LIVE BLOG

'कुणाल कामरा माफी मांगे, उन पर कार्रवाई होगी', एकनाथ शिंदे पर टिप्पणी मामले में बोले CM फडणवीस

दिल्ली विधानसभा का बजट सत्र, आज 24 मार्च से शुरू हो गया है। आज सदन में सरकार CAG रिपोर्ट पेश करेगी तो कल CM रेखा गुप्ता बजट पेश करेंगी। वहीं, विपक्षी पार्टी AAP सदन में सत्तारूढ़ बीजेपी को घेरने की तैयारी में है। वहीं, दूसरी ओर कॉमेडियन कुणाल कामरा का उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पर की गई टिप्पणी के बाद विवाद खड़ा हो गया है। कॉमेडियन पर FIR दर्ज हो गई है। तमाम बड़ी खबरों के लिए जुड़े रहें।

Follow : Google News Icon  
India News Live
India News Live | Image: PTI/ANI

कॉमेडियन कुणाल कामरा को अपने शो में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पर टिप्पणी करना भारी पड़ गया। शिवसेना (शिंदे गुट) की शिकायत के बाद कुणाल कामरा पर FIR दर्ज की गई है। अब कॉमेडियन पर गिरफ्तारी की तलवार लटक रही है। इधर दिल्ली विधानसभा का बजट सत्र,आज 24 मार्च से शुरू हो गया है। आज सदन में सरकार CAG रिपोर्ट पेश करेगी तो सीएम रेखा गुप्ता 25 मार्च को दिल्ली सरकार का बजट सत्र पेश करेगी। 
 


पुलिस के साथ मुठभेड़ में गौकशी के आरोपी घायल हुए

मुरादाबाद- मुठभेड़ में गौकशी के दो आरोपी घायल हुए। चेकिंग के दौरान पुलिस टीम के टोकने पर दो बाइक पर सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर की फायरिंग की। पुलिस की जवाबी फायरिंग में दो बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हुए। पुलिस ने गौकशी के आरोपी नावेद और अनवर को हिरासत में लिया। दोनों घायल बदमाशों को ज़िला अस्पताल में भर्ती कराया गया। 


कांग्रेस पर बरसे सांसद दिनेश शर्मा

BJP सांसद दिनेश शर्मा ने कहा, "कांग्रेस और समाजवादी पार्टी मिलकर चुनाव लड़ते है। कांग्रेस पार्टी दलित,पिछड़े, आदिवासी जनजातियों का आरक्षण खत्म करना या कम करना चाहती है। ऐसा उन्होंने कर्नाटक में करके दिखा दिया है। उन्होंने संविधान के विरुद्ध जो 4% आरक्षण दिया है इसका सीधा असर वहां के दलितों, अनुसूचित, पिछड़े पर पड़ेगा। ये खास बात तो है कि बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर जी कहते थे कि जब 1946 में भारत आजाद नहीं हुआ था तब ये बात आई थी, उन्होंने खड़े होकर विरोध किया था कि जब एक पक्ष धर्म के आधार पर पाकिस्तान मांग रहा है तो हम बची हुई जगहों पर धर्म के आधार पर आरक्षण नहीं दे सकते और यही बात आजाद होने के बाद 1947 में उन्होंने संविधान की संरचना की तो उन्होंने आरक्षण की व्यवस्था दी और कहा कि  आरक्षण धर्म के आधार पर नहीं केवल जाति के आधार दिया जा सकता है। कांग्रेस का इतिहास रहा है कि उन्होंने बाबासाहेब को दो बार चुनाव में हराया और उन्हें मंत्री नहीं बनने दिया। उन्हें संस्कृत भाषा लागू नहीं करने दिया। ऐसी बहुत सी चीज़ें थीं जिसमें कांग्रेस ने बाबा साहब का विरोध किया था। लेकिन अभी राहुल जी तथा खरगे जी हर कोई संविधान की लाल किताब लेकर घूम रहे थे। कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री ने खुलेआम घोषणा की कि हम संविधान में संशोधन करेंगे, संविधान को बदलेंगे। ये संविधान बदलने वाले लोग हैं क्या इन्हें बहुमत प्राप्त है? जब ये केंद्र में सत्ता में नहीं है तब ये धमकी दे रहे हैं कि संविधान बदल देंगे..जब सत्ता में आएंगे तो ये संविधान को वास्तव में खत्म कर देंगे..."


Advertisement

डीके शिवकुमार के बयान पर क्या बोले पप्पू यादव?

कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार के कथित बयान पर पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने कहा, "बीजेपी वाले बयान को तोड़ मरोड़कर देते हैं...तेलंगाना में OBC को 43% आरक्षण दिया गया है कर्नाटक में भी देंगे। 10% आरक्षण ऊंची जात को भी दिया गया है जो जरूरत वो दिया गया है क्या गरीब मुसलमान  को आरक्षण देने का प्रावधान नहीं होना चाहिए?। उन्हें (बीजेपी)हर चीज का राजनीतिकरण करना है तो वो करते रहें उनसे हमें लेना देना नहीं है...संविधान सबको अधिकार देता है।"


उद्धव ठाकरे ने BJP के साथ गद्दारी की थी- रामदास अठावले

केंद्र मंत्री रामदास अठावले ने कुणाल कामरा विवाद पर कहा कि कुणाल कामरा, कलाकार हैं, उनको लफड़े में नहीं पड़ना चाहिए। कौन गद्दार है, कौन नहीं, इस तरह की भाषा का इस्तेमाल करना ठीक है। अगर उनको एकनाथ शिंदे को गद्दार बोलना है तो पहले उद्धव ठाकरे को बोलना चाहिए। क्योंकि उद्धव ठाकरे ने बीजेपी के साथ गद्दारी की थी। किसी की निंदा करने वाले गाने गाना ठीक नहीं है, उन्हें अच्छे गाने गाने चाहिए। एकनाथ शिंदे का अपमान करना ठीक नहीं है। शिवसेना ने जो एक्शन लिया, वो सही है। 
 


Advertisement

खड़गे के बयान पर क्या बोले राजीव रंजन?

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के बयान पर केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन (ललन) सिंह ने कहा, "वो खुद कंफ्यूज हैं संविधान बदलने का कौन-सा अधिकार उनको प्राप्त हो गया...इनको ज्ञान से कोई मतलब नहीं है.."


CM हेमंत सोरेन की इफ्तार पार्टी

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपने आवास पर इफ्तार पार्टी का आयोजन किया।


यूट्यूबर समय रैना ने दर्ज कराया बयान

कॉमेडियन और यूट्यूबर समय रैना महाराष्ट्र साइबर सेल के दफ्तर से बाहर निकले। उन्हें इंडियाज गॉट लेटेंट मामले में अपना बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया गया था।


चिराग पासवान ने किया इफ्तार पार्टी का आयोजन

चिराग पासवान ने पार्टी कार्यालय में इफ्तार पार्टी का आयोजन किया। बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी मौजूद रहे। चिराग ने कहा कि हम लोग लगातार इसका आयोजन करते आए हैं। मेरे पिता आदरणीय रामविलास पासवान जी ने इसकी शुरुआत लंबे समय से की थी उनकी इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए हम लोगों ने भी हर साल की तरह इस साल भी इफ्तार का आयोजन किया। 


BJP ने धर्म को नागरिकता का आधार बनाया- जयराम रमेश

कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा, "किरेन रिजिजू और जेपी नड्डा ने आज राज्य सभा में सही बात नहीं की। उन्होंने कांग्रेस और कांग्रेस के नेताओं को बदनाम किया है। यह गलत है कि कांग्रेस धर्म के आधार पर आरक्षण देने के पक्ष में है। उन्होंने तथ्यों के खिलाफ बोला था। भाजपा ने धर्म को नागरिकता का आधार बनाया है। OBC आरक्षण जिसमें अल्पसंख्यक भी शामिल है, वह 1994 में लागू हुआ था। यह मुद्दा 1 साल पहले बना था। 1994 में जो आरक्षण कर्नाटक में दिया गया था, वह धर्म के आधार पर नहीं बल्कि शैक्षिक और सामाजिक पिछड़ेपन के आधार पर दिया गया था।"


संभल में निकाला गया फ्लैग मार्च

संभल में आज का दूसरा बड़ा फ्लैग मार्च निकाला गया। हजारों की संख्या में जवानों की तैनाती की गई। बर्क और जफर की मुश्किलें बढ़ने के बाद प्रशासन अलर्ट मोड़ पर है। फ्लैग मार्च में संभल के सभी बड़े अधिकारी मौजूद रहे। 


राज्यपाल आनंदी बेन से मिले CM योगी

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राजभवन में राज्यपाल आनंदी बेन पटेल से शिष्टाचार भेंट की।


वक्फ बिल संसद की प्रक्रिया के अनुरूप लाया गया- प्रवीण खंडेलवाल

BJP सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने कहा, "वक्फ बिल संसद की प्रक्रिया के अनुरूप लाया गया है। संसद ने JPC बनाई और JPC ने पूरे देश में जाकर लोगों से उस पर उनके सुझाव मांगे और फिर उन्होंने अपनी रिपोर्ट बनाई और सदन में प्रस्तुत की। अब निर्णय सदन करेगा लेकिन यह तय है कि जिस तरह वक्फ के नाम पर देश में जमीनों पर कब्जा किया गया था, वह अब और अधिक नहीं होगा।"


हम धर्म के आधार पर कभी कोई आरक्षण नहीं दिए- खड़गे

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने धर्म के नाम पर आरक्षण विवाद पर कहा कि धर्म के आधार पर तो BJP कानून बना रही है। हम धर्म के आधार पर कभी कोई आरक्षण नहीं दिए। ये खामखा, इन्होंने आज ये मुद्दा उठाकर अपने भ्रष्टाचार के केस को सरकार छुपाना चाहती है। ज्यूडिशिरी में बड़ा भ्रष्टाचार हुआ, उससे पहले भी सरकार में बहुत से भ्रष्टाचार हुए। 


भ्रष्टाचार पर जब चर्चा होती है तो आतिशी भाग जाती हैं- सिरसा

दिल्ली सरकार के मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि CAG रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ आम आदमी पार्टी ने डीटीसी को भी लूटने का काम किया। डीटीसी को दोनों  हाथों को लूटने का काम अरविंद केजरीवाल ने किया। डीटीसी कैग रिपोर्ट को दबाकर रखा गया था, ताकि भ्रष्टाचार उजागर ना हो। भ्रष्टाचार पर जब चर्चा होती है तो आतिशी जी भाग जाती हैं। वो (AAP नेता) कहते हैं, इस पर चर्चा मत करो, क्यों नहीं चर्चा करो, क्योंकि इनका (AAP का) भ्रष्टाचार सामने आ जाएगा
 


संविधान पर उनका चाल, चरित्र और चेहरा फिर बेनकाब हुआ- गजेंद्र शेखावत

केंद्रीय मंत्री गजेंद्र शेखावत ने कर्नाटक डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार के संविधान पर बयान को लेकर कांग्रेस पर पलटवार करते हुए कहा कि संविधान पर उनका चाल, चरित्र और चेहरा फिर बेनकाब हुआ है। जिन लोगों ने हमेशा संविधान को अपनी अनुकूलता के हिसाब से ट्रीट किया। भेड़िया कितना भी रंग लगा ले, एक बरसात में उनका रंग धुलकर वास्तविकता सामने आ जाती है। कांग्रेस फिर अपना पुराना चरित्र दिखा रही है। उनके लिए संविधान केवल चुनाव में जीत हासिल करने के लिए झूठा नरेटिव खड़ा करने का साधन है। हम संविधान को पवित्र ग्रंथ मानकर उसके आधार पर काम करने वाले लोग हैं । वो (कांग्रेस) संविधान को अपनी अनुकूलता के  हिसाब से जेब में रखने वाले लोग हैं।


देश में धर्म के नाम पर आरक्षण नहीं हो सकता- मनोज तिवारी

बीजेपी सांसद मनोज तिवारी ने संविधान को लेकर कांग्रेस पर आरोप  लगाते हुए कहा कि देश देख रहा है, कौन संविधान को बदलने की बात कर रहा है। कर्नाटक में कांग्रेस के डिप्टी सीएम संविधान के विरुद्ध काम करते हैं। इस देश में धर्म के नाम पर आरक्षण नहीं हो सकता, लेकिन ये धर्म के नाम पर मुस्लिम समाज को चार प्रतिशत आरक्षण दे रहे हैं और कह रहे हैं इसके लिए संविधान बदलना पड़ेगा तो बदलेंगे। कांग्रेस बाबा साहब के संविधान के खिलाफ बोल सकती है, ये देश देख रहा है। बीजेपी इसको बर्दाश्त नहीं करेगी।
 


बजट से पहले आर्थिक सर्वेक्षण विधानसभा में रखा जाता है- आतिशी

दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और AAP नेता आतिशी ने कहा, "आप संसद और विधानसभा में देखिए कि बजट पेश होने के पिछले दिन आर्थिक सर्वेक्षण सदन पटल पर रखा जाता है। उसी आर्थिक सर्वेक्षण के संदर्भ में बजट रखा जाता है कि आखिर दिल्ली के लोगों की कितनी जरूरत है, उनकी आय कितनी है और हमें उस आय को कितना बढ़ाना है। पिछले 10 सालों में ऐसा कभी नहीं हुआ कि बजट से पहले आर्थिक सर्वेक्षण न प्रस्तुत किया हो। मुख्यमंत्री ने जो कहा वह गलत है... जब हमने आर्थिक सर्वेक्षण पर बात करने की कोशिश की तो विधानसभा में बात ही नहीं होने दी गई..."


अल्पसंख्यकों में भ्रम पैदा करना गलत- जगदंबिका पाल

 JPC के अध्यक्ष और भाजपा नेता जगदंबिका पाल ने कहा, "इमरान मसूद और कांग्रेस पार्टी निश्चित तौर पर तुष्टीकरण की राजनीति की पराकाष्ठा पर चले गए हैं। वे JPC के सदस्य थे, जब हमने 428 पन्नों की रिपोर्ट सौंपी और 15 सिफारिशें कीं, तो उस पर संशोधित बिल आना चाहिए। उन्हें देखना चाहिए कि सरकार बेहतरी के लिए बिल ला रही है या नहीं, लेकिन उससे पहले ही वे क्यों देश को गुमराह कर रहे हैं? अल्पसंख्यकों में क्यों भ्रम पैदा कर रहे हैं?..."


RSS पर बरसे राहुल गांधी

लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा, "एक संगठन भारत के भविष्य और शिक्षा प्रणाली को खत्म करने में लगा है और उस संगठन का नाम RSS है। हमारी शिक्षा प्रणाली अगर उनके हाथों में चली गई तो इस देश में किसी को रोजगार नहीं मिलेगा... यह आपकी जिम्मेदारी है कि देश के छात्रों को बताया जाए कि आज भारत के सभी विश्वविद्यालयों के कुलपति RSS से मनोनीत है... यह देश के लिए खतरनाक है और हमें इसे रोकना है। देश में सबसे बड़ा मुद्दा बेरोजगारी का है..."


जनता ने बता दिया कौन गद्दार है और कौन खुद्दार-CM देवेंद्र फडणवीस

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा, "जिस प्रकार से कॉमेडियन कुणाल कामरा ने महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और मौजूदा उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को अपमानित करने का प्रयास किया है। हम इसकी निंदा करते हैं। ऐसी चीजों को सहन नहीं किया जा सकता। 2024 के चुनाव में जनता ने निर्णय कर दिया है कि कौन गद्दार है और कौन खुद्दार है। बालासाहेब ठाकरे की विरासत शिंदे जी के साथ है, इस पर जनता की मोहर लगी है। कुणाल कामरा को माफी मांगनी चाहिए। "


राहुल कनाल का मेडिकल जांच

कुणाल कामरा विवाद:  मुंबई पुलिस द्वारा शिवसेना युवा सेना (शिंदे गुट) के महासचिव राहुल कनाल को मेडिकल के बाद अस्पताल से बाहर ले जाया गया।उन्होंने कहा, "हमारा नेता कैसा हो? एकनाथ शिंदे जैसा हो।" पुलिस ने स्टूडियो में तोड़फोड़ के सिलसिले में 11 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज़ कर उन्हें गिरफ्तार किया है।


UP में डबल इंजन सरकार के 8 साल हुए पूरे

उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार के 8 साल पूरे होने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, "प्रधानमंत्री मोदी के प्रेरणादायी मार्गदर्शन और उनके विजनरी नेतृत्व में सेवा, सुरक्षा और सुशासन के उत्तर प्रदेश की डबल इंजन सरकार के 8 साल पूरे हुए हैं... मैं उत्तर प्रदेश की 25 करोड़ जनता को उनके समर्थन के लिए धन्यवाद देता हूं..."


बोलने की आजादी अब कहां है-जया बच्चन

सपा सांसद जया बच्चन ने कुणाल कामरा विवाद पर कहा, "... बोलने की आजादी कहां है? कार्रवाई की आज़ादी तभी है जब हंगामा हो..." उन्होंने आगे कहा, "आप (एकनाथ शिंदे) अपनी असली पार्टी छोड़कर, सत्ता के लिए दूसरी पार्टी में आ गए। क्या यह बालासाहेब ठाकरे का अपमान नहीं है?"


महाराष्ट्र में कानून-व्यवस्था नहीं रही- नाना पटोले

कॉमेडियन कुणाल कामरा विवाद और शिवसेना (शिंदे गुट) कार्यकर्ताओं द्वारा की गई तोड़फोड़ पर कांग्रेस विधायक नाना पटोले ने कहा, "महाराष्ट्र में कानून-व्यवस्था नहीं रही है। लोग डर के मारे महाराष्ट्र छोड़ कर जा रहे हैं, ये सरकार महाराष्ट्र को खत्म करना चाहती है..."


बजट में दिल्ली वालों को धोखा नहीं मिले-आतिशी

दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और AAP नेता आतिशी ने कहा, "आज से बजट सत्र शुरू हो रहा है। हम उम्मीद करते हैं कि भाजपा ने दिल्ली के लोगों से जो वादे किए हैं, वो वादे दिल्ली सरकार पूरा करेगी… हम उम्मीद करते हैं कि इस बजट में दिल्ली वालों को धोखा नहीं मिलेगा।"


CM रेखा गुप्ता ने बजट सत्र की शुरुआत से पहले 'खीर' बनाई

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज बजट सत्र की शुरुआत से पहले 'खीर' तैयार की। वित्त विभाग का प्रभार भी संभाल रहीं मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता दिल्ली विधानसभा में करीब 26 साल बाद बीजेपी सरकार का पहला बजट पेश करेंगी।


किसी को भी कानून, संविधान और नियमों से परे नहीं जाना चाहिए-अजीत पवार

 कॉमेडियन कुणाल कामरा विवाद पर महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजीत पवार ने कहा, "किसी को भी कानून, संविधान और नियमों से परे नहीं जाना चाहिए। उन्हें अपने अधिकारों के अंदर रहकर ही बोलना चाहिए। मतभेद हो सकते हैं, लेकिन यह ध्यान दिया जाना चाहिए कि इसमें पुलिस की आवश्यकता न हो।


ये लोग महाराष्ट्र को बर्बाद कर रहे हैं- इमरान मसूद

कॉमेडियन कुणाल कामरा द्वारा उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पर की गई टिप्पणी और शिवसेना (शिंदे गुट) कार्यकर्ताओं द्वारा की गई तोड़फोड़ पर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा, "यह दुखद है और ये लोग महाराष्ट्र को बर्बाद कर रहे हैं। यह एक ऐसा राज्य है जहां से देश की आर्थिक प्रगति होती थी, जहां निवेश आता था। महाराष्ट्र में जो माहौल ये बना रहे हैं, कोई निवेशक यहां नहीं आएगा। महाराष्ट्र के युवा पलायन करने को मजबूर हो रहे हैं... वे (महाराष्ट्र सरकार) आलोचना बर्दाश्त नहीं कर पा रहे हैं। विपक्ष का काम सत्तापक्ष को आईना दिखाना है। वे उसे बर्दाश्त नहीं कर पाते..."


कॉमेडियन कुणाल कामरा के खिलाफ FIR दर्ज

 मुंबई के MIDC पुलिस स्टेशन में कॉमेडियन कुणाल कामरा के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। यह महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पर उनकी टिप्पणी के बाद दर्ज़ की गई है। शिवसेना के विधायक मुरजी पटेल FIR की कॉपी दिखाते हुए।


महासचिव राहुल कनाल समेत 19 लोगों के खिलाफ FIR

शिवसेना युवा सेना (शिंदे गुट) के महासचिव राहुल कनाल और 19 अन्य के खिलाफ कल हैबिटेट स्टैंडअप कॉमेडी सेट पर तोड़फोड़ करने के आरोप में FIR दर्ज़ की गई। बीएनएस और महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत FIR दर्ज की गई।


हैबिटेट कॉमेडी क्लब में तोड़फोड़

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पर कॉमेडियन कुणाल कामरा की टिप्पणी के बाद शिवसेना (एकनाथ शिंदे गुट) के कार्यकर्ताओं ने खार में हैबिटेट कॉमेडी क्लब में तोड़फोड़ की। 


कॉमेडियन कुणाल कामरा पर FIR दर्ज

कॉमेडियन कुणाल कामरा एक बार फिर कंट्रोवर्सी में आ गए जब उन्होंने अपने शो में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ( Eknath Shinde ) पर तंज कसा था। उनके कमेंट की जमकर आलोचना की जा रही है। शिवसेना (शिंदे गुट) के विधायक मुरजी पटेल ने उनके खिलाफ MIDC पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद कामरा पर FIR दर्ज  कर ली गई है, कभी भी कॉमेडियन की गिरफ्तारी हो सकती है।
 


दिल्ली विधानसभा का बजट सत्र

दिल्ली विधानसभा का बजट सत्र, आज 24 मार्च से शुरू हो रहा है। सत्र के हंगामेदार रहने के आसार हैं। आज सदन में सरकार CAG रिपोर्ट पेश करेगी तो कल CM रेखा गुप्ता बजट पेश करेगी। दिल्ली विधानसभा में करीब 26 साल बाद बीजेपी सरकार का पहला बजट पेश करेंगी। 

Published By :
Rupam Kumari

पब्लिश्ड