स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पर फिर बढ़ा तनाव, ओमान तट पर जहाज पर हमला, 11 भारतीय समेत 12 लोग घायल; विदेश मंत्रालय ने जताई कड़ी आपत्ति
भारत ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से गुजर रहे पनामा के झंडे वाले कमर्शियल जहाज 'MT On Peace' पर हुए हमले की निंदा की है।
- भारत
- 2 min read

India Condems attack on Commercial Vessel off Oman: भारत ने 'स्ट्रेट ऑफ होर्मुज' से गुजर रहे एक कमर्शियल जहाज पर हमले की जानकारी देते हुए इस कायरतापूर्ण हमले की कड़ी निंदा की है।
दरअसल, ओमान के तट के पास 'स्ट्रेट ऑफ होर्मुज' से गुजर रहे एक वाणिज्यिक जहाज को निशाना बनाया गया है। इस हमले में जहाज के 19 क्रू सदस्यों में से 12 घायल हो गए, जिनमें से 17 भारतीय नागरिक थे। हमले का शिकार हुए जहाज का नाम 'एमटी ऑन पीस' (MT On Peace) बताया गया है।
जहाज पर एक प्रोजेक्टाइल से हमला हुआ- भारत
विदेश मंत्रालय ने एक आधिकारिक बयान में कहा कि ओमान के तट के पास एक अहम समुद्री रास्ते से गुजरते समय 'MT On Peace' जहाज पर हुए हमले में उस पर सवार 17 भारतीयों में से 11 घायल हो गए। मंत्रालय ने कहा, 'हम आज ओमान के तट के पास पनामा के झंडे वाले कमर्शियल जहाज 'MT On Peace' (IMO 9893204) पर हुए हमले की निंदा करते हैं। स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से गुजरते समय इस जहाज पर एक प्रोजेक्टाइल से हमला हुआ था। जहाज के कुल 19 क्रू सदस्यों में से 17 भारतीय नागरिक हैं। पता चला है कि 12 क्रू सदस्य घायल हुए हैं, जिनमें 11 भारतीय नागरिक शामिल हैं।'
ओमान के अधिकारियों का किया शुक्रिया अदा
मंत्रालय ने आगे कहा, 'ओमान के अधिकारियों की मदद से घायल क्रू सदस्यों को वहां से निकाल लिया गया है और उनका ओमान के खसाब में इलाज चल रहा है। हम ओमान के अधिकारियों को उनकी बहुमूल्य सहायता के लिए धन्यवाद देते हैं।'
Advertisement
भारत ने हमलों को तुरंत रोकने की मांग की
विदेश मंत्रालय ने अपने बयान में कहा, 'इस इलाके में जहाजों पर लगातार हो रहे हमले भारत के लिए गहरी चिंता का विषय बने हुए हैं। हम शांति और स्थिरता बनाए रखने के लिए ऐसे हमलों को तुरंत रोकने की अपनी मांग दोहराते हैं। इस इलाके में कमर्शियल जहाजों, नाविकों और आम लोगों के लिए जरूरी बुनियादी ढांचे को निशाना बनाना बंद होना चाहिए और अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों से आवाजाही और व्यापार को जल्द से जल्द बहाल किया जाना चाहिए।'
यह भी पढ़ें: Flydubai की तरह ब्रिटिश एयरवेज की फ्लाइट में इमरजेंसी कोड 7700 जारी, लंदन से शिकागो जा रहा था विमान