कैलिफोर्निया में हिंदू मंदिर में तोड़फोड़ पर भारत ने दिखाया सख्त रुख; अमेरिकी अधिकारियों से कहा- कड़ी कार्रवाई करो...
भारत ने रविवार को कैलिफोर्निया में हिंदू मंदिर में हुई तोड़फोड़ की निंदा की। विदेश मंत्रालय के आधिकारिक प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने हमले को घृणित करार दिया।
- भारत
- 2 min read

California Hindu temple: भारत ने अमेरिका के कैलिफोर्निया में हिंदू मंदिर पर हमले की घटना को लेकर कड़े शब्दों में आपत्ति जताई है। कैलिफोर्निया के चिनो हिल्स में हिंदू और भारत विरोधी गतिविधि देखी गई, जहां एक मंदिर को निशाना बनाया गया। कुछ अज्ञात लोगों ने मंदिर के अंदर तोड़फोड़ की और दीवारों पर भारत विरोधी नारे लिखे। इस घटना पर भारत ने तल्ख तेवर दिखाए हैं और अधिकारियों को कार्रवाई करने को कहा है।
भारत ने रविवार को संयुक्त राज्य अमेरिका के कैलिफोर्निया में एक हिंदू मंदिर में हुई तोड़फोड़ की निंदा की। विदेश मंत्रालय के आधिकारिक प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने हमले को घृणित करार दिया और वहां के अधिकारियों से जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का अनुरोध किया। विदेश मंत्रालय ने कहा, 'हमने कैलिफोर्निया के चिनो हिल्स में एक हिंदू मंदिर में हुई तोड़फोड़ के बारे में रिपोर्ट देखी है। हम इस तरह के घृणित कृत्यों की कड़े शब्दों में निंदा करते हैं। हम स्थानीय अधिकारियों से इन कृत्यों के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और पूजा स्थलों की पर्याप्त सुरक्षा सुनिश्चित करने का अनुरोध करते हैं।'
खालिस्तानी जनमत संग्रह से पहले मंदिर को निशाना बनाया गया
लॉस एंजिल्स में तथाकथित 'खालिस्तानी जनमत संग्रह' से कुछ दिन पहले कैलिफोर्निया के चिनो हिल्स में हिंदू मंदिर पर हमला हुआ है। श्री स्वामीनारायण मंदिर था, जिस पर हमले की जानकारी बोचासनवासी अक्षर पुरुषोत्तम स्वामीनारायण संस्था (बीएपीएस) ने दी। बीएपीएस ने इस बात पर जोर दिया कि नफरत को कभी जड़ नहीं जमाने देंगे और शांति-करुणा कायम रहेगी।
X पर एक पोस्ट में BAPS पब्लिक अफेयर्स ने लिखा, 'इस बार चिनो हिल्स में एक और मंदिर अपवित्र किए जाने के बाद हिंदू समुदाय नफरत के खिलाफ डटकर खड़ा है। चिनो हिल्स और दक्षिणी कैलिफोर्निया में समुदाय के साथ मिलकर हम कभी भी नफरत को जड़ नहीं जमाने देंगे। हमारी साझा मानवता और आस्था ये सुनिश्चित करेगी कि शांति और करुणा बनी रहे।'