अमित शाह का रायगढ़ दौरा, कई राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट, आगरा में करणी सेना का प्रोटेस्ट
देशभर में आज सियासत, मौसम और आंदोलन, तीनों मोर्चों पर हलचल तेज है। मौसम ने अचानक करवट ली जिसके बाद भीषण गर्मी से थोड़ी राहत मिली है। दूसरी ओर, आगरा में करणी सेना ने रक्त स्वाभिमान सम्मेलन के बहाने अपनी ताकत का प्रदर्शन किया।
- भारत
- 13 min read

देशभर में आज सियासत, मौसम और आंदोलन, तीनों मोर्चों पर हलचल तेज है। गृह मंत्री अमित शाह छत्तीसगढ़ के रायगढ़ दौरे पर हैं। वहीं, उत्तर भारत समेत कई राज्यों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा मौसम ने अचानक करवट ली है जिसके बाद भीषण गर्मी से थोड़ी राहत मिली है। वहीं दूसरी ओर, आगरा में करणी सेना के प्रदर्शन को लेकर माहौल गरम है, प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी है।
हम इसका बदला जरूर लेंगे- झारखंड DGP
झारखंड DGP अनुराग गुप्ता ने कहा कि कोबरा 203 की टीम जंगल में गई थी। राधापोरा में हमारा बेस कैंप है जहां एक ब्लास्ट हुआ और उसमें एक CRPF जवान विष्णु घायल हो गया। उसे लाने के लिए झारखंड जगुआर (JJ) की टीम गई और उसमें एक ब्लास्ट में हमारे एक जवान सुनील की मौत हो गई। यह बहुत दुखद घटना है। झारखंड में नक्सलियों के खिलाफ यह अंतिम लड़ाई है। हम इसका बदला जरूर लेंगे। मुठभेड़ हुई है, इलाके की तलाशी ली जा रही है। हम जल्द ही सबको मार गिराएंगे।
हर्ष संघवी ने दी हनुमान जयंती की शुभकामना
गुजरात के गृह मंत्री हर्ष संघवी ने कहा कि सभी को हनुमान जयंती की हार्दिक शुभकामनाएं। बजरंग बली का नाम लेकर जब भी कोई शुभ कार्य किया जाता है तो वह कार्य मंगलमय हो जाता है। आज सूरत के प्राचीन क्षेत्रपाल मंदिर में मैंने राज्य के सभी नागरिकों के दुख दूर हों, उनके जीवन में सुख, शांति आए, ऐसी कामना की है।
Advertisement
झारखंड: नक्सलियों से मुठभेड़ में एक जवान शहीद
झारखंड में पश्चिमी सिंहभूम जिले के जराईकेला थाना क्षेत्र में तलाशी अभियान के दौरान नक्सलियों से मुठभेड़ हुई जिसमें एक जवान शहीद हो गया। वहीं COBRA बटालियन का एक जवान गंभीर घायल हो गया।
उत्तराखंड: कबाड़ के गोदाम में क्यों लगी आग?
उत्तराखंड: हरिद्वार के मन नगर में कबाड़ के गोदाम में आग लगी। FSO बीरबल सिंह ने बताया कि सुमन नगर में एक कबाड़ गोदाम में आग लगी थी। आग लगने का संभावित कारण बिजली का शॉर्ट सर्किट लग रहा है। डेढ़ घंटे में आग पर काबू पा लिया गया।
Advertisement
हर्ष संघवी ने हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना की
गुजरात के गृह मंत्री हर्ष संघवी ने हनुमान जयंती के अवसर पर क्षेत्रपाल हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना की।
मुझे खुशी है कि हाईकोर्ट ने हस्तक्षेप किया- मुर्शिदाबाद हिंसा पर राज्यपाल
पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सी.वी. आनंद बोस ने कहा कि मुझे बताया गया है कि कलकत्ता उच्च न्यायालय ने मुर्शिदाबाद सहित पश्चिम बंगाल के हिंसा प्रभावित क्षेत्रों में केंद्रीय बलों की तैनाती का आदेश दिया है। हिंसा की सूचना मिलते ही, राज्यपाल के रूप में मैंने सक्षम प्राधिकारियों, भारत सरकार और राज्य सरकार के साथ हिंसा प्रभावित क्षेत्रों में शांति बनाए रखने और सामान्य स्थिति लाने के लिए केंद्रीय बलों की तैनाती की आवश्यकता पर विचार किया। मैंने स्थिति पर विभिन्न राजनीतिक दलों के सदस्यों के साथ भी चर्चा की। मुझे खुशी है कि उच्च न्यायालय ने हस्तक्षेप किया और उचित समय पर उचित निर्णय दिया।
सासंद की सुरक्षा रहेगी बरकरार- करणी सेना के प्रदर्शन पर डीसीपी
करणी सेना के विरोध प्रदर्शन पर DCP सोनम कुमार ने कहा कि आगरा में आज एक रैली निकाली गई। उसके बाद ज्ञापन सौंपा गया और सभी अपने घर चले गए। हमने त्रिस्तरीय सुरक्षा बनाई थी। हम एक अलग घेरे में हैं। यह तब तक जारी रहेगा जब तक कोई खतरा है। रैली के बाद, ज्यादातर लोग नोएडा की ओर जाना चाहते थे, जिससे 30 मिनट तक जाम की स्थिति बनी रही। सांसद की सुरक्षा तब तक बनी रहेगी जब तक कोई खतरा है।
हरिद्वार में कबाड़ के गोदाम में आग लगी
उत्तराखंड: हरिद्वार के सुमन नगर में कबाड़ के गोदाम में आग लगी। FSO बीरबल सिंह ने बताया कि सुमन नगर में एक कबाड़ गोदाम में आग लगी थी। आग लगने का संभावित कारण बिजली का शॉर्ट सर्किट लग रहा है। डेढ़ घंटे में आग पर काबू पा लिया गया।
ममता बनर्जी बंगाल के लोगों की नेता- टीएमसी सांसद सौगत रॉय
TMC सांसद सौगत रॉय ने कहा कि ममता बनर्जी बंगाल के लोगों की नेता हैं। वह जानती हैं कि बंगाल को कैसे चलाना है। भाजपा के लिए यहां कोई जगह नहीं है। लोग नाखुश (वक्फ बिल को लेकर) हैं, इसलिए मुख्यमंत्री ने मुस्लिम समुदाय को शांत करने के लिए एक बैठक बुलाई। लोगों की भावनाएं वक्फ बिल को लेकर भड़की हुई हैं। यह कोई साजिश नहीं है।
जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने मुख्यालय वज्र कोर का दौरा किया
भारतीय सेना के मुताबिक, भारतीय सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने पश्चिमी कमान के अपने मौजूदा दौरे के तहत आज मुख्यालय वज्र कोर का दौरा किया और सेना की मौजूदा परिचालन तैयारियों का आकलन किया। उन्हें GOC वज्र कोर द्वारा पश्चिमी मोर्चे पर मौजूदा सुरक्षा स्थिति और परिचालन गतिशीलता के बारे में जानकारी दी गई। उन्होंने सभी रैंकों की उनकी अटूट प्रतिबद्धता, परिचालन तत्परता और व्यावसायिकता की सराहना की। उन्होंने पश्चिमी मोर्चे पर उभरती गतिशीलता के अनुकूल ढलने के महत्व पर भी जोर दिया।
जेपी नड्डा ने किया एम्स अस्पताल का दौरा
केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा ने AIIMS अस्पताल का दौरा किया और मल्टी यूटिलिटी (गैस्ट्रोनॉमी) ब्लॉक की आधारशिला रखी।
मुर्शिदाबाद को बंगाल से अलग करने की साजिश- दिलीप घोष
भाजपा नेता दिलीप घोष ने मुर्शिदाबाद हिंसा पर कहा कि पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिला को बंगाल से अलग करने की साजिश हो रही है। हिंदू मोहल्ले में आगजनी, तोड़फोड़ हुई है
हमारा विजन DMK को सत्ता से बाहर करना- अन्नामलाई
तमिलनाडु भाजपा के पूर्व अध्यक्ष और भाजपा नेता के. अन्नामलाई ने नैनार नागेंद्रन के तमिलनाडु भाजपा अध्यक्ष चुने जाने पर कहा कि मैं एक सामान्य पार्टी कार्यकर्ता हूं, मेरा काम सिर्फ नए पार्टी अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन के हाथों को मजबूत करना है, पार्टी ने सर्वसम्मति से नैनार नागेंद्रन को प्रदेश अध्यक्ष चुना है। हमारा विजन स्पष्ट है कि हमें राज्य में DMK को सत्ता से बाहर करना है और NDA की सरकार बनानी है। हमारा काम अपने अध्यक्ष का पूरा समर्थन करना और पार्टी के विजन को पूरा करना है।
यहां हिंदू त्योहार मनाने के लिए कोर्ट जाना पड़ता है- सुवेंदु अधिकारी
पश्चिम बंगाल के नेता प्रतिपक्ष और भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि यहां हिंदू त्योहार मनाने के लिए कोर्ट जाना पड़ता है। कल दो लोगों की(हिंसा में) मौत हुई। स्थिति पुलिस के नियंत्रण से बाहर है। 35 पुलिसकर्मी अब तक घायल हैं। ममता बनर्जी तुष्टिकरण की राजनीति कर रही हैं। मैंने पहले राज्यपाल को(बंगाल में केंद्रीय बलों की तैनाती के लिए) लिखा था, कल मैंने मुख्यमंत्री से भी अपील की थी। जब इन लोगों ने ऐसा नहीं किया तो मैं आज कोर्ट गया। कल कॉलेज स्क्वायर में भाजपा की रैली है। जमीनी हकीकत यह है कि बंगाल में हिंदू सुरक्षित नहीं हैं, स्थिति बहुत गंभीर, नाजुक है।
दिलीप जायसवाल बोले- ममता बनर्जी को अपनी सरकार बचानी है इसलिए...
बिहार भाजपा अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने मुर्शिदाबाद हिंसा पर कहा कि राजनीति में कभी भी देशहित को दरकिनार नहीं किया जाता है। ममता बनर्जी तुष्टिकरण की राजनीति इसलिए करती हैं क्योंकि उन्हें अपनी सरकार बचानी है।
AJL मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ईडी की कार्रवाई शुरू
ED ने AJL मनी लॉन्ड्रिंग मामले में कब्जे की कार्रवाई शुरू की।
चित्रलेखा गुजराती पत्रिका के समारोह में शामिल हुए शाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मुंबई में चित्रलेखा गुजराती पत्रिका की 75वीं वर्षगांठ समारोह में शामिल हुए।
राणा सांगा की जयंती पर करणी सेना का प्रदर्शन
करणी सेना ने राणा सांगा की जयंती के अवसर पर 'रक्त स्वाभिमान सम्मेलन' आयोजित किया।
विनेश फोगाट पर क्या बोलीं रेखा शर्मा?
राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा ने कांग्रेस नेता विनेश फोगाट पर कहा कि वे एक राजनीतिज्ञ होने के साथ-साथ खिलाड़ी भी हैं। उन्होंने स्पोर्ट्स में जो-जो किया है, उसे हम नकार नहीं सकते हैं। हम एक खिलाड़ी की तरह उनकी इज्जत करते हैं।
ये सिर्फ भीड़ नहीं है, इनके उत्साह को समझिए- चिराग
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा कि ये सिर्फ भीड़ नहीं है, इनके उत्साह को समझिए। कैसे ये भीड़ आज पूरे उत्साह के साथ, अपनी परवाह किए बिना, इस सोच के साथ आ रही है कि जो रिश्ता मेरे पिता जी के साथ इनका था, वही रिश्ता ये मुझसे भी जोड़ना चाहते हैं। ये ताकत मेरी ऊर्जा बढ़ाती है, मेरी हिम्मत बढ़ाती है। इनका यह प्यार मुझे उन तीन सालों में भी मिला जब चिराग पास्वान कुछ नहीं था, अपनी पार्टी का अकेला सांसद था, तब भी इन लोगों ने मेरा साथ दिया।
हम हिंसा के खिलाफ- मुर्शिदाबाद हिंसा पर इमरान मसूद
कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने मुर्शिदाबाद हिंसा पर कहा कि हम हिंसा के पूरी तरह खिलाफ हैं। ये लड़ाई देश के मुसलमानों की नहीं है, ये देश के संविधान की लड़ाई है। जिस तरह से वक्फ कानून लाकर संविधान को रौंदा गया, उन्होंने(भाजपा) आंशिक रूप से संविधान को रौंदा है। मैं सभी से अपील करूंगा कि विरोध करें लेकिन ऐसा कुछ न करें जो संविधान के खिलाफ हो। कानूनी सीमाओं में रहकर विरोध करें, कानूनी सीमाओं को न तोड़ें। भाजपा वह पार्टी है जो सबसे ज्यादा कानून व्यवस्था बिगाड़ती है। ये इस देश की खूबसूरती है कि यहां हिंदू, मुस्लिम, सिख, ईसाई सभी भाई-भाई की तरह रहते हैं लेकिन ये उस भाईचारे को खत्म करना चाहते हैं।
ओपी चौधरी ने 'विचार फॉर विकसित छत्तीसगढ़' सम्मेलन में किस बारे में की बात?
'विचार फॉर विकसित छत्तीसगढ़' सम्मेलन में छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने अपने जीवन में अपनी मां के सहयोग के बारे में बात की। उन्होंने कहा कि मैं एक छोटे से गांव में पैदा हुआ था। मेरे पिता का निधन हो चुका था और मेरी मां ने चौथी कक्षा तक शिक्षा प्राप्त की थी। मैंने गांव के सरकारी स्कूल में पढ़ाई की। मेरे पिता सरकारी नौकरी में थे, इसलिए मैं उनकी जगह पर मुआवज़ा पा सकता था, लेकिन मेरी मां ने मुझे इस छोटी सी सरकारी नौकरी के चक्कर में न पड़ने को कहा। उन्होंने मुझे जीवन में कुछ अच्छा और बड़ा करने को कहा। मेरी मां ने मेरा बहुत साथ दिया।
मुर्शिदाबाद हिंसा पर क्या बोले सुधांशु त्रिवेदी?
भाजपा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने मुर्शिदाबाद हिंसा पर कहा कि वक्फ बिल में सभी संवैधानिक प्रक्रियाओं को व्यवस्थित तरीके से पूरा करने के बाद, पहले यह बिल संसद में आया और फिर JPC के पास गया। JPC ने इस पर बहुत विस्तार से चर्चा की, फिर दोनों सदनों ने इसे पारित किया और राष्ट्रपति के हस्ताक्षर के बाद यह कानून बना। लेकिन फिर भी कुछ लोग इसमें राजनीति करने की कोशिश कर रहे हैं। यह दुखद है कि ऐसा सिर्फ पश्चिम बंगाल में ही क्यों हो रहा है, यह अपने आप में सवाल खड़ा करता है कि ममता बनर्जी की राजनीति भविष्य में पूरे भारत के लिए चुनौती बनने की ओर बढ़ती दिख रही है।
महादेव बेटिंग ऐप मामले में बघेल के आरोपों को सीएम साय ने बताया गलत
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के आरोपों पर कि भाजपा महादेव बेटिंग ऐप मामले को लेकर उनके खिलाफ साजिश कर रही है पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि ये आरोप गलत है। पिछले 5 सालों में जितने भी घोटाले हुए हैं, उनकी जांच हुई है। कोयला घोटाले में उनके लोग जेल में हैं, शराब घोटाले में उनके मंत्री जेल में हैं, डीएमएफ घोटाले में भी उनके लोग जेल में हैं और महादेव बेटिंग ऐप में उन पर प्रोटेक्शन मनी लेने का आरोप है। अगर ये सब झूठ है तो फिर उनके लोग जेल में क्यों हैं? उन्हें जमानत क्यों नहीं मिल रही है?
NDA की बैठक में शामिल हुए शिवराज सिंह चौहान
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान बिहार में NDA की बैठक में शामिल हुए।
मुर्शिदाबाद हिंसा पर अखिलेश बोले- कानून व्यवस्था बहाल करेंगी ममता
समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि मुझे पूरा भरोसा है कि प्रशासन रामजीलाल सुमन के साथ किसी भी तरह का अपमानजनक व्यवहार नहीं कर पाएगा। अगर सरकार ने इसके लिए अभी भी खुली छूट दे रखी है, तो इसके लिए सरकार जिम्मेदार है।
मुर्शिदाबाद हिंसा पर उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी वहां कानून व्यवस्था बहाल करेंगी। केंद्र सरकार ने व्यवस्था खराब की है। केंद्र सरकार जानबूझकर यह कानून लेकर आई है। वे बंगाल, बिहार और उत्तर प्रदेश में चुनाव जीतने में विफल रहेंगे और अपनी विफलता को छिपाने के लिए उन्होंने जानबूझकर वक्फ बिल लाकर यह माहौल बनाया है।
हनुमान मंदिर आकर खुशी हो रही- सीएम रेखा
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने हनुमान जयंती के अवसर पर प्राचीन हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना की।
उन्होंने कहा कि आज मुझे यहां हनुमान मंदिर में आकर बहुत खुशी हो रही है, हनुमान जी भगवान राम के भक्त थे। वे हमेशा अपने काम के लिए तत्पर रहते थे। वे हर पल सेवा का भाव रखते थे। हम सभी दिल्ली वालों को अपने अंदर उस हनुमान भक्ति का एक अंश लाना पड़ेगा कि देश को राम के समान मानते हुए उनकी भक्ति के निमित अपनी मातृभूमि के लिए हम सेवा और समर्पण दे पाएं।
CM भजनलला शर्मा ने हनुमान जयंती पर की पूजा-अर्चना
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने हनुमान जयंती के अवसर पर स्वेज फार्म स्थित हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना की।
प्रधानमंत्री मोदी बिहार आ रहे- सम्राट चौधरी
बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी बिहार आ रहे हैं। पूरा NDA मिलकर प्रधानमंत्री मोदी के कार्यक्रम को सफल बनाने का काम करेगा। देश कैसे विकसित हो, इस कल्पना पर NDA काम कर रही है। सरकार इसकी पूरी चिंता कर रही है कि बिहार के नौजवान बाहर नहीं जाए। बिहार के लोगों को रोजगार मिलेगा।
आगरा में करणी सेना के कार्यकर्ता और पुलिसवाले आमने-सामने
करणी सेना ने उत्तर प्रदेश के आगरा में राणा सांगा की जयंती मनाने के लिए एक 'सम्मेलन' का आयोजन किया। दरअसल, आगरा में करणी सेना के कार्यकर्ता और पुलिसवाले आमने-सामने आ गए हैं। करणी सेना के 80 हजार कार्यकर्ता राणा सांगा जयंती मनाने आगरा पहुंचे हैं। उत्तर प्रदेश के अलावा हरियाणा, राजस्थान और गुजरात से कार्यकर्ता आए हैं। संभावना है कि कार्यकर्ताओं की संख्या 3 लाख पहुंच सकती है।
जम्मू-कश्मीर, पाकिस्तान और इस्लामाबाद में कांपी धरती
पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद और आसपास के इलाकों में 5.8 तीव्रता का भूकंप महसूस किया गया। झटके इतने तेज थे कि लोग दहशत में घरों और दफ्तरों से बाहर निकल आए। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार, इस भूकंप का केंद्र ताजिकिस्तान के 110 किलोमीटर गहराई वाले हिस्से में था, जहां 4.2 तीव्रता का कंपन दर्ज किया गया।
इस भूकंप के झटके भारत के जम्मू-कश्मीर क्षेत्र के पुंछ और राजौरी जिलों में भी महसूस किए गए। फिलहाल जान-माल के नुकसान की कोई सूचना नहीं है।
भारत की आजादी की मूल कल्पना शिवाजी ने रखी - अमित शाह
रायगढ़ महाराष्ट्र: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, "ना भाग्य उसके(छत्रपति शिवाजी महाराज) साथ ना भूतकाल उसके साथ था, ना धन था ना सेना थी। एक बच्चा अपने अदम्य साहस और संकल्प के साथ पूरे देश को स्वराज का मंत्र देकर गया। देखते-देखते 200 साल से चल रही मुगलशाही को चकनाचूर कर देश को स्वतंत्र कराया... आज हम देश की आजादी के 75 साल के बाद दुनिया के सामने सर उठा कर खड़े हैं। हम संकल्प करते हैं कि जब आजादी को 100 साल होंगे तब दुनिया में 1 नंबर पर हमारा भारत होगा, उसकी मूल कल्पना शिवाजी ने रखी।"
डॉ. भीमराव का योगदान देश के संविधान को बनाने में रहा- CM पुष्कर
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने डॉ. भीमराव अंबेडकर पर कहा- ‘डॉ. भीमराव अंबेडकर का बहुत बड़ा योगदान देश के संविधान को बनाने में रहा है। उन्होंने कई प्रकार की चुनौतियों का सामना किया था, उनके सपनों को साकार करने का काम प्रधानमंत्री मोदी कर रहे हैं।’
बीजापुर मुठभेड़ में 3 नक्सली ढेर, सुरक्षा बलों का संयुक्त ऑपरेशन अभी भी जारी
छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के कोलनार इलाके में शनिवार सुबह करीब 9:30 बजे सुरक्षाबलों ने तीन नक्सलियों को मुठभेड़ में मार गिराया। यह कार्रवाई CRPF की 202 कोबरा और 210 कोबरा इकाइयों, राज्य पुलिस के विशेष कार्य बल (STF) और जिला रिजर्व गार्ड (DRG) की संयुक्त टीम द्वारा अंजाम दी गई।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पहुंचे रायगढ़
महाराष्ट्र: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह रायगढ़ पहुंचे हैं। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और अन्य नेताओं ने उनका स्वागत किया।
जेपी नड्डा ने BJP प्रशिक्षण शिविर का किया उद्घाटन
ओडिशा: पुरी में केंद्रीय मंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी के साथ भाजपा प्रशिक्षण शिविर का उद्घाटन किया।
हरिद्वार: मनोज कुमार के बेटे ने की अस्थियां प्रवाहित
उत्तराखंड: हरिद्वार में अभिनेता और फिल्म निर्देशक मनोज कुमार के बेटे कुणाल गोस्वामी ने कहा, "हम हरिद्वार आए हैं और हमने यहां पिताजी की अस्थियां प्रवाहित की। हम भगवान से प्रार्थना करते हैं कि उनकी आत्मा को शांति मिले..."
CM भूपेंद्र रत्नसिंहजी महिदा स्मृति पुरस्कार समारोह में पहुंचे
राजपीपला, नर्मदा: गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल रत्नसिंहजी महिदा स्मृति पुरस्कार वितरण समारोह में शामिल हुए।
वाराणसी: हनुमान जयंती के अवसर पर शोभा यात्रा निकाली गई
उत्तर प्रदेश: वाराणसी में हनुमान जयंती के अवसर पर शहर में शोभा यात्रा निकाली गई। उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय शोभा यात्रा में शामिल हुए।
बाबा विश्वनाथ की नगरी में हनुमान जन्मोत्सव की धूम
वाराणसी: उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने कहा, "आज काशी में बाबा विश्वनाथ की नगरी में हनुमान जन्मोत्सव मनाया जा रहा है। ये 25वां साल है, हम 25 से लगातार ये कार्यक्रम कर रहे हैं... हम सब देशवासियों, प्रदेश वासियों और काशी वासियों के लिए मंगल कामना करते हैं।"
गौतम गंभीर ने छतरपुर मंदिर में की पूजा-अर्चना
दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम के कोच गौतम गंभीर ने छतरपुर मंदिर में पूजा-अर्चना की।
UP: वाराणसी के संकट मोचन हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना
उत्तर प्रदेश: हनुमान जयंती के अवसर पर वाराणसी के संकट मोचन हनुमान मंदिर में भक्त पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे रहे हैं।
कोरांटी हनुमान मंदिर में भक्त पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे रहे
कर्नाटक में हनुमान जयंती के अवसर पर कोरांटी हनुमान मंदिर में भक्त पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे रहे हैं।
हनुमान जयंती पर देश भक्ति में लीन, दिल्ली से उज्जैन तक मंदिरों में उमड़ा आस्था का सैलाब
हनुमान जयंती पर आज पूरा देश भक्ति में सराबोर है। कहीं घंटियों की गूंज है, कहीं आरती की लौ और कहीं पवित्र डुबकियों की ठंडी छुअन।