदू जाति के आधार पर बंटे हुए हैं, उन्हें यह देखना चाहिए। ये वही लोग हैं जिन्होंने अयोध्या में रामलला के मंदिर का विरोध किया था’।
सीएम योगी ने मनाया होली का त्योहार
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को रंगों का त्योहार होली मनाई। उन्होंने पहले गोरखनाथ मंदिर में पूजा अर्चना की और फिर होली खेली।
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने खेली होली
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने आज राजधानी जयपुर में होली स्नेह मिलन समारोह में शिरकत की और कार्यकर्ताओं और अन्य लोगों के साथ होली मनाई। इसका एक वीडियो भी सामने आया है।
अयोध्या में भी कड़ी सुरक्षा-व्यवस्था
अयोध्या में भी होली को देखते हुए विशेष इंतजाम किए गए हैं। मोबाइल टीम और क्यूआरटी टीम अलर्ट पर हैं और हर पल की खबर कंट्रोल रूम से ली जा रही है। बताया जा रहा है कि पुलिस निगरानी करने के लिए सीसीटीवी कैमरे और ड्रोन की भी मदद ले रही है। जिले को छह जोन और 36 सेक्टर में बांटा गया है। संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष नजर रखी जा रही है। किसी ने सोशल मीडिया पर भी कुछ गलत पोस्ट किया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। अराजक तत्वों को चिन्हित कर लिया गया है।
वडोदरा में एक बड़ा सड़क हादसा
गुजरात के वडोदरा में एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। आम्रपाली कॉम्प्लेक्स के पास गुरुवार को एक तेज रफ्तार कार ने एक स्कूटी को टक्कर मार दी जिसकी चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। ये एक्सीडेंट कितना भीषण था, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह टूट चुका है। स्कूटी सवार महिला की मौके पर ही मौत हो गई और घायलों को अस्पताल ले जाया गया। इस भयानक हादसे में कार और दोपहिया वाहन के टकराने से सड़क से चिंगारी निकलने लगी।
रक्षित चोरसिया नामक युवक गाड़ी चला रहा था। घटना के समय वह कथित तौर पर नशे की हालत में था। वहां मौजूद लोगों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। कुछ देर बाद पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई और उस युवक को गिरफ्तार कर लिया। रक्षित के साथ कार में एक और युवक था जो फरार है। पुलिस फिलहाल उसे ढूंढ रही है।
होली को लेकर अलर्ट मोड पर संभल पुलिस
आपको बता दें कि 64 साल ऐसा मौका आया है कि होली और रमजान का जुमा एक साथ पड़ा है। ऐसे में किसी भी तरह की अप्रिय घटना से बचने के लिए कई शहरों में पुलिस फ्लैग मार्च कर रही है। देशभर में पुलिस-प्रशासन अलर्ट है। उत्तर प्रदेश में होली को देखते हुए कई शहरों में पहले ही मस्जिदों को तिरपाल से ढंक दिया गया है। होली को देखते हुए नमाज का वक्त भी बदल दिया गया है।
संभल में पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार विश्नोई ने बताया कि 2.30 बजे से पहले शहर में होली खेली जाएगी और फिर 2.30 बजे के बाद सभी लोग जुम्मे की नमाज भी अदा करेंगे।
होली पर चंद्र ग्रहण का साया!
आज होली के सेलिब्रेशन के साथ साथ एक दुर्लभ खगोलीय घटना घटित होने वाली है। शुक्रवार 14 मार्च को चंद्र ग्रहण लगने जा रहा है। गौरतलब है कि भारत में किसी भी ग्रहण का धार्मिक दृष्टि से बेहद खास महत्व होता है। किसी भी तरह का ग्रहण लगने से समय भारत में शुभ कार्यों व पूजा-पाठ करने की मनाही होती है। बताया जा रहा है कि इस पूर्ण चंद्र ग्रहण की शुरुआत 14 मार्च 2025 को सुबह 10 बजकर 39 मिनट 3 सेकंड पर होगी और यह ग्रहण 2 बजकर 18 मिनट 2 सेकंड पर समाप्त होगा।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने होली की शुभकामनाएं दीं
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी गुरुवार को होली के मौके पर देशवासियों को शुभकामनाएं दी है और कहा कि रंगों का यह त्योहार एकता और भाईचारे की भावना को बढ़ाता है और विविधता में एकता के मूल्यों को दर्शाता है। मुर्मू ने एक संदेश देते हुए आगे कहा कि भारत और विदेशों में रहने वाले सभी भारतीयों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। होली खुशियां और उत्साह लेकर आती है।
पीएम मोदी ने दी होली की बधाई
भारत में रंगों के त्योहार होली की धूम है। पूरा देश आज धूमधाम से होली मना रहा है। इस बीच, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को होली की शुभकामनाएं दी हैं। पीएम मोदी ने अपने एक्स हैंडल पर लिखा- आप सभी को होली की ढेरों शुभकामनाएं। हर्ष और उल्लास से भरा यह पावन-पर्व हर किसी के जीवन में नई उमंग और ऊर्जा का संचार करने के साथ ही देशवासियों की एकता के रंग को और प्रगाढ़ करे, यही कामना है।
देशभर में मनाई जा रही होली
भारत में 14 मार्च को जमकर रंगों का त्योहार मनाया जा रहा है। सुबह-सुबह से ही लोग अपने घरों से गुलाल और रंग लेकर अपने दोस्तों की टोली के साथ होली सेलिब्रेट करने निकल पड़े हैं। छोटे बच्चों ने भी अपनी पिचकारी को रेडी कर लिया है। होली केवल भारतीय ही नहीं, बल्कि दुनियाभर में मौजूद सनातनी लोग बड़े ही हर्ष और उल्लास के साथ मनाते हैं। बुराई पर अच्छाई का संदेश देता है होली का त्योहार। कहा जाता है कि इस दिन दुश्मन भी दोस्त बन जाते हैं और एक-दूसरे को गले लगाकर सारे गिले-शिकवे मिटा देते हैं।